कोटा। शहर के संगीत प्रेमियों के लिए रविवार शाम एक यादगार संगीतमय आयोजन होने जा रहा है। ‘सृजन द स्पार्क’ के तत्वावधान में लाइव म्यूजिक कॉन्सर्ट का आयोजन रोड नंबर-1 स्थित सी.पी. ऑडिटोरियम में सायं 7:15 बजे से किया जाएगा।
संस्था के अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य प्रतिभाशाली गायकों को वैश्विक मंच प्रदान करना है। सचिव संजीव अग्रवाल के अनुसार, कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका भव्या पंडित तथा ‘के-किशोर कुमार’ फेम अनिल श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।
उन्होंने बताया कि भव्या पंडित ‘इंडियन आइडल सीजन-4’ की टॉप-5 फाइनलिस्ट और फिल्मफेयर नॉमिनी रह चुकी हैं। वे देश-विदेश में 1000 से अधिक लाइव शो कर चुकी हैं और 35 से ज्यादा देशों में अपनी प्रस्तुतियां दे चुकी हैं। साथ ही, वे ‘सारेगामापा’ एवं ‘सारेगामापा लिटिल चैंप्स’ में आठ सीजन तक ज्यूरी सदस्य भी रही हैं।
कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा ने बताया कि भव्या पंडित ने प्रियंका चोपड़ा अभिनीत फिल्म ‘व्हाट्स योर राशी’ और अजय देवगन की ‘सन ऑफ सरदार’ में पार्श्वगायन किया है। वर्ष 2007 में उन्हें उत्कृष्ट प्रदर्शन कला के लिए राष्ट्रपति द्वारा ‘बालश्री पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया था।
उपाध्यक्ष अनिमेष जैन ने बताया कि अनिल श्रीवास्तव, जिन्हें ‘के-किशोर कुमार’ के नाम से जाना जाता है, बॉलीवुड के नवीनतम गीतों से लेकर रेट्रो, सूफी, ग़ज़ल, अर्धशास्त्रीय और भक्ति संगीत तक विभिन्न विधाओं में दक्ष हैं। यह आयोजन शहर के सांस्कृतिक परिदृश्य को नई ऊर्जा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

