NCDEX पर ग्वार कोरमा का वायदा कारोबार 24 जुलाई से होगा शुरू

0
5

मुम्बई। विभिन्न जिंसों में वायदा कारोबार का संचालन करने वाले एक अग्रणी एक्सचेंज- नेशनल कमॉडिटी एंड डेरिवेटिव्स एक्सचेंज (एनसीडीईएक्स) के प्लेटफार्म पर 24 जुलाई से ग्वार कोरमा में वायदा अनुबंध आरंभ करने का निर्णय लिया गया है जिससे निर्यातकों प्रोसेसर्स तथा पशु आहार निर्माताओं को इस उत्पाद की रेग्युलेटेड हेजिंग करने का बेहतर अवसर मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि भारत दुनिया में ग्वार का सबसे बड़ा उत्पादक तथा ग्वार गम एवं ग्वार कोरमा का सबसे प्रमुख निर्यातक देश है। वैश्विक उत्पादन एवं निर्यात में भारत का योगदान 80 प्रतिशत के आसपास रहता है।

ग्वार कोरमा वस्तुतः ग्वार सीड की प्रोसेसिंग के दौरान उसके जर्म पार्ट से हासिल होने वाला उत्पाद है और यूरोप के डेयरी उद्योग में इसकी भारी मांग रहती है। ग्वार सीड (क्लस्टर बीन्स) की खेती भारत के राजस्थान, हरियाणा एवं गुजरात जैसे प्रांतों में होती है।

एक्सचेंज के एक बयान में कहा गया है कि ग्वार कोरमा के वायदा में अनुबंध सितम्बर 2026 से जनवरी 2027 तक के लिए उपलब्ध रहेगा। उसके बाद एक्सचेंज के लांच कैलेंडर के अनुरूप अनुबंधों की समय सीमा बढ़ाई जाएगी। ये अनुबंध जोधपुर (राजस्थान) के एक्स वेयर हाउस से जुड़े हुए होंगे और इसमें कारोबार की सीमा 5 टन की होगी। एक्सपायरी डेट पर माल की डिलीवरी देना अनिवार्य होगा।

एक्सचेंज में ग्वार एवं ग्वार गम में वायदा कारोबार पहले से ही जारी है और उसी की तर्ज पर अब ग्वार कोरमा में अनुबंधो की लांचिंग का प्लान बनाया गया है। ग्वार कोरमा में प्रोटीन का अंश ऊंचा होता है इसलिए पशु आहार निर्माण उद्योग में इसकी भारी मांग रहती है।