नई दिल्ली। Stock Market Closed कच्चे तेल की कीमत में तेजी और मिलेजुले वैश्विक संकेतों के बीच आज घरेलू शेयर बाजार में गिरावट आई। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 455.59 अंक यानी 0.58% गिरावट के साथ 78,499.17 अंक पर बंद हुआ।
निफ्टी भी 65.35 अंक यानी 0.27% फिसलकर 24,570.65 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 500 अंक से अधिक फिसल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स करीब 100 अंक टूट गया।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। बजाज फाइनेंस में सबसे ज्यादा 5.9 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा बजाज फिनसर्व, आईसीआईसीआई बैंक, ट्रेंट, एक्सिस बैंक, एशियन पेंट्स, टाइटन, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर, टीसीएस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टेक महिंद्रा, बीईएल और इन्फोसिस में उल्लेखनीय तेजी रही।
निफ्टी के शेयरों का हाल
निफ्टी-50 इंडेक्स में बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व और ट्रेंट सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयर रहे। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 0.22 प्रतिशत की बढ़त हुई और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.05 प्रतिशत की गिरावट आई। सेक्टर के हिसाब से देखें तो निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज और निफ्टी प्राइवेट बैंक में सबसे ज्यादा गिरावट आई, जबकि निफ्टी ऑटो और निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा तेजी आई।

