मुकुंदरा एवं रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य को रणथंभोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा

0
59

होटल फेडरेशन की सवाई माधोपुर इकाई कोटा ट्रैवल मार्ट में अपनी भागीदारी निभाएगी

कोटा। होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा संभाग के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि विश्व बाघ दिवस के अवसर पर होटल फेडरेशन कोटा संभाग एवं सवाई माधोपुर इकाई की एक बैठक मंगलवार को कोटा के एक निजी होटल में संपन्न हुई।

होटल फेडरेशन की सवाई माधोपुर ईकाई के अध्यक्ष एवं हाडोती फॉरेस्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के चेयरमेन हाजी अहतशामुद्दिन एवं प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक में हाड़ौती में पर्यटन विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

सवाई माधोपुर इकाई के अध्यक्ष हाजी अहतशामुद्दीन ने बताया कि इस वर्ष रणथंभोर अभ्यारण्य का भ्रमण करने के लिए पूरे देश व विदेश से भारी मात्रा में पर्यटक आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हाड़ौती के पर्यटन विकास को गति देने के लिए कोटा और बूंदी में स्थित मुकुंदरा एवं रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य को रणथंभौर की तर्ज पर विकसित होना अति आवश्यक है। इसकी प्रक्रिया में तेजी लाया जाना चाहिए।

साथ ही उन्होंने चंबल में क्रूज चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इन दोनों अभ्यारण्यों के विकास के बाद 100 किलोमीटर के दायरे में तीन अभ्यारण्य के होने से पर्यटकों की भारी मात्रा में बढ़ोतरी होगी। आने वाले पर्यटक 5 दिन का हाड़ौती भ्रमण कार्यक्रम बनाकर सवाई माधोपुर, बूंदी, झालावाड़, बांरा एवं कोटा के पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर पाएंगे। उन्होंने इस वर्ष कोटा में आयोजित कोटा ट्रैवल मार्ट में अपनी पूरी भागीदारी निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि इस ट्रैवल मार्ट का फायदा सवाई माधोपुर को भी मिलेगा।

होटल फेडरेशन के कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी एवं महासचिव संदीप पाडिया ने कहा कि होटल फेडरेशन मुकुंदरा एवं रामगढ़ विषधारी अभ्यारण्य एवं चंबल नदी मे क्रूज चलाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। साथ ही उनका प्रयास है कि कोटा ट्रैवल मार्ट से पूर्व हाड़ौती के पर्यटन स्थलों के संपूर्ण विकास और हाड़ौती की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने की मुहिम चलाई जाए। इसके लिए सभी का सहयोग लिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह होटल फेडरेशन कोटा संभाग की टीम शीघ्र ही सवाई माधोपुर जाकर वहां के पदाधिकारियो के साथ बैठक करके सवाई माधोपुर व हाड़ौती के पयर्टन विकास पर चर्चा करेगी। भरतपुर में होने वाली होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की प्रदेश की आगामी बैठक में भाग लेकर व प्रदेश के सभी संभागों मे जाकर कोटा ट्रैवल मार्ट में भागीदारी निभाने का आग्रह करेगी।

माहेश्वरी ने कहा कि कोटा ट्रेवल मार्ट अद्भुत ऐतिहासिक एवं अनूठा होगा जिसके माध्यम से हम कोटा, बूंदी, बांरा, झालावाड़ एवं सवाई माधोपुर की संयुक्त आइटनरी बनाकर यहां आने वाले पर्यटकों को और आकर्षित करेंगे। होटल फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान कोटा डिवीजन का प्रतिनिधिमंडल रामगढ़ एवं मुकुंदरा अभ्यारण्य में जल्दी बाघ लाने व सफारी शुरू करने के लिए वन विभाग के अधिकारियों से मिलेगा  ।