विजयश्री रंगमंच पर छाया सौंदर्य का जादू, साक्षी के सिर सजा बेस्ट ब्राइडल का ताज

0
7

कोटा। Best Bridal Contest: राष्ट्रीय दशहरा मेला में शनिवार को बेस्ट ब्राइडल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें दुल्हन सी सजी धजी नवयोवनाएं विजयश्री रणमंच की शोभा बढ़ा रही थीं।

बेस्ट ब्राइडल प्रतियोगिता की शुरुआत मेला अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की। प्रतियोगिता के दो चरण थे। पहले राउंड में प्रतिभागियों के मेकअप स्टाइल, ड्रेसिंग सेंस, ज्वैलरी कॉम्बिनेशन और लुक्स का आंकलन किया गया। दूसरे राउंड में कैटवॉक, कॉन्फिडेंस और प्रजेंटेशन पर जजों ने मूल्यांकन किया।

प्रतियोगिता में सबसे पहले लाइट शेड थीम पर सजी धजी हसलीन रैंप पर उतरीं। राजस्थानी टच लिए उनके ड्रेसिंग और मेकअप स्टाइल को लोगों ने खूब सराहा। इसके बाद महरूम लहंगे में फुल ब्राइडल लुक लिए साक्षी पालीवाल ने जैसे ही विजयश्री रंगमंच पर कदम रखें, पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

उनका लाइट एंड एथेनिक ड्रेस एंड मेकअप स्टाइल सभी को खूब भाया। इसके बाद सुर्ख जोड़े में आईं ऋतु चौधरी ने पूरा माहौल ही ब्राइडल कर डाला। इसके बाद सभी प्रतिभागी एक एक कर दोबारा मंच पर आए और कैटवॉक से निर्णायक मंडल को प्रभावित कर गए।

उपायुक्त दयावती सैनी, अधिशाषी अभियंता रूपम तिवारी एवं पार्षद विजयलक्ष्मी प्रजापति के निर्णायक मंडल को विजेताओं का चुनाव करने के लिए खासी मशक्कत करनी पड़ी। आखिर में साक्षी पालीवाल के सिर बेस्ट ब्राइडल प्रतियोगिता के विजेता का ताज सजा। दूसरे स्थान पर ऋतु चौधरी और तीसरे स्थान पर हसलीन रहीं।