तेहरान। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने को लेकर अमेरिका को चेतावनी दी है। आईआरजीसी ने कहा है कि ईरान-ओमान समझौते से होर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुलने वाला है। इसके लिए अमेरिका को ईरान की सभी शर्तें माननी होगी।
इसे अमेरिका के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, जो पिछले कई दिनों से इस समझौते का इंतजार कर रहा है। अमेरिका इस समझौते के बाद होर्मुज जलडमरूमध्य के खुलने का भी दावा कर रहा है।
ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी तस्नीम की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता सरदार मोहेबी का कहना है कि होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना ईरान की “खास प्रक्रियाओं और शर्तों” पर निर्भर है, और इसका ओमान के साथ चल रही बातचीत से कोई लेना-देना नहीं है। मोहेबी ने बताया, “हमारे लिए, होर्मुज जलडमरूमध्य सिर्फ व्यापार का रास्ता नहीं है, बल्कि यह भौगोलिक और रणनीतिक ताकत का एक हिस्सा है।”
होर्मुज जलडमरूमध्य कब खुलेगा
प्रवक्ता ने आगे कहा कि इस जलमार्ग को खोलना इस बात पर निर्भर करता है कि अमेरिका “ईरान की शर्तों को पूरी तरह माने और क्षेत्रीय बातचीत में दखल देना बंद करे”। उन्होंने कहा, “जब भी अमेरिका ईरान की शर्तों को मान लेगा, होर्मुज जलडमरूमध्य निश्चित रूप से खुल जाएगा।”

