नई दिल्ली। प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत नीम करोली बाबा के जीवन और उनके चमत्कारों पर बनी कहानी ‘हनुमान अंश’ सुपर ब्लॉकबस्टर बन चुकी है। लेखक, निर्देशक और निर्माता डॉ. विशाल चतुर्वेदी की ये फिल्म उनकी ही किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित है।
महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म में मामूली कलाकार हैं, जिन्हें इससे पहले शायद बहुत लोग जानते भी नहीं थे। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर महाराज जी के किस्सों जैसा ही चमत्कार किया है, जिसे देख पब्लिक ही नहीं बल्कि इंडस्ट्री भी दंग है। वहीं इस फिल्म के अलावा ‘मिर्जापुर: द मूवी’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा की ‘द वन’ की कमाई भी अब तक सिनेमाघरों में जारी है।
‘हनुमान अंश’ फिल्म की कहानी एक युवा लड़के लक्ष्मी नारायण के शुरुआती जीवन पर बेस्ड है, जो अपनी मां के निधन के बाद ईश्वर की तलाश में घर से निकल जाता है। ये फिल्म उत्तर भारत में लक्ष्मी नारायण की आध्यात्मिक यात्रा और फिर उनके नीम करोली बाबा के रूप में बदलने की कहानी है।
लक्ष्मी नारायण इस उम्मीद में घर से निकल जाते हैं कि यदि ने भगवान को खोज लेंगे तो वह अपनी मां से दोबारा मिल सकेंगे। इसी तलाश में वे उत्तर भारत के मंदिरों, जंगलों, नदियों और गांवों से होकर गुजरते हैं। वह अनुशासन, मौन और भक्ति का जीवन जीते हैं। सालों की यात्रा और संघर्ष के बाद आखिरकार वे ये समझ जाते हैं कि ईश्वर दुनिया से भागने में नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने में बसते हैं।
अब लक्ष्मी नारायण अपनी पहचान और मोह त्यागकर ‘हनुमान अंश’ यानीबाबा नीम करोली के रूप में जाने जाते हैं। बाबा ने अपना जीवन भूखों को भोजन कराने, बिना किसी भेद-भाव के लोगों को प्यार करने और मानव कल्याण के लिए समर्पित कर दिया। आज दुनिया भर में उन्हें चाहने वाले भारी संख्या में मौजूद हैं और लोग भगवान की तरह उनकी पूजा करते हैं।
इस फिल्म में शोभिनव सत्य नीम करोली बाबा की भूमिका में हैं। उनके अलावा चंदन आनंद, अनिल रस्तोगी, पूर्णिमा तिवारी, सुगंधा मल्होत्रा, भगवानदास पटेल और नेहा परांजपे जैसे कलाकार भी शामिल हैं। इस फिल्म ने कमाई के मामले में खूब झंडे गाड़े हैं। 2 करोड़ की ये फिल्म अब करीब 435 करोड़ के पार जा चुकी है। अब 66वें दिन भी ये फिल्म सिनेमाघरों में चल रही कई फिल्मों को मात दे रही है।

