सीए फाइनल परीक्षा में 23वीं रैंक हासिल करने पर सृष्टि को ‘अग्र-रतन’ सम्मान

0
74

कोटा। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को अखिल भारतीय अग्रवाल सेवा उत्थान समिति कोटा संभाग के तत्वाधान में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
इस वर्ष का मुख्य आकर्षण सुल्तानपुर निवासी अग्रवाल समाज की गौरव, सृष्टि अग्रवाल रहीं। जिन्होंने सी.ए. फाइनल परीक्षा में पूरे भारत में 23वीं रैंक हासिल कर कोटा संभाग का मान बढ़ाया है।

​संभाग महामंत्री संजय गोयल ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि संभागीय अध्यक्ष श्री मोहनलाल अग्रवाल के नेतृत्व में बिटिया सृष्टि अग्रवाल की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। समिति के पदाधिकारियों ने सृष्टि को ‘अग्र-रतन’ सम्मान प्रमाण पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अध्यक्ष श्री मोहनलाल जी अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि सृष्टि का ऑल इंडिया 23वीं रैंक प्राप्त करना अग्रवाल समाज के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाएं समाज की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती हैं और महिला सशक्तिकरण के वास्तविक अर्थ को चरितार्थ करती हैं।

​समारोह के दौरान इस सफलता की नींव रखने वाले उनके परिवार का भी अभिनंदन किया गया। समिति द्वारा सृष्टि के पिता श्री श्याम बिहारी अग्रवाल, माता ऋतु अग्रवाल एवं ताऊ जी रास बिहारी अग्रवाल का सम्मान किया गया। जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से बिटिया ने यह मुकाम हासिल किया।

कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों और पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें प्रमोद अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, विशाल अग्रवाल, महेश मित्तल, कमला मित्तल, रूपा अग्रवाल, नीरू अग्रवाल तथा भारती जैन मुख्य रूप से शामिल थे। संस्था के सभी सम्मानित सदस्यों की मौजूदगी में यह कार्यक्रम हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।