कोटा से 20 यात्रियों सहित राजस्थान से 200 श्रद्धालु होंगे सिंधु दर्शन यात्रा में शामिल
कोटा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं हिमालय परिवार के संस्थापक संरक्षक डॉ. इंद्रेश कुमार के सान्निध्य में 23 जून से आरंभ हो रही 29वीं सिंधु दर्शन यात्रा में इस वर्ष राजस्थान से 200 से अधिक श्रद्धालु भाग लेंगे। इनमें कोटा से चयनित 20 यात्रियों का दल भी इस विशेष आध्यात्मिक-सांस्कृतिक यात्रा में सहभागी बनेगा।
हिमालय परिवार कोटा जिलाध्यक्ष रमेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि सोमवार को कोटा के यात्रियों का तिलक कर, माल्यार्पण के साथ उत्साहपूर्वक सत्कार एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। यह आयोजन न केवल यात्रा में सम्मिलित होने वाले यात्रियों के उत्साह को दोगुना करने वाला रहा, बल्कि इसमें राष्ट्रप्रेम, सांस्कृतिक चेतना एवं अध्यात्म की झलक भी देखने को मिली।
इस अवसर पर सिंधु दर्शन यात्रा समिति, राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमालय परिवार राजस्थान के प्रदेश महामंत्री सच्चिदानंद पारीक ने यात्रियों को यात्रा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं, अनुशासन, सुरक्षा और सांस्कृतिक गरिमा से संबंधित निर्देशों के साथ मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम में हिमालय परिवार कोटा के वरिष्ठ पदाधिकारी एडवोकेट संजीव विजय, सत्यनारायण पारीक, सुरेश शर्मा, रानी पारीक, नीलेश पारीक, श्याम त्रिवेदी, सतेंद्र सिंह झाला, योगेश सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इस ऐतिहासिक यात्रा के कोटा दल में प्रमुख रूप से घनश्याम शर्मा, ममता शर्मा, चंद्र प्रकाश शर्मा, गायत्री शर्मा, महेश जोशी, सुधा जोशी, कल्पना शर्मा सहित अनेक श्रद्धालु सम्मिलित हैं।

