Stock Market: सेंसेक्स 274 अंक उछलकर 77928 पर बंद और निफ्टी 24300 के पार

0
5

नई दिल्ली। Stock Market Closed: अमेरिका के सेंट्रल बैंक फेडरल रिजर्व ने ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। इससे आज घरेलू शेयर बाजार अधिकांश समय फ्लैट रहा लेकिन अंतिम क्षणों में इसमें तेजी आई। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 300 अंक से ज्यादा उछल गया और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 24,350 के करीब पहुंच गया।

अंत में सेंसेक्स 273.55 अंक यानी 0.35% की तेजी के साथ 77,928.15 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी ने 66.95 अंक यानी 0.28% ऊपर 24,317.15 पर दिन का समापन किया। लगातार दूसरे दिन शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। महिंद्रा एंड महिंद्रा में सबसे ज्यादा 2.01 फीसदी तेजी रही। इसके अलावा मारुति, रिलायंस, पावरग्रिड, टेक महिंद्रा, पावरग्रिड और टेक महिंद्रा में भी उल्लेखीय तेजी रही। दूसरी ओर, अडानी पोर्ट्स, इंडिगो, बजाज फिनसर्व, बीईएल, एक्सिस बैंक, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एशियन पेंट्स में गिरावट रही।

बड़े शेयरों में हल्की खरीदारी के बावजूद व्यापक बाजार में दबाव बना रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.35 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.56 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुए। इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों ने मिड और स्मॉलकैप शेयरों में मुनाफावसूली को प्राथमिकता दी।

रियल्टी और केमिकल सेक्टर पर दबाव
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी रियल्टी इंडेक्स करीब 2 फीसदी की गिरावट के साथ सबसे कमजोर सेक्टर रहा। इसके अलावा निफ्टी केमिकल इंडेक्स में भी कमजोरी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर निफ्टी ऑटो, निफ्टी ऑयल एंड गैस और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर ने बेहतर प्रदर्शन किया और बाजार को सहारा देने में अहम भूमिका निभाई।