होटल फेडरेशन करेगी मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व सफारी का राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार

0
1

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रविवार को मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व अभ्यारण्य का भ्रमण कर वन्यजीवों एवं प्राकृतिक धरोहर का अवलोकन किया।

होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि भ्रमण के दौरान विभाग वन विभाग से रिटायर्ड दौलत सिंह शक्तावत, फेडरेशन के सदस्य अंकुर गुप्ता, अनिल मूंदड़ा, कोशल बंसल, राजीव गुप्ता, तरुण चतुर्वेदी, सचिन माहेश्वरी, पवन मुंन्दडा, गणपत लाल शर्मा, कपिल सिद्धार्थ एवं ऋषभ भार्गव ने जंगल सफारी का आनंद लिया तथा बाघ के एक घन्टे तक रोमांचक दीदार कर प्रकृति के अद्भुत सौंदर्य का अनुभव किया।

इस अवसर पर वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने फेडरेशन के प्रतिनिधियों को टाइगर रिजर्व में वन्यजीव संरक्षण, बाघ संवर्धन तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। सदस्यों ने रिजर्व में संचालित संरक्षण गतिविधियों की सराहना करते हुए वन विभाग के कार्यों की प्रशंसा की।

फेडरेशन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व न केवल राजस्थान की महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर है, बल्कि यह क्षेत्र पर्यटन एवं पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। ऐसे भ्रमण प्रकृति एवं वन्यजीवों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ संरक्षण के प्रति सकारात्मक संदेश भी देते हैं।

माहेश्वरी ने बताया कि हमारे पास बूंदी में रामगढ़ विषधारी बांरा झालावाड में शेरगढ़ अभ्यारण्य मौजूद है। मुकुंदरा अभ्यारण्य भी बेहद खूबसूरत अभ्यारण्य है, जिसमें भ्रमण के दौरान टाइगर, भालू हिरण, सांभर, चीतल एवं अजगर जैसे वन्य जीवों को देखने का मौका मिला।

मुकुंदरा हिल्स टाइगर अभ्यारण्य किसी भी मायने में रणथंभोर अभ्यारण्य से कम नहीं है। फेडरेशन की पूरी टीम मुकुंदरा हिल्स टाइगर रिजर्व अभ्यारण्य को देखकर अभीभूत हुई। फेडरेशन द्वारा वर्तमान में शेयर जिप्सी एवं फोर्ड गाड़ियां चलाई जा रही है।

शीघ्र ही यहां पर कंटेनर चलाने के भी प्रयास किये जा रहे हैं, जिससे बाहर से आने वाले पर्यटकों को यहां पर संपूर्ण सुविधाएं मिल सके। इसी प्रकार फेडरेशन द्वारा रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य, शेरगढ अभ्यारन्य रामगढ़ क्रेटर गागरोन फोर्ट चंबल सफारी जैसे पर्यटक स्थलों का भी और अवलोकन करके वहां पर पर्यटकों को क्या-क्या और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती है।

भ्रमण के दौरान सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन तथा वन्यजीवों की सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। फेडरेशन ने भविष्य में भी प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।