657Km की रेंज के साथ Mercedes-Benz GLA का इलेक्ट्रिक अवतार अनवील

0
4

नई दिल्ली। Mercedes-Benz ने अपनी पॉप्युलर GLA SUV के थर्ड जनरेशन को अनवील किया है। इस बार सबसे बड़ा बदलाव यह है कि कंपनी ने पहली बार GLA का ऑल-इलेक्ट्रिक (EV) वर्जन भी पेश किया है।

नई GLA को MMA प्लेटफॉर्म पर तैयार किया गया है। इसे ग्लोबल मार्केट में GLA 250, GLA 250+ और GLA 350 ट्रिम्स में पेश किया गया है। इसमें 657 किलोमीटर तक की क्लेम्ड रेंज, नई डिजाइन और हाई-टेक केबिन जैसे कई बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं। वहीं, 48-वोल्ट माइल्ड-हाइब्रिड ICE वर्जन को 2027 में लॉन्च किया जाएगा। आइए डीटेल में जानते हैं इसके फीचर्स के बारे में।

दमदार बैटरी और 657Km तक की रेंज
नई GLA EV तीन वेरिएंट्स में उपलब्ध है। बेस GLA 250 में 58kWh LFP बैटरी पैक मिलता है, जिसकी WLTP के अनुसार 447 किलोमीटर तक की रेंज है। वहीं, GLA 250+ और GLA 350 में बड़ा 85kWh NMC बैटरी पैक दिया गया है, जो 657 किलोमीटर तक की रेंज दे सकता है।

कंपनी 2027 की शुरुआत में 71kWh NMC बैटरी ऑप्शन भी लॉन्च करेगी। GLA 250 और 250+ में रियर एक्सल पर लगा सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलता है। GLA 250 में आपको 224hp और 335Nm का टॉर्क मिलेगा। वहीं, 250+ में 272hp और 335Nm का आउटपुट ऑफर किया जा रहा है।

टॉप वेरिएंट GLA 350 में ड्यूल-मोटर AWD सिस्टम मिलता है, जो 354hp और 515Nm की पावर जेनरेट करता है। यह SUV 0-100 kmph की रफ्तार केवल 5.4 सेकंड में पकड़ लेती है। इसकी टॉप स्पीड 210 kmph है।

चार्जिंग की बात करें, तो 800-वोल्ट आर्किटेक्चर औप 320kW DC फास्ट चार्जर से इसे केवल 10 मिनट में लगभग 270 किलोमीटर तक चलाने लायक चार्ज किया जा सकता है। वहीं, AC चार्जिंग की कैपेसिटी 22kW तक है।

2027 में आएगा पेट्रोल-माइल्ड हाइब्रिड मॉडल
नई GLA का पेट्रोल वर्जन 2027 में इंटरनेशनल मार्केट में लॉन्च होगा। इसमें मर्सिडीज-बेंज का नया 1.5-लीटर चार-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल ‘M252’ इंजन मिलेगा, जिसे 48-वोल्ट माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम के साथ पेयर किया जाएगा। यह इंजन नए 8-स्पीड ड्यूल-क्लच (8F-eDCT) गियरबॉक्स के साथ आएगा और इसमें फ्रंट-व्हील ड्राइव के साथ ऑल-व्हील ड्राइव का विकल्प भी मिलेगा। कंपनी ने अभी इसकी पावर और टॉर्क का खुलासा नहीं किया है।

पहले से ज्यादा बोल्ड और प्रीमियम डिजाइन
थर्ड जनरेशन GLA का डिजाइन मर्सिडीज-बेंज की नई एसयूवी डिजाइन लैंग्वेज पर बेस्ड है। EV और ICE मॉडल के फ्रंट ग्रिल का डिजाइन अलग-अलग रखा गया है। इलेक्ट्रिक मॉडल में LED स्ट्रिप्स वाला क्लोज्ड ग्रिल मिलता है, जबकि पेट्रोल वर्जन में क्रोम ट्राइस्टार पैटर्न दिया गया है। दोनों मॉडल में इल्यूमिनेटेड ग्रिल सराउंड और नए ट्राइस्टार-शेप LED DRLs दिए गए हैं।

साइड प्रोफाइल में 18 से 20 इंच तक के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील, ग्लॉस ब्लैक व्हील आर्च क्लैडिंग और ब्लैक बॉडी क्लैडिंग SUV को दमदार लुक देते हैं। रियर में C-शेप LED टेललाइट्स, फुल-विड्थ LED लाइट बार और नया ग्लॉस ब्लैक बंपर मिलता है। नई GLA अपने पिछले मॉडल के मुकाबले 153mm लंबी, 39mm चौड़ी और 61mm लंबे व्हीलबेस के साथ आती है। बूट स्पेस में 70 लीटर की बढ़ोतरी हुई है, जबकि EV मॉडल में अतिरिक्त 107 लीटर का फ्रंक (फ्रंट स्टोरेज) भी मिलता है।

ट्रिपल स्क्रीन वाला हाई-टेक केबिन
नई GLA का इंटीरियर पूरी तरह टेक्नोलॉजी पर बेस्ड है। इसमें MBUX Superscreen का ऑप्शन मिलता है, जिसमें 10.25-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 14-इंच इन्फोटेनमेंट स्क्रीन और 14-इंच पैसेंजर डिस्प्ले शामिल हैं। हालांकि, यह ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप ऑप्शनल है। स्टैंडर्ड मॉडल में पैसेंजर साइड पर ग्लास पैनल के साथ इल्यूमिनेटेड स्टार पैटर्न दिया गया है। SUV में नया थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है, जिसमें फिजिकल कंट्रोल बटन मौजूद हैं। ]

एयर कंडीशनिंग समेत अधिकतर फंक्शन टचस्क्रीन से ऑपरेट होते हैं। केबिन में ब्लैक थीम के साथ सिल्वर एक्सेंट्स दिए गए हैं और वेरिएंट के अनुसार फैब्रिक या लेदरेट सीट्स का ऑप्शन मिलता है। इसमें 16-स्पीकर Burmester 3D साउंड सिस्टम, पैनोरमिक सनरूफ, 64-कलर एम्बिएंट लाइटिंग, 360-डिग्री कैमरा (ट्रांसपेरेंट बोनट फंक्शन के साथ), ऑटोमैटिक पार्किंग असिस्ट और कई एडवांस्ड सेफ्टी टेक्नोलॉजी मिलती हैं।

भारत में फिलहाल मर्सिडीज-बेंज सेकेंड जनरेशन फेसलिफ्टेड GLA को केवल पेट्रोल और डीजल (ICE) पावरट्रेन के साथ ₹51.80 लाख (एक्स-शोरूम) की शुरुआती कीमत पर सेल रही है। नई थर्ड जनरेशन GLA, खासकर इसका इलेक्ट्रिक वर्जन, भारत आने पर इससे काफी ज्यादा कीमत पर लॉन्च होने की उम्मीद है।