Stock Market: सेंसेक्स 700 अंक उछलकर 82755 पर, निफ्टी 25200 के पार बंद

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Closed : ईरान-इज़रायल में सीज़फायर के बीच भारतीय शेयर बाजार बुधवार को लगातार दूसरे ट्रेडिंग सेशन में चढ़कर बंद हुआ। इन्फोसिस के नेतृत्व में आईटी स्टॉक्स में खरीदारी से बाजार को पुश मिला।

एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी भारी भरकम वजन वाले शेयरों में तेजी ने भी प्रमुख बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी-50 और सेंसेक्स को ऊपर की तरफ खींचा। तेल की गिरती कीमतों और ईरान और इजरायल के बीच सीजफायर से भी निवेशकों की चिंताएं कम हो गईं।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) आज मजबूती के साथ 82,448.80 अंक पर खुला। कारोबार के दौरान यह 82,815.91 अंक के इंट्रा-डे हाई तक गया। अंत में यह 700.40 अंक या 0.85 प्रतिशत की बढ़त लेकर 82,755.51 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) भी आज मजबूती के साथ 25,150.35 अंक के स्तर पर ओपन हुआ। दिन के कारोबार के दौरान यह 25,266.80 अंक के उच्च स्तर तक गया। अंत में यह 200.40 अंक या 0.80 फीसदी की तेजी के साथ 25,244 पर बंद हुआ।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा ग्रुप का स्टॉक टाइटन आज टॉप गेनर रहा। इसमें 3.75 फीसदी की तेजी आई। इसके अलावा महिंद्रा एन्ड महिंद्रा, इन्फोसिस, पावर ग्रिड, टीसीएस, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, अल्ट्रा सीमेंट में सबसे ज्यादा बढ़त देखने को मिली।

मिडकैप और स्मॉलकैप में भी बढ़त
ब्रॉडर मार्केट्स की बात करें तो निफ्टी मिडकैप इंडेक्स में 0.38% और स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.56% की तेजी आई। भारत वोलैटिलिटी इंडेक्स (India VIX) करीब 3% गिरा, जिससे बाजार में स्थिरता के संकेत मिले। सैक्टोरल फ्रंट पर निफ्टी आईटी इंडेक्स 1.22% और निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स 0.8% की बढ़त के साथ टॉप गेनर्स रहे।