कोटा। लोकसभा अध्य़क्ष ओम बिरला ने कोटा में रविवार को जिले में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि जनता ने नगरीय निकाय चुनावों में विश्वास और भरोसे के साथ जनप्रतिनिधियों को चुनकर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अब सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं का दायित्व है कि वे सेवा, संवेदना और समर्पण के साथ इस विश्वास पर खरे उतरें।
जनप्रतिनिधि की भूमिका केवल नगरपालिका के कार्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी प्रत्येक कठिनाई, दर्द और समस्या में उसका जनप्रतिनिधि उसके साथ खड़ा है।
शहरी क्षेत्रों के साथ अब ग्रामीण क्षेत्र में भी विकास और जनसेवा को और गति देनी है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को घर-घर दस्तक देनी होगी।
बिरला ने कहा कि आधार कार्ड, खाद्य सुरक्षा, पालनहार, पेंशन, किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लक्ष्य है कि कोटा-बूंदी क्षेत्र में जो व्यक्ति जिस योजना का पात्र है, उसे उस योजना का लाभ मिले।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रत्येक परिवार के दस्तावेजों की जांच करें और जहां आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र या अन्य दस्तावेजों में विसंगति है, वहां उसे ठीक करवाने में सहयोग करें।
उन्होंने बूंदी में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी केंद्र प्रारंभ किए जाने की बात भी कही। उन्होंने जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र से जुड़ी विसंगतियों को समय रहते दूर करवाने पर विशेष जोर देते हुए कार्यकर्ताओं से अभियान के दौरान एक भी घर नहीं छोड़ने का आग्रह किया।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनप्रतिनिधि के रूप में हमारा दायित्व है कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनें और उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों तथा अधिकारियों के साथ समन्वय कर प्रभावी प्रयास करें।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की योजना बनाते समय जनसहभागिता और स्थानीय आवश्यकताओं को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए। जनता की भागीदारी से होने वाले विकास कार्य न केवल अधिक उपयोगी होते हैं, बल्कि उनके बेहतर क्रियान्वयन और संरक्षण में भी समाज की सक्रिय भूमिका रहती है।
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि निकाय चुनावों में मिली सफलता हमारे विकास कार्यों पर जनता की मुहर और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है। कार्यकर्ताओं ने निरंतर जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को समझा तथा सेवा के भाव से कार्य किया, जिसका परिणाम जनता के विश्वास के रूप में सामने आया है।
उन्होंने कहा कि यह सफलता जिम्मेदारी को और बढ़ाती है। नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप पूरी निष्ठा और समर्पण से कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि जनसेवा ही हमारा मूल लक्ष्य होना चाहिए। जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ जनता के बीच सक्रिय रहें, उनकी समस्याओं के समाधान में सहभागी बनें और विकास कार्यों को गति दें।
यदि हम सेवा, समर्पण और सामूहिकता के भाव से निरंतर कार्य करते रहेंगे तो भविष्य में भी जनता का विश्वास और सहयोग इसी प्रकार मिलता रहेगा। इस दौरान जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मेघवाल, पालिकाओं के नवनिर्वाचित प्रतिनिधि मौजूद रहे।

