कोटा कर्मचारी सहकारी समिति की आमसभा 11 को, 251 वरिष्ठ सदस्यों का होगा सम्मान

0
17

कोटा। कोटा कर्मचारी सहकारी समिति (संख्या 108) की वार्षिक साधारण सभा के 106वें अधिवेशन का आयोजन 11 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे यूआईटी ऑडिटोरियम, रंगबाड़ी रोड, बालाजी नगर में होगा। इस दौरान समिति के 251 नियमित वरिष्ठ सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।

समिति की अध्यक्ष डॉ. मीनू बिरला एवं सचिव विमल जैन ने बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओमकृष्ण बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होंगे। सहकारिता मंत्री गौतम दक समारोह की अध्यक्षता करेंगे।

उन्होंने बताया कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेशकृष्ण बिरला, कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता भंडार के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला, महापौर अनुसूईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, श्री हितकारी विद्यालय शिक्षा सहकारी समिति की अध्यक्ष सूरज बिरला तथा महिला नागरिक सहकारी बैंक की अध्यक्ष मंजू बिरला सहित अनेक विशिष्ट अतिथि समारोह की गरिमा बढ़ाएंगे।

विश्वास से बना विशाल वटवृक्ष
सहकार नेता राजेश कृष्ण बिरला ने मीडिया को बताया कि समिति के इतिहास में पूर्व अध्यक्ष स्वर्गीय श्रीकृष्ण बिरला का योगदान विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा है। वर्ष 1960 से 2020 तक संचालक मंडल के सदस्य, सचिव और अध्यक्ष के रूप में उन्होंने समिति के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके कार्यकाल में समिति भवन का निर्माण, बचत खाता एवं स्थायी जमा खाता जैसी बैंकिंग सेवाओं की शुरुआत तथा समिति के कंप्यूटरीकरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य हुए। उनके कार्यकाल में 330 सदस्यों वाली समिति आज 5195 सदस्यों के मजबूत परिवार के रूप में विकसित हुई है।

सदस्यों को 10 प्रतिशत लाभांश देने का प्रस्ताव
सचिव विमल जैन ने बताया कि सम्मान समारोह के बाद साधारण सभा के दूसरे सत्र में समिति के आगामी कार्यों और वित्तीय स्थिति से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मंथन होगा। समिति को वर्ष 2025-26 में समिति को 1.64 करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ हुआ है। निदेशक मंडल ने सदस्यों को भाग हिस्से पर 10 प्रतिशत लाभांश देने का प्रस्ताव रखा है।

समय पर ऋण चुकाने वाले को प्रोत्साहन राशि
इसमें 29 सितंबर 2025 को आयोजित पिछली वार्षिक सभा की कार्यवाही की पुष्टि, वार्षिक प्रतिवेदन का अनुमोदन, वर्ष 2025-26 के वास्तविक लेखा विवरण तथा वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट पर विचार किया जाएगा। साथ ही समय पर ऋण चुकाने वाले सदस्यों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।

227.74 करोड़ की कार्यशील पूंजी
अध्यक्ष मीनू बिरला ने बताया कि मार्च 2026 के अंत तक समिति के सदस्यों की संख्या 5195 हो चुकी है। समिति की कार्यशील पूंजी 227.74 करोड़ रुपये, कोष 10.12 करोड़ रुपये, जमा हिस्सा 7.67 करोड़ रुपये तथा जमा अमानतें 183.69 करोड़ रुपये हैं। वर्ष 2025-26 में 24.15 करोड़ रुपये के ऋण वितरित किए गए, जबकि 31 मार्च 2026 तक बकाया ऋण 55.70 करोड़ रुपये रहा।

युवा सदस्यों को जोड़ने पर जोर
अध्यक्ष डॉ. मीनू बिरला ने समिति की भविष्य की दिशा में युवा सदस्यों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने सेवारत सदस्यों से अपने विभाग के अन्य कर्मचारियों को समिति से जोड़ने का आह्वान किया, ताकि नई पीढ़ी के विचारों, सुझावों और ऊर्जा का लाभ समिति को मिल सके। 106 वर्ष की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए सदस्य सहभागिता को समिति की सबसे बड़ी ताकत माना गया है।

पुस्तिका का विमोचन
इस अवसर पर सहकार नेता नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला,अतिरिक्त रजिस्ट्रार ​बीना बैरवा,अध्यक्ष डाॅ. मीनू बिरला, उपाध्यक्ष रासबिहारी पारीक, सचिव विमल चंद जैन,उप सचिव दिनेश पनवाड़, महिला संचालक हंसा त्यागी, निदेशक सूर्यकान्त शर्मा, कर्ण सिंह हाडा, डाॅ. विनोद पंकज, मुकुट बिहारी, ओमप्रकाश शर्मा, कार्यकारी प्रबंधक रामचरण धूत ने पुस्तिका का विमोचन किया।