कोटा। ऐतिहासिक एवं धार्मिक आस्था के केंद्र श्री खड़े गणेश जी मंदिर में परंपरागत पंच ध्वजा फहराने के साथ ही रविवार को दो दिवसीय वार्षिक मेले का गाजे-बाजे और भव्य आतिशबाजी के साथ आगाज हो गया। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर को मनमोहक विद्युत रोशनी और अलौकिक फूल बंगले से सजाया गया है।
गणेश चतुर्थी के महापर्व पर भगवान खड़े गणेश जी के दर्शनों के लिए अर्धरात्रि से ही हजारों श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं, जिससे पूरा माहौल गणेश जी के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मेले के शुभारंभ अवसर पर धरणीधर चौराहे से बैंड-बाजे और भक्तिमय जयकारों के साथ जुलूस निकाला गया। जिसमें श्रद्धालु हाथों में पांच परंपरागत धर्म ध्वजाएं लेकर चल रहे थे।
मंदिर परिसर पहुंचकर मुख्य अतिथि कथावाचक रवि गौतम कंदाफल वाले एवं मेला समिति के संयोजक ओम गुंजल, अध्यक्ष रविंद्र चीकारा, उपाध्यक्ष रवि गोचर, महामंत्री भरत राम मीणा, हंसराज नागर, शिवकरण नागर, देवशंकर पहाड़िया, ललित कुमार, राममोहन गोस्वामी, कीर्ति शर्मा, नवीन दिवाकर सहित ने मंदिर के शिखर पर ध्वजा अर्पित की। इसके तुरंत बाद जोरदार आतिशबाजी के साथ दो दिवसीय मेले का उद्घाटन हुआ।
रंग-बिरंगी रोशनी और फूल बंगले से महका मंदिर
गणेश चतुर्थी के विशेष अवसर पर भगवान खड़े गणेश जी का अर्धरात्रि को विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर में स्थापित भव्य फूल बंगला आकर्षण का मुख्य केंद्र बना हुआ है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए आयोजन समिति ने दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाया है। इसके साथ ही भीषण गर्मी व भीड़ को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह पेयजल प्याऊ की व्यवस्था की गई है तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विशेषज्ञ मेडिकल टीम भी तैनात की गई है।
मेले में बढ़ा उत्साह, झूले और फूड जोन बने आकर्षण
ध्वजारोहण के साथ ही मेला परिसर में रौनक परवान चढ़ गई है। मेले में आमजन और बच्चों के मनोरंजन के लिए झूला बाजार, खिलौना बाजार तथा फूड जोन विशेष रूप से बनाए गए हैं। स्टॉलों पर लोग चाट-पकौड़े और खरीदारी का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
सांस्कृतिक संध्या और महाआरती का रहेगा आयोजन
मेला संयोजक ओम गुंजल ने बताया कि सोमवार को प्रातः 5:15 बजे भगवान की भव्य महाआरती होगी, जिसके बाद श्रद्धालु दिनभर दर्शन लाभ ले सकेंगे। मेले के दूसरे दिन 14 सितंबर को सायं 8 बजे से एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल के मुख्य आतिथ्य में होने वाले इस कार्यक्रम में कलाकार राजस्थानी लोक संस्कृति की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। वही सोमवार को भी मेला परवान पर रहेगा।

