विश्व पर्यटन दिवस पर हेरिटेज वॉक के साथ होटल संचालकों ने पर्यटकों का किया सम्मान

0
5

दशहरा मेले में पर्यटकों को लाने के लिए एक कार्ययोजना बनाई जाएगी: माहेश्वरी

कोटा। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन की ओर से कोटा एवं हाड़ोती में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर कोटा के विभिन्न होटलों में ठहरे बाहर से आए पर्यटकों का होटल संचालकों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत-अभिनंदन किया गया तथा उन्हें हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों से संबंधित सेविनियर भेंट कि गयी ।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर चंबल रिवर फ्रंट के शौर्य घाट पर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संदेश देने के लिए स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।

पर्यटन विभाग कोटा के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव ने बताया कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर गढ़ पैलेस में राजस्थानी लोक कलाकारों द्वारा हाड़ोती के लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। इसके पश्चात गढ़ पैलेस से हेरिटेज वॉक निकाली गई, जिसमें प्रतिभागियों ने पुराने शहर के ऐतिहासिक एवं हेरिटेज मार्गों का अवलोकन किया।

हेरिटेज वॉक के बाद गढ़ पैलेस स्थित संग्रहालय में पर्यटकों, विद्यार्थियों एवं आमजन को कोटा की ऐतिहासिक विरासत, कला, संस्कृति एवं स्थापत्य की विशेषज्ञों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई।

होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने कहा कि विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव एवं पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों के साथ बैठक आयोजित कर आगामी पर्यटन सीजन में हाड़ोती में अधिक से अधिक पर्यटकों को आकर्षित करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

माहेश्वरी ने कहा कोटा का ऐतिहासिक दशहरा मेला हाड़ोती के पर्यटन को नई ऊंचाई देने का महत्वपूर्ण अवसर है। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा दशहरा मेले के दौरान देश-प्रदेश से अधिक से अधिक पर्यटकों को कोटा लाने के लिए एक विशेष एवं विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

हमारा प्रयास रहेगा कि पर्यटक कोटा के दशहरा मेले के साथ-साथ हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करें। उन्होंने बताया कि इसके लिए 3 से 4 दिन का विशेष पर्यटन पैकेज तैयार करने को लेकर ट्रैवल एजेंटों से विचार-विमर्श किया जा रहा है।

साथ ही राजस्थान के सभी संभागों में कोटा में आयोजित होने वाले 20 दिवसीय दशहरा मेले के विभिन्न आयोजनों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा, ताकि प्रदेश के अन्य क्षेत्रों से भी पर्यटकों को कोटा एवं हाड़ोती की ओर आकर्षित किया जा सके।

माहेश्वरी ने कहा कि पर्यटकों को दशहरा मेले के साथ बूंदी, बारां, झालावाड़ एवं कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण करवाने की योजना बनाई जा रही है। इससे हाड़ोती की ऐतिहासिक विरासत, संस्कृति, खान-पान और पर्यटन स्थलों का देशभर में व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।

छह माह में 24 लाख पर्यटकों ने किया हाड़ोती भ्रमण
उन्होंने बताया कि पिछले छह माह में लगभग 24 लाख पर्यटकों ने हाड़ोती का भ्रमण किया है। आने वाले छह माह में इस संख्या में और वृद्धि हो, इसके लिए पर्यटन विभाग एवं होटल फेडरेशन मिलकर संयुक्त रूप से पर्यटन गतिविधियों और प्रचार-प्रसार को गति देंगे। विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व टीम एवं गाइड एसोसिएशन द्वारा मुकुंदरा अभ्यारण दरा क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

अभियान में पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक संदीप श्रीवास्तव एवं उनकी टीम, कोटा विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता महेंद्र सक्सेना एवं उनकी टीम, एलबीएस होटल मैनेजमेंट कॉलेज के प्राचार्य आयुष टहलयानी एवं उनकी टीम, कोटा ओपन यूनिवर्सिटी की डॉ. अनुकृति शर्मा तथा कोटा व्यापार महासंघ के अभिमन्यु भावनानी सहित पर्यटन एवं विभिन्न संस्थाओं से जुड़े लोगों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।