महाराष्ट्र में आज नगर निगम चुनाव होने से शेयर मार्केट में कारोबार बंद

0
6

नई दिल्ली। Stock Market Today: महाराष्ट्र में आज नगर निगम चुनाव हैं। इसलिए शेयर मार्केट में कारोबार बंद है। मुंबई समेत राज्य के कई इलाकों में मतदान को देखते हुए सरकार ने सार्वजनिक छुट्टी घोषित की है।

इस चुनावी छुट्टी का असर सिर्फ सरकारी दफ्तरों और निजी संस्थानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसका सीधा प्रभाव शेयर बाजार पर भी पड़ा है। महाराष्ट्र में नगर निगम चुनावों को देखते हुए बीएसई और एनएसई ने अपने कैलेंडर में संशोधन किया है, जिससे पहले अंकित निपटान अवकाश अब पूर्ण कारोबारी अवकाश बन गया है।

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज ने कहा है कि आज इक्विटी, इक्विटी डेरिवेटिव, कमोडिटी डेरिवेटिव और इलेक्ट्रॉनिक गोल्ड रिसीप्ट्स सभी में कारोबार स्थगित रहेगा। एक्सचेंज ने यह भी स्पष्ट किया कि 15 जनवरी को एक्सपायर होने वाले इक्विटी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट अब 14 जनवरी को ही एक्सपायर होंगे। यानी बीते कल इक्विटी डेरिवेटिव कॉन्ट्रैक्ट एक्सपायर हो गए।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने भी ऐसा ही संशोधन जारी करते हुए 15 जनवरी को कैपिटल मार्केट और फ्यूचर्स ऑप्शन्स सेगमेंट के लिए कारोबारी अवकाश घोषित किया है। इससे पिछले सप्ताह जारी उस परिपत्र को बदल दिया गया है जिसमें निपटान प्रतिबंधों के बावजूद बाजार खुला रहने की बात कही गई थी।