देशभर से आए टूर ऑपरेटरों ने चंबल रिवर फ्रंट को बताया विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल

0
13

कोटा। हाड़ोती को देश के प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन, इंडिया आउट ऑफ़ बॉक्स एवं कलर्स ऑफ़ इंडिया के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित फैमिलियराइजेशन (फैम) टूर के अंतर्गत देशभर से आए 50 से अधिक टूर ऑपरेटरों का गुरुवार को बूंदी के बाद कोटा में भव्य स्वागत किया गया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि 5 से 8 अगस्त तक आयोजित इस फैम टूर के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से आए टूर ऑपरेटरों को हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जा रहा है, ताकि वे अपने-अपने राज्यों में हाड़ोती पर्यटन का व्यापक प्रचार -प्रसार कर सकें।

इससे पूर्व सभी टूर ऑपरेटरों ने बूंदी के ऐतिहासिक एवं प्राकृतिक पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। उन्होंने तारागढ़ दुर्ग, रानीजी की बावड़ी, सुख महल, नवल सागर, जैत सागर, चौरासी खंभों की छतरी सहित अन्य धरोहरों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

बूंदी में जिला प्रशासन एवं होटल फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभिनंदन समारोह में मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव, थे अध्यक्षता नगर परिषद आयुक्त बृजेश कुमार ने की विशिष्ठ अतिथि वन विभाग के DFO अरुण कुमार थे। होटल फेडरेशन की बूंदी, कोटा, इकाइयों के पदाधिकारियों ने टूर ऑपरेटरों का दुपट्टा, माल्यार्पण एवं ढोल-नगाड़ों के साथ पारंपरिक स्वागत किया।

इस अवसर पर जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने कहा कि हाड़ोती आज देश का उभरता हुआ पर्यटन गंतव्य बन रहा है। यहाँ जल, जंगल, वन्यजीव, ऐतिहासिक धरोहर एवं धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएँ हैं।

कोटा हाड़ोती ट्रैवल मार्ट के बाद हाडोती में पर्यटकों की आवाजाही लगातार बढ़ रही है। टूर ऑपरेटर द्वारा यहां के पर्यटक स्थलों के लिए सुझाव आ रहे हैं। जिला प्रशासन पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों से प्राप्त सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुविधाओं का निरंतर विकास कर रहा है।

नगर परिषद आयुक्त बृजेश कुमार ने कहा कि बूंदी को स्वच्छ, सुंदर एवं अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ-साथ पर्यटन के अनुकूल विकसित करने के लिए जिला प्रशासन, पर्यटन विभाग एवं वन विभाग मिलकर लगातार कार्य कर रहे हैं।

इसके पश्चात सभी टूर ऑपरेटर कोटा पहुँचे, जहाँ चंबल रिवर फ्रंट पर उनका स्वागत किया गया। टूर ऑपरेटरों ने लगभग चार घंटे तक विश्वविख्यात चंबल रिवर फ्रंट का भ्रमण किया और इसकी भव्यता, स्थापत्य एवं आकर्षण की खुलकर प्रशंसा की।

अनेक टूर ऑपरेटरों ने इसे विश्व का अद्भुत एवं ऐतिहासिक रिवर फ्रंट बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने पर्यटन जीवन में ऐसा आकर्षक रिवर फ्रंट पहले कभी नहीं देखा।

माहेश्वरी ने बताया कि कोटा-हाड़ोती ट्रेवल मार्ट के सफल आयोजन के बाद क्षेत्र में पर्यटकों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जो यहाँ की प्राकृतिक एवं ऐतिहासिक धरोहरों की भरपूर सराहना कर रहे है।

उन्होंने बताया कि इस फैम टूर में दिल्ली, मुंबई, पुणे, वडोदरा, ठाणे, कल्याण, गोरखपुर, लखनऊ, आगरा, इंदौर, जोधपुर, उदयपुर, राजकोट, सिलीगुड़ी, बिलासपुर, जबलपुर, करनाल, गुवाहाटी, केरल सहित देश के विभिन्न शहरों से 50 से अधिक प्रमुख टूर ऑपरेटर भाग ले रहे हैं।

फैम टूर के दौरान आयोजित बी-टू-बी बैठकों में हाड़ोती की पर्यटन संभावनाओं, होटल उद्योग, स्थानीय पर्यटन सुविधाओं तथा भविष्य की पर्यटन योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

टूर ऑपरेटरों ने पर्यटन स्थलों के विकास एवं पर्यटक सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा सकारात्मक पहल की जाएगी।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा मेवाड़- हाड़ोती की सात दिवसीय पर्यटन सर्किट तैयार किया गया है, जिसमें उदयपुर, नाथद्वारा, श्री सांवलिया सेठ, चित्तौड़गढ़, बूंदी एवं कोटा को शामिल किया गया है।

साथ ही हाड़ोती को आगरा, भरतपुर, रणथंभौर एवं जोधपुर पर्यटन सर्किट से जोड़ने तथा जयपुर संभाग के साथ अलग पर्यटन आइटिनरी विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन भविष्य में भी ऐसे फैम टूर नियमित रूप से आयोजित करता रहेगा, जिससे हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का राष्ट्रीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार हो तथा क्षेत्र में पर्यटन एवं होटल उद्योग को नई गति मिल सके।