कोटा। दादाबाड़ी रोड स्थित एक निजी होटल में राजपूत क्षत्राणियों द्वारा गणगौर महोत्सव का आयोजन उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष तरुणा सोलंकी छपावदा के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करिश्मा हाड़ा (राष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर, अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा राजस्थान) उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथियों में मिस राजस्थान 2022 ज्योति पुष्पेंद्र सिंह, एडिशनल एसपी ओमेंद्र सिंह शेखावत एवं डॉ. रीना राणावत शामिल रहीं।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण रही “मिस गणगौर” प्रतियोगिता, जिसमें चेतना शक्तावत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गणगौर क्वीन का ताज अपने नाम किया, जबकि दिव्या सिसोदिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों का चयन रैम्प वॉक, सोलह श्रृंगार, मेहंदी रचनी, व्यक्तित्व और सांस्कृतिक ज्ञान जैसे मानकों के आधार पर किया गया।
करिश्मा हाड़ा ने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी से अपनी जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। वहीं तरुणा सोलंकी ने गणगौर को आस्था, परंपरा और नारी शक्ति का प्रतीक बताते हुए इसे आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
ज्योति पुष्पेंद्र सिंह ने “गणगौर केवल एक पर्व नहीं, बल्कि नारी शक्ति, श्रद्धा और समर्पण का प्रतीक है। यह त्योहार हमें अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ता है तथा महिलाओं के सम्मान और उनकी गरिमा को भी दर्शाता है।”
क्षणत्रियों ने प्रतियोगिताओं दिखाया उत्साह
अन्य प्रतियोगिताओं में रिया सौलंकी ने सोलो डांस, अशनिका हाड़ा ने बेस्ट पर्सनालिटी और शिखा शर्मा ने बेस्ट मेकअप का खिताब जीता। पूर्णिमा हाड़ा की तलवारबाजी प्रस्तुति ने विशेष रूप से सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में बेस्ट घूमर डांस, बेस्ट पर्सनालिटी, बेस्ट ग्रुप, बेस्ट मेहंदी, बेस्ट लॉन्ग हेयर, बेस्ट मेकअप और बेस्ट राजपूती ड्रेस जैसी विभिन्न श्रेणियों में भी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

