वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जागरूकता कार्यक्रम कोटा में 9 अगस्त को, दायित्वों का किया वितरण

0
15

कोटा। लघु उद्योग भारती कोटा द्वारा 9 अगस्त को आयोजित होने वाले वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पुरुषार्थ भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल, सुव्यवस्थित एवं व्यापक जनसहभागिता वाला बनाने के लिए तैयारियों की समीक्षा करते हुए विभिन्न दायित्वों का वितरण किया गया।

राष्ट्रीय कर सलाहकार एवं लघु उद्योग भारती के गोविंदराम मित्तल ने कहा कि यह गौरव का विषय है कि 18 से 20 दिसंबर तक मुंबई में वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का आयोजन होने जा रहा है। इस वैश्विक सम्मेलन का उद्देश्य विश्वभर के हिंदू समाज को सामाजिक, सांस्कृतिक, आर्थिक, शैक्षिक एवं वैचारिक स्तर पर एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसी क्रम में कोटा में आयोजित जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम के माध्यम से अधिकाधिक लोगों को इस आयोजन के उद्देश्य, स्वरूप और महत्त्व से अवगत कराया जाएगा।

पूर्व राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य ताराचंद गोयल ने बताया कि बैठक के दौरान कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रचार-प्रसार, आमंत्रण, व्यवस्थाओं और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कार्ययोजना तैयार की गई।

प्रांतीय उपाध्यक्ष यशपाल भाटिया व सहसंयोजक अचल पोद्दार ने बताया कि 9 अगस्त को दोपहर 3 बजे इंद्रप्रस्थ इंडस्ट्रियल एरिया स्थित पुरुषार्थ भवन में आयोजित जागरूकता एवं सहभागिता कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त महामंत्री स्वामी विज्ञानानंद मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे। वे मुंबई में आयोजित होने वाली वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस की अवधारणा, उद्देश्य एवं स्वरूप पर विस्तृत मार्गदर्शन देंगे।

कोटा ईकाई के अध्यक्ष अंकुर गुप्ता ने बताया कि बैठक में पूर्व अध्यक्ष मनोज राठी, सचिव संदीप जांगिड़, कोषाध्यक्ष संदीप बाकलीवाल, कपिल बाहेती, आशुतोष जैन, नरेंद्र हेड़ा, देवेंद्र कुमार सक्सेना सहित संघ परिवार के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।