चार दिन में चांदी 15 हजार रुपए सस्ती; सोना 1.43 लाख के नीचे, जानिए आज के भाव

0
13

नई दिल्ली। सोने और चांदी की कीमत में गुरुवार को लगातार चौथे दिन गिरावट आई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को कहा था कि ईरान के साथ अंतरिम समझौता खत्म हो गया है। इससे पश्चिम एशिया में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है।

इससे महंगाई और ब्याज दरों को लेकर निवेशकों की चिंताएं फिर से बढ़ गई हैं। इसका असर सोने-चांदी की कीमत पर देखने को मिल रहा है। एमसीएक्स में आज लगातार चौथे दिन सोने और चांदी में कारोबार की शुरुआत गिरावट के साथ हुई।

एमसीएक्स पर सितंबर 2026 डिलीवरी के लिए चांदी वायदा 2,000 रुपये यानी करीब 1% गिरकर 2,21,502 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया। इसी तरह अगस्त 2026 डिलीवरी के लिए सोना वायदा भी 610 रुपये गिरकर 1,43,101 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।

पिछले चार दिन में चांदी की कीमत में करीब 15,000 रुपये की गिरावट आई है। सर्राफा बाजार में आज चांदी 10,000 रुपये की गिरावट के साथ 2,35,000 रुपये पर ट्रेड कर रही है।

सर्राफा बाजार का हाल
हालांकि सोने की सर्राफा कीमत में मामूली तेजी दिख रही है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 110 रुपये की तेजी के साथ 1,43,240 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट वाला सोना 100 रुपये ऊपर 1,31,300 रुपये पर पहुंच गया। 18 कैरेट वाला सोना भी 80 रुपये ऊपर 1,07,430 रुपये पर है।