प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाल किले की प्राचीर से राष्ट्र के नाम सन्देश
नई दिल्ली। 80वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराया और देश को संबोधित किया। इस बार लाल किले पर पहली बार ‘वंदे मातरम’ का गायन हुआ। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ और 21 तोपों की सलामी दी गई।
लाल किले पहुंचने से पहले पीएम मोदी ने राजघाट पर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले सभी स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। पीएम ने पूज्य बापू समेत स्वतंत्रता संग्राम के सभी सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश का हर घर तिरंगे से सजा है और हर मन में तिरंगा है। उन्होंने कहा कि भारत उत्साह और उमंग के साथ नए संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।
गरीबों के लिए काम की रफ्तार कई गुना बढ़ी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में पिछले 12 साल के दौरान अलग-अलग क्षेत्रों में हुई प्रगति का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस दौरान डिफेंस प्रोडक्शन चार गुना, खादी और ग्रामोद्योग पांच गुना और इलेक्ट्रिक मैन्युफैक्चरिंग सात गुना बढ़ी है।
पीएम के मुताबिक, रेलवे कोच का निर्माण 21 गुना और मोबाइल फोन का उत्पादन 33 गुना बढ़ा है। इंटरनेट यूजर्स चार गुना हुए हैं, जबकि डिजिटल ट्रांजेक्शन में 100 गुना बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने बताया कि हर साल औसतन 15 गुना ज्यादा तेजी से नल से जल के कनेक्शन दिए गए। गैस कनेक्शन देने की रफ्तार छह गुना बढ़ी। इसी तरह हर साल चार गुनी रफ्तार से टॉयलेट बनाए गए और गरीबों के लिए घर देने का काम तीन गुना ज्यादा तेजी से हुआ।
पीएम मोदी ने कहा कि 12 साल में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि इतने कम समय में भारत दुनिया की सबसे तेज अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। पीएम ने कहा कि अब 140 करोड़ भारतीयों के संकल्प को रोकना मुश्किल है।
विकसित भारत के लिए बड़ा लक्ष्य
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने आजादी के 100 साल पूरे होने तक विकसित भारत बनने का बड़ा सपना देखा है। उन्होंने कहा कि जब दुनिया की सबसे बड़ी आबादी वाला देश विकसित होने का संकल्प लेता है, तो दुनिया का भारत को देखने का नजरिया भी बदलने लगता है।
पीएम मोदी ने कहा कि कोई देश तभी महान बनता है, जब वह अपने सपनों को पूरा करने की दिशा में संकल्प और सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि भारत अब छोटे सपनों से चलने वाला देश नहीं है। बड़े सपने सोच का दायरा बढ़ाते हैं और उन्हें पूरा करने के लिए मजबूत संकल्प जरूरी है।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 2,500 NCC कैडेट और माय भारत वॉलंटियर्स ने ज्ञानपथ पर ‘वंदे मातरम’ की आकृति बनाई। वहीं सुरक्षा के लिए 15 से 20 हजार जवान तैनात किए गए हैं और 1,000 से ज्यादा CCTV कैमरों से निगरानी की जा रही है। समारोह में करीब 5,000 खास मेहमान भी शामिल हो रहे हैं।

