भारत बंद के समर्थन में 20 को कोटा जिले की रिटेल एवं थोक दवा की दुकानें बंद रहेंगी

0
121

कोटा। जिला केमिस्ट एलायंस की कार्यकारिणी एवं पदाधिकारियों की बैठक आज एलायंस अध्यक्ष क्रांति जैन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से अखिल भारतीय दवा विक्रेता संघ द्वारा 20 मई को प्रस्तावित भारत बंद का समर्थन करने का निर्णय लिया गया।

एलायंस अध्यक्ष क्रांति जैन एवं सचिव अभिमन्यु भावनानी ने बताया कि देशभर के 12.40 लाख से अधिक केमिस्ट तथा उनसे जुड़े लगभग 4 से 5 करोड़ आश्रितों की आजीविका पर ई-फार्मेसी के कारण संकट उत्पन्न हो रहा है।

उन्होंने कहा कि अवैध ई-फार्मेसी कंपनियों की अनियंत्रित बढ़ोतरी से दवा वितरण प्रणाली प्रभावित हो रही है तथा छोटे दवा विक्रेताओं के अस्तित्व पर खतरा मंडरा रहा है।

उन्होंने बताया कि बड़े कॉरपोरेट समूहों द्वारा प्रिडेटरी प्राइसिंग (अत्यधिक छूट आधारित मूल्य निर्धारण) अपनाकर बाजार को प्रभावित किया जा रहा है, जिसका सीधा असर छोटे केमिस्टों पर पड़ रहा है। एलायंस ने दवा एवं कॉस्मेटिक्स नियमों के अंतर्गत लागू सुरक्षा प्रावधानों की अनदेखी पर भी चिंता व्यक्त की।

केमिस्ट संगठन की प्रमुख मांगों में ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक, कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट पर नियंत्रण, नकली दवाओं के खिलाफ सख्त अभियान तथा कोविड-19 काल में लागू किए गए जीएसआर 200(ई) एवं जीएसआर 817(ई) को वापस लेना शामिल है।

संगठन का आरोप है कि इन प्रावधानों का ई-फार्मेसी कंपनियों द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है तथा डॉक्टर के पर्चे पर मिलने वाली एवं नशे की लत वाली दवाओं की बिक्री में भी अनियमितताएं सामने आ रही हैं।

एलायंस पदाधिकारियों ने बताया कि इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष को भी ज्ञापन सौंपा जा चुका है। साथ ही 20 मई के बंद की सूचना जिला कलेक्टर एवं औषधि नियंत्रण अधिकारियों को भी दे दी गई है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में अभिमन्यु भावनानी, राजकुमार जैन, प्रेम बाटला, चन्द्रकांत खंडेलवाल, रविन्द्र ब्रजवानी, लक्ष्मण नेनानी सहित कई कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।