स्पीकर बिरला ने किया निशुल्क इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा वितरण का शुभारंभ

0
13

कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ और इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित निशुल्क इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा वितरण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ रविवार को खेडली फाटक स्थित उम्मेद गार्डन में हुआ।

कार्यक्रम के दौरान 1156 इको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के निशुल्क वितरण से पूर्व मुख्य अतिथियों द्वारा विधि-विधान से गणेश पूजन किया गया। महासंघ के अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने बताया कि इस अवसर पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में महासंघ और क्लब के प्रमुख पदाधिकारियों पंकज कुमार गोयल, संदीप चांदीवाला, दिनेश कुमार बंसल, राजाराम जैन कर्मयोगी, अनिल कुमार शर्मा, आर.एल. विजय, योगेश कुमार शर्मा और ज्योति यादव ने भी सहभागिता की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने इस पहल की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि श्री गणपति क्लब और सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ द्वारा की गई यह शुरुआत अत्यंत सराहनीय है। धार्मिक आयोजनों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना एक उत्कृष्ट प्रयास है।

सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महासंघ के मुख्य संयोजक अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल, क्लब के प्रथम अध्यक्ष डॉ. एमएल अग्रवाल और मुख्य संरक्षक डॉ. अरुणा अग्रवाल के नेतृत्व में अभियान की व्यापक तैयारियां की गई हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मिट्टी के गणेश जी की स्थापना से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं सुरक्षित रहेंगी और नदियों-तालाबों को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा।

इको फ्रेंडली श्री गणपति क्लब के अध्यक्ष डॉ. एम.एल. अग्रवाल ने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत कुल 1156 मिट्टी की गणपति प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को निशुल्क वितरित की जाएंगी। इन प्रतिमाओं का वितरण टीलेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में संपन्न होगा। जिसमें 12 सितंबर को शाम 5 बजे 1100 प्रतिमाएं तथा 13 सितंबर को दोपहर 2 बजे आयोजित विशेष समारोह में 56 प्रतिमाएं प्रदान की जाएंगी।

संस्थापक महामंत्री राजा राम जैन कर्म योगी ने बताया क्लब की कार्यशाला में मूर्तिकारों द्वारा इन प्रतिमाओं को अत्यंत भव्य और आकर्षक रूप दिया गया है। घरों में व्यक्तिगत स्थापना हेतु 9 इंच तथा 12 इंच की सुंदर प्रतिमाएं बनाई गई हैं। जबकि विभिन्न सार्वजनिक पंडालों और प्रमुख स्थानों के लिए 4 फीट एवं 6 फीट आकार की विशाल प्रतिमाएं निर्मित की गई हैं। यह सभी मूर्तियां प्राकृतिक मिट्टी से निर्मित हैं और इन्हें स्थानीय मूर्तिकारों द्वारा ही निर्मित करवाया गया है और इन्हें सजाने के लिए केवल जल में घुलनशील इको-फ्रेंडली रंगों का प्रयोग किया गया है।

गणपति महोत्सव को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने के उद्देश्य से महासंघ द्वारा 45 दिवसीय विशाल जन जागरण अभियान भी चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विशेष जन जागृति रथ प्रतिदिन शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे हैं।

इन रथों पर लगे चित्रों, पोस्टरों और लाउडस्पीकर के माध्यम से शहरवासियों से केवल मिट्टी से निर्मित गणपति प्रतिमाएं ही स्थापित करने की अपील की जा रही है। साथ ही, प्लास्टर ऑफ पेरिस (पीओपी) से होने वाले गंभीर जल और पर्यावरण दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि इस गणेश उत्सव पर भक्ति के साथ-साथ प्रकृति रक्षा का संकल्प भी साकार हो सके।