धार्मिक अनुष्ठान से हुई नर्मदेश्वर शिवलिंग की प्राण-प्रतिष्ठा, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी

0
6

कोटा। विज्ञान नगर स्थित श्री मंगलमय चमत्कारी धाम हनुमान सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित 10 दिवसीय भव्य धार्मिक अनुष्ठान का शुक्रवार को भक्तिमय माहौल में समापन हुआ।

आयोजन के अंतिम दिन मंदिर परिसर में नवनिर्मित भव्य शिवालय में शिव परिवार और दिव्य ‘नर्मदेश्वर शिवलिंग’ की शास्त्रोक्त विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ प्रतिष्ठा की गई। इसके साथ ही मंदिर के शिखर पर पूर्ण विधि-विधान से कलश स्थापना संपन्न हुई।

​शुक्रवार सुबह से ही मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना का दौर शुरू हुआ। विद्वान पंडितों के सानिध्य में यजमानों ने वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पूजन किया। गुरुवार को शिवालय में स्थापित किए गए।

नर्मदेश्वर शिवलिंग का जलाधिवास, अन्नाधिवास और पुष्पाधिवास जैसी विभिन्न धार्मिक प्रक्रियाओं के पश्चात शुभ मुहूर्त में प्रतिष्ठित किया गया। जैसे ही विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, पूरा परिसर ‘हर-हर महादेव’ और चमत्कारी बालाजी के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर अपनी अटूट श्रद्धा प्रकट की।

महंत अशोक तिवारी ने बताया कि ​धार्मिक अनुष्ठान के सफल समापन के उपलक्ष्य में मंदिर समिति द्वारा एक विशाल ‘आम भंडारा’ का आयोजन किया गया। इस महाप्रसादी में विज्ञान नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी पाई।

समिति द्वारा प्रसादी वितरण के लिए व्यापक प्रबंध किए गए थे। जिसमें स्वयंसेवकों ने पूरी निष्ठा से अपनी सेवाएं दीं। कतारबद्ध होकर श्रद्धालुओं ने मर्यादा के साथ प्रसादी ग्रहण की। भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था, और देर शाम तक प्रसादी वितरण का क्रम अनवरत जारी रहा।