चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर रिद्धि-सिद्धि नगर में ध्यान-योग एवं आध्यात्मिक चिकित्सा शिविर

0
8

कोटा। भारत गौरव गणिनी आर्यिका रत्न स्वस्ति भूषण माताजी (ससंघ) के सान्निध्य में श्री चंद्रप्रभु दिगंबर जैन मंदिर, रिद्धि-सिद्धि नगर, कुन्हाड़ी में आयोजित ध्यान-योग एवं आध्यात्मिक चिकित्सा शिविर श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और स्वास्थ्य संवर्धन का केंद्र बना हुआ है।

मंदिर अध्यक्ष राजेन्द्र गोधा एवं मंत्री पंकज खटोड़ ने बताया कि शिविर का आयोजन 5 जून तक किया जा रहा है। प्रतिदिन प्रातः 7:15 से 8:15 बजे तक ध्यान एवं योग सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं सायंकालीन सत्रों में भी साधकों को योग, ध्यान और आध्यात्मिक जीवन शैली का प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आर्यिका स्वस्ति भूषण माताजी के प्रेरणादायी सत्संग एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन के बीच आयोजित इस शिविर में राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त योगाचार्य नवीन भैया जी (जबलपुर) विशेष मार्गदर्शन दे रहे हैं। अपनी सरल, सहज एवं प्रभावी शिक्षण शैली के माध्यम से वे प्रतिभागियों को योग, ध्यान और मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न आयामों से परिचित करा रहे हैं।

शिविर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवक-युवतियां तथा बालक-बालिकाएं भाग लेकर योग और आध्यात्मिक साधना का लाभ उठा रहे हैं। आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य स्वस्थ जीवनशैली, मानसिक शांति एवं आध्यात्मिक जागरण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।

इस अवसर पर मंदिर कोषाध्यक्ष ताराचंद बड़ला, पारस कासलीवाल, पारस लुहाड़िया, टीकम पाटनी, पारस आदित्य, सेवानिवृत्त न्यायाधीश जितेंद्र कुमार, अशोक सांवला, निर्मल अजमेरा, महावीर बड़ला, राजकुमार पाटनी, नरेंद्र कासलीवाल, अजीत गोधा, वर्धमान कासलीवाल, अनिल मित्तल, मनीष सेठी एवं संजय लुहाड़िया सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।