नई दिल्ली। Chana Weekly Report: चालू सप्ताह के दौरान चना बाजार में नरमी का रुख बना रहा। बढ़ी हुई बिकवाली और चना दाल एवं बेसन की कमजोर मांग के कारण दाल मिलों की खरीदारी लगभग ठप रही, जिससे चना की कीमतों पर लगातार दबाव देखने को मिला।
पिछले सप्ताह आई तेजी के बाद खरीदार ऊंचे भावों पर खरीदारी से बचते रहे, जबकि स्टॉकिस्टों की सक्रियता भी सीमित बनी रही। मांग में अपेक्षित सुधार नहीं होने से प्रमुख मंडियों में चना के भाव कमजोर बने रहे। हालांकि सप्ताहांत में कुछ पूछताछ बढ़ने से बाजार में हल्का सुधार देखने को मिला, जिससे गिरावट की रफ्तार थमी।
उत्पादक राज्यों की मंडियों में चना की आवक सामान्य से कम बनी हुई है, जिसके कारण बाजार में बड़ी गिरावट की संभावना फिलहाल सीमित नजर आ रही है। कम आवक निचले स्तरों पर कीमतों को समर्थन प्रदान कर रही है और बाजार में संतुलन बनाए हुए है।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून की शुरुआत के बाद चना दाल और बेसन की मांग में धीरे-धीरे सुधार आ सकता है। यदि उपभोक्ता मांग बढ़ती है तो चना की कीमतों को अतिरिक्त समर्थन मिलने की संभावना रहेगी।
ऐसे में निकट अवधि में बाजार दबाव में रह सकता है, लेकिन मध्यम अवधि में चना बाजार की धारणा मजबूत बनी रहने के संकेत मिल रहे हैं। कमजोर मांग के चलते चालू सप्ताह में दिल्ली चना के भाव 75 रुपये प्रति क्विटल घट गए।
सप्ताहांत में मध्य प्रदेश लाइन चना के भाव 5,875 से 5,900 रुपये प्रति क्विटल तथा राजस्थान लाइन चना के भाव 5,950 से 5,960 रुपये प्रति क्विटल रह गए ।
आयातकों की बिकवाली का दबाव बढ़ने व लिवाली सुस्त बनी रहने से इस सप्ताह आयातित चना में 50 रुपए प्रति क्विटल की गिरावट दर्ज की गयी और इस गिरावट के साथ भाव मुंबई तंज़ानिया 5850 रुपए नवाशेवा ऑस्ट्रेलिया 6050 रुपए व मूंदड़ा 5925 रुपए प्रति क्विटल रह गयी।
दाल मिलर्स की लिवाली कमजोर पड़ने से इस सप्ताह राजस्थान चना की कीमतों में 100 से 200 रुपए प्रति क्विंटल का मंदा दर्ज किया गया और इस मंदे के साथ भाव सप्ताहांत में जोधपुर 4800 से 5550 रुपए जयपुर 5900 रुपए बीकानेर 5300 से 5500 रुपए किशनगढ़ 5400 से 5500 रुपए व कोटा 5200 से 5500 रुपए प्रति क्विंटल रह गयी।
स्टाकिस्टों की बिकवाली बढ़ने व दाल मिलर्स की मांग बढ़ने से चालू सप्ताह के दौरान महाराष्ट्र चना की कीमतों में 100 से 200 रुपए प्रति क्विटल की गिरावट दर्ज की गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहांत में सोलापुर 5400 से 6200 रुपए लातूर 5850 से 6000 रुपए अकोला 6075 रुपए नागपुर 6050 से 6075 रुपए व अहमदनगर 5500 से 5700 रुपए प्रति क्विटल रह गयी।
ग्राहकी शांत बनी रहने से इस सप्ताह मध्य प्रदेश चना की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विंटल की गिरावट देखी गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहांत में अशोकनगर 5700 से 5850 रुपए गंजबासोदा 5400 से 5700 रुपए सागर 5500 से 5700 रुपए कटनी 5900 से 5950 रुपए व इंदौर 6000 से 6100 रुपए प्रति क्विटल रह गयी।
चौतरफा गिरावट के असर व लिवाली कमजोर पड़ने से चालू सप्ताह के दौरान कानपुर चना की कीमतों में 50 रुपए प्रति क्विटल की गिरावट देखी गयी और इस गिरावट के साथ भाव सप्ताहंत में 5950 रुपए प्रति क्विटल रह गए। इसी प्रकार रायपुर चना भी इस साप्ताह 100 रुपए प्रति क्विटल की मंदी के साथ सप्ताहंत में भाव 6000 से 6100 रुपए प्रति क्विंटल रह गए।
चना दाल: ग्राहकी का अभाव बना रहने से चालू सप्ताह के दौरान चना दाल की कीमतों में 25 से 50 रुपए क्विटल का नरमी दर्ज की गयी और इस नरमी के साथ भाव सप्ताहांत में दिल्ली 6900 से 7200 रुपए भाटापरा 7100 से 7200 रुपए कटनी 7200 रुपए, गुलबर्गा 7100 से 7300 रुपए जलगांव 7150 से 7950 रुपए जयपुर 6700 रुपए व कानपुर 6700 से 6800 रुपए प्रति क्विटल रह गयी।

