मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने की थी घोषणा, न्यायिक सुविधाओं का होगा विस्तार
कोटा। कोटा जिले के इटावा और सांगोद क्षेत्र में न्यायिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। विधि एवं विधिक कार्य विभाग की अधिसूचना के अनुसार दोनों स्थानों पर नए न्यायालय तुरंत प्रभाव से स्थापित किए गए है, जिससे लोगों को अब नजदीक ही न्याय मिल सकेगा।
उल्लेखनीय है कि इन न्यायालयों की घोषणा लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने की थी। अधिसूचना के अनुसार इटावा में वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय तथा सांगोद में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय सृजित एवं स्थापित किये गये है।
नए न्यायालय बनने से इटावा और सांगोद सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अब दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी और मामलों के निस्तारण में भी तेजी आएगी। स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उपयोगी कदम बताया है। इससे न्यायिक प्रक्रिया और अधिक सरल, पारदर्शी और सुलभ होगी।

