Stock Market: सेंसेक्स 395 अंक उछल कर 73900 के पार, निफ्टी 23242 पर बंद

0
6

नई दिल्ली। Stock Market Closed : मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में तेजी देखने को मिली है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स 394 अंक या फिर 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73918.76 अंक पर बंद हुआ है। वहीं, निफ्टी आज सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन को 0.52 प्रतिशत या फिर 119.10 अंक की तेजी के साथ 23242.10 अंक पर बंद हुआ है।

सेंसेक्स की 30 में 18 कंपनियों के शेयरों की कीमतों में आज तेजी दर्ज की गई है। इंडिगो का शेयर 4 प्रतिशत, एसबीआई का स्टॉक 2.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ है। आईसीआईसीआई बैंक, एक्सिस बैंक, बजाज फाइनेंस के शेयरों का दाम आज बढ़ा हुआ है।

सत्र के दौरान पीएसयू बैंकों के शेयरों में खरीदारी देखने को मिली। एसबीआई और आयशर जैसी कंपनियों के शेयरों के भाव करीब दो फीसदी तक मजबूत हुए हैं। विदेशी निवेशकों (एफआईआई) की बिकवाली के बीच घरेलू निवेशकों (डीआईआई) ने करीब चार लाख करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। डॉलर के मुकाबले रुपया 25 पैसे बढ़कर 95.36 (अस्थायी) पर बंद हुआ। बाजार में उतार-चढ़ाव को मापने वाला वोलैटिलिटी इंडेक्स यानी वीआईएक्स मंगलवार को करीब 9% गिरकर 15.56 पर पहुंच गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 511 अंकों की उछाल के साथ 74035 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई के 50 शेयरों वाले सूचकांक निफ्टी ने शतक के साथ मंगलवार के कारोबार की शुरुआत की। निफ्टी 136 अंक ऊपर 23259 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा।