नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: कमोडिटी मार्केट में गुरुवार को सोना और चांदी दोनों में कमजोरी देखने को मिली। MCX पर चांदी करीब 2% गिरकर ₹2,35,133 प्रति किलो पर आ गई, जबकि सोना 0.7% यानी ₹1,129 टूटकर ₹2,39,918 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया।
इंटरनेशनल मार्केट में भी यही ट्रेंड देखने को मिला। स्पॉट सिल्वर 73.83 डॉलर प्रति औंस पर फिसल गई, जबकि सोना 4,715 डॉलर प्रति औंस के आसपास स्थिर, लेकिन दबाव में रहा।
सोने-चांदी में गिरावट के कारण
सीजफायर पर संशय
सोना-चांदी के भाव में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच घोषित युद्धविराम पर बढ़ती अनिश्चितता है। हालात, पूरी तरह शांत नहीं हैं। इजरायल द्वारा लेबनान में बड़े हमले और ईरान की चेतावनी ने बाजार की चिंता बढ़ा दी है। इसके अलावा होर्मुज स्ट्रेट अब भी पूरी तरह सामान्य नहीं हुआ है, जिससे ग्लोबल सप्लाई को लेकर डर बना हुआ है।
कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी
कच्चे तेल की कीमतों में फिर से तेजी देखने को मिली है। ब्रेंट और WTI क्रूड दोनों $97 प्रति बैरल के ऊपर कारोबार कर रहे हैं। तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने का खतरा बढ़ता है, जिससे केंद्रीय बैंक ब्याज दरें ऊंची रख सकते हैं। यही वजह है कि सोना और चांदी जैसे बिना ब्याज वाले निवेश दबाव में आ जाते हैं।
डॉलर और फेड की नीति का असर
डॉलर इंडेक्स में स्थिरता भी कीमती धातुओं पर दबाव बना रही है। मजबूत डॉलर से सोना-चांदी महंगे हो जाते हैं, जिससे उनकी मांग कम होती है। वहीं, फेडरल रिजर्व के संकेत भी बाजार को प्रभावित कर रहे हैं। अगर महंगाई उम्मीद से ज्यादा रहती है, तो ब्याज दरों में कटौती टल सकती है या बढ़ोतरी भी हो सकती है।
निवेशकों की नजर अहम डेटा पर
बाजार अब अमेरिकी महंगाई (PCE) डेटा और जॉब्लेस क्लेम्स पर टिकी है। ये आंकड़े तय करेंगे कि आगे फेड की नीति क्या रहेगी और सोना-चांदी का रुख किस दिशा में जाएगा।

