Stock Market: पश्चिम एशिया में संकट गहराने से सेंसेक्स 304 अंक टूट कर बंद

0
4

नई दिल्ली। Stock Market Closed: पश्चिम एशिया में संकट गहराने का असर आज घरेलू शेयर बाजार पर भी दिखा। बीएसई सेंसेक्स कारोबार के दौरान 1,157 अंक टूटकर 73,493 अंक तक फिसल गया था जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 इंडेक्स 332 नीचे 23,151 के करीब पहुंचा था। लेकिन दोपहर बाद के सत्र में इसने अपने कुछ नुकसान की भरपाई कर ली। अंत में सेंसेक्स 303.67 अंक यानी 0.41% गिरकर 74,346.17 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 77.95 अंक यानी 0.33% नीचे 23,405.60 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के 30 में से 18 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरावट आईटी शेयरों में रही। टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा 8.30 फीसदी गिरावट आई। टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, इन्फोसिस, आईटीसी, इटरनल और लार्सन एंड टुब्रो में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर एसबीआई, इंडिगो, आईसीआईसीआई बैंक, पावरग्रिड और कोटक महिंद्रा में तेजी रही।

निफ्टी पर अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज, टाटा मोटर्स पैसेंजर वीकल्स, इंटरग्लोब एविएशन और मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट में सबसे ज्यादा तेजी रही। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 0.42 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.11 फीसदी गिरावट रही। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी पीएसयू बैंक में सबसे ज्यादा तेजी रही। निफ्टी बैंक, निफ्टी प्राइवेट बैंक और निफ्टी हेल्थकेयर ने अच्छा प्रदर्शन किया। निफ्टी आईटी में कारोबार के दौरान 6 फीसदी से अधिक गिरावट आई।

शेयर मार्केट में क्यों आई गिरावट?
पश्चिम एशिया में संकट गहरा गया है। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो का कहना है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट के बड़े हिस्से में माइन लगा दी है और कमर्शियल जहाजों पर फायरिंग की है। इससे साफ है कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता फाइनल होने में अभी लंबा समय लग सकता है। इससे कच्चे तेल की कीमत में भी आज तेजी आई है। ब्रेंट क्रू़ड अभी 2.89 फीसदी तेजी के साथ 98.77 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।