5 दिन की गिरावट के बाद निवेशकों को लगी ₹5 लाख करोड़ की लॉटरी
नई दिल्ली। Stock Market Closed: भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को शानदार रिकवरी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के संकेतों और कच्चे तेल की कीमतों में तेज गिरावट से निवेशकों का भरोसा लौटा, जिसका असर बाजार पर साफ दिखाई दिया। सेंसेक्स 776 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ, जबकि निफ्टी भी 24,000 के अहम स्तर के करीब पहुंच गया।
हफ्ते के पहले दिन कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 800 अंक से अधिक उछला जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स 24,000 अंक के ऊपर पहुंच गया। सेंसेक्स 776.01 अंक यानी 1.02% तेजी के साथ 76,835.78 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह निफ्टी भी 228.50 अंक यानी 0.96% की तेजी के साथ 23,995.95 अंक पर पहुंच गया।
इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 5 लाख करोड़ रुपये उछलकर 480 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। इटरनल में सबसे ज्यादा 5.63 फीसदी तेजी रही जबकि इंडिगो का शेयर 4.77 फीसदी उछलकर बंद हुआ।
बाजार में खरीदारी का रुख व्यापक रहा और निवेशकों ने लगभग सभी प्रमुख सेक्टरों में हिस्सेदारी बढ़ाई। निफ्टी 50 में Eternal, InterGlobe Aviation और Infosys सबसे बड़े गेनर रहे। इन शेयरों में मजबूत खरीदारी ने प्रमुख सूचकांकों को ऊपर ले जाने में अहम भूमिका निभाई।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी शानदार खरीदारी
बड़े शेयरों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी मजबूती देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 1.11 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 1.31 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। इससे संकेत मिलता है कि निवेशकों का भरोसा सिर्फ लार्जकैप तक सीमित नहीं रहा।
आईटी सेक्टर ने किया बेहतर प्रदर्शन
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी, निफ्टी मीडिया और निफ्टी रियल्टी सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर रहे। वहीं, निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स अन्य सेक्टरों की तुलना में कमजोर रहा। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी, निफ्टी फार्मा और निफ्टी मेटल इंडेक्स ने लगातार तीन दिनों की गिरावट का सिलसिला भी तोड़ दिया।

