नई दिल्ली। सुजुकी ने कॉम्पैक्ट SUV फ्रॉन्क्स का नया ‘स्पोर्ट’ वेरिएंट – Fronx Sport लॉन्च कर दिया है। इसकी एंट्री मलेशिया में हुई है। यह नया मॉडल स्टैंडर्ड फ्रॉन्क्स के मुकाबले दिखने में ज्यादा स्पोर्टी है। मलेशिया में बेस फ्रॉन्क्स की कीमत MYR 1,18,888 (करीब 27.89 लाख रुपये) है। वहीं, नई फ्रॉन्क्स स्पोर्ट की कीमत MYR 1,30,888 (करीब 30.70 लाख रुपये) है।
मलेशिया में फ्रॉन्क्स को प्रीमियम कीमत पर सेल किया जाता है क्योंकि इसे इंडोनेशिया से CBU यूनिट के तौर पर इंपोर्ट किया जाता है। नई फ्रॉन्क्स स्पोर्ट दो कलर ऑप्शन में उपलब्ध है, जिनमें मोनोटोन कूल ब्लैक और ड्यूल-टोन पर्ल स्नो व्हाइट विद कूल ब्लैक शामिल हैं।
17-इंच अलॉय वील्स का ऑप्शन
नई सुजुकी फ्रॉन्क्स स्पोर्ट खासतौर से युवाओं को ध्यान में रखकर तैयार की गई है और इसमें एक खास बॉडी किट दी गई है। फ्रंट प्रोफाइल की बात करें तो इसमें ब्लैक-आउट ग्रिल और ब्लैक फिनिश वाला सुजुकी लोगो दिया गया है। इसके अलावा फ्रंट बंपर पर नया लोअर लिप एक्सटेंशन जोड़ा गया है, जिससे SUV का लुक पहले से ज्यादा अग्रेसिव और स्पोर्टी नजर आता है। साइड प्रोफाइल को भी खास तरीके से अपडेट किया गया है।
इसमें नए साइड स्कर्ट्स और बड़े आकार के ‘Fronx Sport’ डेकल्स दिए गए हैं, जो इसे अलग पहचान देते हैं। ग्राहक चाहें तो बड़े 17-इंच अलॉय वील्स का ऑप्शन भी चुन सकते हैं। ये वील्स 215/50R17 साइज के Continental UltraContact UC7 टायर्स के साथ आते हैं। रियर प्रोफाइल में भी कई बदलाव किए गए हैं। यहां नया रियर डिफ्यूजर और टेलगेट पर लगाया गया स्पॉइलर SUV के स्पोर्टी कैरेक्टर को और बेहतरनी बनाता है।
इंटीरियर और सेफ्टी
इंटीरियर में सबसे बड़ा बदलाव फ्रंट और रियर 4K डैशकैम के रूप में देखने को मिलता है। इसके अलावा ज्यादातर फीचर्स बेस वेरिएंट जैसे ही रखे गए हैं। SUV में लेदर-रैप्ड थ्री-स्पोक स्टीयरिंग वील, शिफ्ट पैडल्स, वायरलेस फोन चार्जिंग, ऐपल कारप्ले और ऐंड्रॉयड सपोर्ट साथ ही टिल्ट और टेलीस्कोपिक स्टीयरिंग एडजस्टमेंट जैसे फीचर्स मिलते हैं। सेफ्टी के मामले में भी फ्रॉन्क्स स्पोर्ट काफी एडवांस है।
इसमें ब्लाइंड स्पॉट मॉनिटर, अडैप्टिव क्रूज़ कंट्रोल, लेन चेंज असिस्ट और रियर क्रॉस ट्रैफिक अलर्ट जैसे ADAS फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा लेन डिपार्चर वार्निंग, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर प्रिवेंशन और व्हीकल स्वे वार्निंग भी मिलती है। स्टैंडर्ड सुरक्षा फीचर्स में 6 एयरबैग्स, हिल होल्ड असिस्ट, हाई बीम असिस्ट, ABS के साथ EBD, ब्रेक असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और ISOFIX चाइल्ड सीट एंकर्स शामिल हैं।
4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन
मलेशिया में सुजुकी फ्रॉन्क्स केवल K15C 1.5-लीटर, 4-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ उपलब्ध है। इंटीग्रेटेड स्टार्टर जनरेटर से लैस यह इंजन 103 PS की पावर और 138 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 6-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से पेयर किया गया है। यह एक माइल्ड-हाइब्रिड सिस्टम है, जिसमें इलेक्ट्रिक मोटर इंजन स्टार्ट-स्टॉप, एक्सेलेरेशन और बेहतर फ्यूल एफिशिएंसी में मदद करती है। वहीं भारत में मारुति फ्रॉन्क्स 1.2-लीटर पेट्रोल और 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ उपलब्ध है।

