श्याम महोत्सव: सर्वजातीय निशुल्क कन्या विवाह सम्मेलन में संतों ने दिया आशीर्वाद

0
9

कोटा। श्री श्याम कन्या विवाह समिति के दो दिवसीय श्री श्याम महोत्सव के तहत् रविवार को रामपुरा बाजार में निशुल्क कन्या विवाह किया गया। जिसमें 5 कन्याओं का कन्यादान भी किया गया।

सर्वजातीय निशुल्क कन्या विवाह सम्मेलन में संतों के सान्निध्य में जरूरतमंद कन्याओं के हाथ पीले किए गए। इस दौरान वर वधु की निकासी निकाली गई। जो रामपुरा मुख्य बाजार से प्रारंभ होकर आर्य समाज रोड, धानमंडी होते हुए वापस विवाह स्थल पर पहुंची। जहां तोरण की परंपरा निभाई गई। इसके बाद फेरे और पाणिग्रहण के कार्यक्रम हुए।

वर वधु को कन्यादान में विभिन्न गिफ्ट दिए गए। जिसमें सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, चूड़ियां, सोने की नथ, पायजेब, बिछिया, अंगूठी, पलंग, कुर्सी, टेबल, बिस्तर, फ्रिज, अलमारी, कूलर, बर्तन, सुहाग का सामान, सुहाग के वस्त्र समेत विभिन्न 151 सामग्री प्रदान की गई।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक पं. अभिषेक शर्मा, प्रिंस शर्मा, अन्नू अग्रवाल, अजय शर्मा, आशीष शर्मा, दीप अग्रवाल, लोकेश शाक्यवाल, धर्मेंद्र सिंह, दिवाकर, निहाल समेत कईं लोग मौजूद रहे।