1008 दीपों से हुई महाआरती, शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
कोटा। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विज्ञान नगर जैन मंदिर में दिनभर धार्मिक आयोजनों की धूम रही। सुबह भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा हुई। दोपहर में निकली शोभायात्रा में श्रद्धालुओं ने उत्साह से भाग लिया। महिलाएं पीली साड़ियों और पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा पहने शामिल हुए।
कार्यक्रम में शास्त्री सीताराम अग्रवाल ने कहा कि विषय-वासनाओं से मन को हटाकर आत्मस्वरूप में लगाना ही ब्रह्मचर्य धर्म है। इसके पालन से मोक्ष का मार्ग प्रशस्त होता है। मंदिर समिति के मंत्री पी.के. हरसोरा ने बताया कि भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा महावीर अजमेरा तथा पवन पांडेया ने की।
दोपहर में शोभायात्रा विज्ञान नगर के प्रमुख मार्गों से निकली। तपस्या करने वाले रितेश सेठी, अमित जैन ‘चिकू’ और रिंकू गोधा को बग्घी में बैठाकर सम्मानित किया गया। मार्ग में जगह-जगह भगवान महावीर स्वामी की आरती उतारी गई।
महामंत्री अनिल ठौरा ने बताया कि वासुपूज्य भगवान के मोक्ष कल्याणक दिवस पर मंदिर में निर्माणकांड और पूजन हुआ। मंदिर परिसर 1008 दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इसके बाद 48 दीपों के साथ रिद्धि मंत्र द्वारा भक्तामर पाठ किया गया।
शांतिधारा करने वालों में मनोज, आशीष जैसवाल, राजेंद्र पाटनी, पदम हरसोरा, देवेंद्र गंगवाल, मनोहर लाल जैन, रितेश सेठी, जम्बू जैन, भंवरलाल ठग, पारसमल धनोपिया, अनिल बाकलीवाल, कैलाश जैन आवा, अंकुश सीए, लक्ष्मीनारायण जैन, मूलचंद धनोपया, विपिन जैन, राजमल पाटौदी और मुकेश गोधा शामिल रहे।

