Stock Market: ट्रंप की धमकी से सहमा बाजार, सेंसेक्स 400 अंक से अधिक टूटा

0
8

नई दिल्ली। Stock Market Opened : रिलायंस, एचडीएफसी, ट्रेंट और इन्फोसिस जैसे दिग्गज शेयरों में गिरावट के कारण आज शेयर बाजार में हाहाकार मचा हुआ है। बीएसई सेंसेक्स में 400 अंक से ज्यादा गिरावट आई जबकि निफ्टी भी करीब 100 अंक टूट गया।

12.25 बजे सेंसेक्स 443.49 अंक यानी 0.52% गिरावट के साथ 84,996.2 अंक पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 85.60 अंक यानी 0.33% गिरावट के साथ 26,164.70 अंक पर आ गया। देश की सबसे वैल्यूएबल कंपनी रिलायंस के शेयरों में 5 फीसदी गिरावट आई और इसका मार्केट कैप 1 लाख करोड़ रुपये कम हो गया।

शुरुआती कारोबार में टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयर क्रैश हो गए। इसमें 7 फीसद से अधिक की गिरावट है। रिलायंस भी 2 फीसद से अधिक टूटा है। वहीं, अच्छे ग्लोबल संकेतों के बावजूद आज शेयर मार्केट की शुरुआत कमजोर रही। बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 157 अंक नीचे 85282 पर आ गया है। वहीं, एनएसई की 50 स्टॉक्स वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 61 अंक नीचे 26189 पर है।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 100 से ज्यादा अंक गिरकर 85,331 पर खुला। खुलते ही इसमें गिरावट देखने को मिली। सुबह 9:23 बजे यह 283.79 अंक या 0.33 प्रतिशत की गिरावट लेकर 85,155.83 अंक पर ट्रेड कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) गिरावट के साथ 26,189.70 अंक पर खुला। सुबह 9:24 बजे यह 55.20 अंक या 0.21 फीसदी की गिरावट लेकर 26,195 पर कारोबार कर रहा था।

वैश्विक स्तर पर निवेशकों की नजर यूरो ज़ोन के HCOB सर्विसेज और कंपोजिट PMI के अंतिम आंकड़ों पर रहेगी। इसके साथ ही ब्रिटेन से S&P ग्लोबल सर्विसेज और कंपोजिट PMI के फाइनल आंकड़े जारी किए जाएंगे। अमेरिका में दिसंबर महीने के कुल वाहन बिक्री के आंकड़े भी सामने आएंगे। वहीं घरेलू मोर्चे पर बाजार से जुड़े लोग HSBC के सर्विसेज और कंपोजिट PMI के अंतिम आंकड़ों का इंतजार करेंगे।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई शेयर बाजारों में मंगलवार को मिला-जुला रुख देखने को मिला। वैश्विक बाजारों में हाल की तेज़ी के बाद निवेशक अब अमेरिका द्वारा वेनेजुएला में की गई सैन्य कार्रवाई और वहां के अपदस्थ नेता निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी से जुड़े घटनाक्रमों पर नजर बनाए हुए हैं।

जापान का निक्केई 225 इंडेक्स 1.12 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.85 फीसदी गिर गया। ऑस्ट्रेलिया का ASX/S&P 200 इंडेक्स भी 0.42 फीसदी की कमजोरी में रहा। वहीं शुरुआती एशियाई कारोबार में अमेरिकी इक्विटी फ्यूचर्स लगभग स्थिर नजर आए।

अमेरिकी शेयर बाजारों में सोमवार को प्रमुख इंडेक्स ने मजबूती के साथ सत्र समाप्त किया। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव के बावजूद निवेशकों ने फिलहाल बड़े वैश्विक टकराव की आशंका को नजरअंदाज किया।

एसएंडपी 500 में 0.64 फीसदी और नैस्डैक कंपोजिट में 0.69 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से भी बाजार को सहारा मिला। वहीं डाओ जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज ने कारोबार के दौरान नया रिकॉर्ड स्तर छुआ और अंत में 1.23 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ बंद हुआ।