Kota Dussehra: भजन सम्राट लखबीर सिंह लक्खा की भजन संध्या आज

0
2

कोटा। Kota Dussehra 2024: राष्ट्रीय दशहरा मेला में शनिवार की रात को 8.30 बजे विजयश्री रंगमंच पर भजन संध्या आयोजित की जाएगी। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि कार्यक्रम में भजन सम्राट और पार्श्वगायक लखबीर सिंह लक्खा भजनों के प्रस्तुतियां देंगे।

लखबीर सिंह लक्खा माता के भजनों के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने हनुमान जी, शिवशंकर और श्रीकृष्ण भक्ति के भजन भी बहुतायत में गाए हैं। अभी हाल ही में लखबीर सिंह लक्खा का गया हुआ गीत “राम ना मिलेंगे हनुमान के बिना.. राम जी से राम राम कहियो, कहियो जी हनुमान जी..” काफी लोकप्रिय हुआ है। वहीं माता रानी के “प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी.. मैया का चोला है रंगला.. मेरी अंखियों के सामने ही रहना.. तेरे द्वार पर खुशी मिलती है..” सरीखे भजन भी काफी लोकप्रिय रहे हैं।

उन्होंने फिल्म मां पूर्णागिरि में अभिनय भी किया है। भजनों के अलावा लक्खा के द्वारा बॉलीवुड फिल्मों में भी पार्श्व गायन किया गया है। उनके द्वारा अनुराधा पौडवाल के साथ गाया गीत “बालों के नीचे चोटी..” बहुत लोकप्रिय हुआ था।

महिलाओं की प्रतियोगिताएं आज
मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि शनिवार को महिलाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी। इस दौरान दोपहर 12 बजे रंगोली, मांडना एवं मेहंदी प्रतियोगिता नगर निगम कार्यालय परिसर में आयोजित होगी। वहीं शाम 7 बजे बेस्ट ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता विजयश्री रंगमंच पर आयोजित की जाएगी।

अखिल भारतीय मुशायरा कल
विवेक राजवंशी ने बताया कि रविवार की रात 8:30 बजे विजयश्री रंगमंच पर अखिल भारतीय मुशायरा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें ताहिर फराज, सिकंदर हयात गड़बड़, शाहिद अंजुम, सबीना अदीब, इकबाल अशहर, विजय तिवारी, अज्म शाकिरी, जिया टॉकी शेर पढ़ेंगे।