नहीं मिली सरस दूध की गुणवत्ता में कोई खामी, अध्यक्ष राठौड़ का दावा

0
6

डेयरी अध्यक्ष की अगुवाई में 15 से अधिक बूथों का औचक निरीक्षण

कोटा। कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ द्वारा शहर में सरस दूध की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की जांच के लिए व्यापक स्तर पर औचक निरीक्षण अभियान चलाया गया।

डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ की अगुवाई में विभिन्न क्षेत्रों के दूध बूथों और डेयरी संचालन व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया, जिसमें दूध की गुणवत्ता पूरी तरह संतोषजनक पाई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार महावीर नगर, गुमानपुरा, दादाबाड़ी, कॉमर्स कॉलेज रोड, तलवंडी और जवाहर नगर सहित 15 से अधिक स्थानों पर सरस दूध बूथों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दूध के नमूनों की जांच के साथ वितरण और संचालन व्यवस्था का भी आकलन किया गया।

डेयरी अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने दावा किया है कि सरस डेयरी वर्षों से शहरवासियों को गुणवत्तापूर्ण दूध उपलब्ध करा रही है और गुणवत्ता मानकों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

उन्होंने बताया कि दूध की गुणवत्ता की जांच उत्पादन से लेकर पैकेजिंग और वितरण तक प्रत्येक स्तर पर की जाती है तथा सभी प्रक्रियाएं निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों और एफएसएसएआई नियमों के अनुरूप संचालित होती हैं।

राठौड़ ने दावा किया है कि निरीक्षण और परीक्षण के दौरान दूध की गुणवत्ता में किसी प्रकार की कमी नहीं मिली। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं को बेहतर और सुरक्षित दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार के निरीक्षण अभियान समय-समय पर जारी रखे जाएंगे।

उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी सूचना या शिकायत पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि अवश्य करें और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहें।