वोट चोरी मामले में सीजेआई सूर्यकांत का कांग्रेस नेताओं से मिलने से इनकार

0
9

नई दिल्ली। भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर विपक्षी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मिलने से इनकार कर दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि इसी तरह के मामले सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं। इसलिए प्रशासनिक स्तर पर आदेश देने के बजाय न्यायिक प्रक्रिया के जरिए मामला उठाना होगा।

राहुल गांधी और कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खरगे ने मुख्य न्यायाधीश को पत्र लिखकर सोमवार को शाम 4 से 5 बजे के बीच मिलने का समय मांगा था। वे ‘वोट चोरी’ रोकने, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को रोकने और बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग वाला ज्ञापन देना चाहते थे।

रिपोर्ट्स के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश ने राहुल गांधी से याचिका दाखिल करने को कहा, जिस पर मंगलवार को विचार किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर सुप्रीम कोर्ट कार्यपालिका के कामकाज में हस्तक्षेप नहीं कर सकता।

विपक्षी दलों ने अपनी मांगों को लेकर सुप्रीम कोर्ट तक मार्च का ऐलान किया है। कांग्रेस ने इसे ‘चलो दिल्ली, लोकतंत्र के लिए मार्च’ नाम दिया है। नेताओं को दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस और बाराखंबा रोड के चौराहे पर जुटना है।