Stock Market: गिरावट पर ब्रेक, सेंसेक्स 621 अंकों की बढ़त के साथ 72531 पर

0
8

निवेशकों को शुरुआती कारोबार में करीब 4 लाख करोड़ रुपये का फायदा

नई दिल्ली। Stock Market Update 9:45 AM: शेयर मार्केट की गिरावट पर आज सोमवार को ब्रेक लग गया है। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 435 अंकों की बढ़त के साथ 72341 पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 110 अंकों की तेजी के साथ 22532 पर खुलने में कामयाब रहा।

सेंसेक्स अब 9:45 AM पर 621 अंक ऊपर 72531 पर पहुंच गया है। बजाज फाइनेंस, टीसीएस, आईटीसी, एक्सिस बैंक सेंसेक्स टॉप गेनर हैं जबकि, बीईएल, सन फार्मा, एचसीएल टेक टॉप लूजर। इस तेजी के चलते निवेशकों को शुरुआती कारोबार में करीब 4 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 466 लाख करोड़ से बढ़कर अब 470 लाख करोड़ पर पहुंच गया है। निफ्टी भी 195 अंक ऊपर 22617 पर पहुंच गया है।

बजाज फाइनेंश के शेयर 3.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 980.45 रुपये पर ट्रेड कर रहे हैं। स्टेट बैंक के शेयर भी सेंसेक्स टॉप गेनर में हैं। इनमें 1.35 प्रतिशत की तेजी है। बजाज फिनसर्व भी 1.45 प्रतिशत ऊपर 1755 रुपये पर पहुंच गया है। इटरनल 1.28 प्रतिशत नीचे 309.50 रुपये और सनफार्मा 1.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1786.65 रुपये पर है।

ग्लोबल मार्केट में सेंसेक्स-निफ्टी के लिए संकेत

गिफ्ट निफ्टी: गिफ्टी निफ्टी लगभग 22,580 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद से करीब 50 अंक ऊपर था। यह भारतीय शेयर बाजार के इंडेक्स के सकारात्मक खुलने का संकेत देता है।

एशियन मार्केट: जापान का निक्केई 225 करीब 2% चढ़ा, जिसमें टेक्नोलॉजी स्टॉक्स की बढ़त ने अगुवाई की, जबकि ब्रॉडर टॉपिक्स 0.79% बढ़ा। दूसरी ओर दक्षिण कोरिया का शेयर बाजार आज, 5 अक्टूबर 2026 को नेशनल फाउंडेशन डे के सब्स्टिट्यूट हॉलिडे के चलते बंद है।

अमेरिकी बाजारों का प्रदर्शन: अमेरिकी स्टॉक फ्यूचर्स रविवार शाम को लगभग सपाट रहे, क्योंकि निवेशक ऊंची ट्रेजरी यील्ड को लेकर चिंतित बने हुए थे और फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक के मिनट्स का इंतजार कर रहे थे, ताकि अगले ब्याज दर फैसले के संकेत मिल सकें।

डॉऊ जोन्स: शुक्रवार को डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 250 अंक यानी 0.5% चढ़कर 51,176 पर बंद हुआ। जबकि एसएंडपी 0.7% बढ़कर 7,722 और नैस्डेक कंपोजिट 1.2% चढ़कर 27,190 पर बंद हुआ, सेशन के दौरान यह रिकॉर्ड ऊंचाई को भी छू गया था।