Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 5543

वेस्ट मैटेरियल गुणवत्तापूर्ण सड़कों के लिए उपयोगी

0

कोटा। झालावाड़ रोड स्थित इंस्टीट्यूट आॅफ इंजीनियर्स भवन में आयोजित सड़क विकास पर शनिवार को नेशनल सेमिनार का आयोजन किया गया। यहां विशेषज्ञ इंजीनियरों ने देश में प्लास्टिक वेस्ट एवं कोटा स्टोन की स्लरी का सड़क निर्माण में उपयोग पर मंथन किया गया। उन्होनें वेस्ट मैटेरियल गुणवत्तापूर्ण सड़कों के लिए उपयोगी बताया।

इंजीनियर्स भवन में आयोजित दो दिवसीय सेमिनार में आरटीयू के कुलपति प्रो. एनके कौशिक ने कहा कि सड़कों को देश में जीवन रेखा कहा जा सकता है। प्रो. कौशिक ने सड़क सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि हादसों में गलत ड्राइविंग और ड्रिंकिंग तथा तेज गति से वाहन चलाना बड़ा कारण है, बारिश में सड़कों का खराब होना इंजीनियरिंग के लिए चुनौती है।

राजस्थान विद्युत प्रसारण निगम के पूर्व मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. सुधीर कल्ला ने कहा कि बेहतर इंजीनियरिंग की बदौलत सड़कों की गुणवत्ता में बड़ा सुधार हुआ है। सेमिनार संयोजक एवं पीडब्ल्यूडी के पूर्व एसई धीरेंद्र माथुर ने सड़कों को इतिहास काफी पुरानी सभ्यता से है, यह विकास का पैमाना है।

इंस्टीट्यूट अध्यक्ष सीकेएस परमार ने स्वागत भाषण में सड़कों के विकास पर सेमिनार के विभिन्न तकनीकी सत्रों की जानकारी दी। तकनीकी सत्रों में आरके श्रीवास्तव ने केबल स्टेट ब्रिज की तकनीक को मशीनरी, सिविल इंजीनियरिंग, कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रानिक इंजीनियरिंग का उदाहरण बताते हुए कहा कि इसकी मॉनीटरिंग के लिए सर्वर स्विटजरलैंड में लगा है।

एएसआई कंपनी के पूर्व प्रबंध प्रेसीडेंट एससी अग्रवाल ने माइनिंग, इंजीनियरिंग एवं पर्यावरण पर व्याख्यान दिया।
पीडब्ल्यूडी के पूर्व चीफ इंजीनियर पदम कुमार जैन ने प्लास्टिक वेस्ट का सड़क निर्माण में उपयोग पर तकनीकी पत्र की व्याख्या की और इसे सड़क निर्माण में क्रांति की संज्ञा दी।

धीरेंद्र माथुर ने बूंदी में दोहरी सुरंग की जानकारी दी। अजय सिंह ने बिटुमिन व कंकरीट पर विश्लेषणात्मक रिपोर्ट पेश की। विशिष्ट अतिथि आशीष गुप्ता एवं आयोजन सचिव सुनील बोहरा ने भी विचार व्यक्त किए। मंच संचालन सचिव जसमत सिंह ने किया। परमार ने बताया कि रविवार को आरटीयू के ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे से तकनीकी सत्र होंगे।

चम्बल गार्डन में जॉय ट्रेन का उद्घाटन आज सांसद बिरला करेंगे

कोटा। चंबल गार्डन की बहुप्रतिक्षित जॉय ट्रेन उद्‌घाटन रविवार की शाम को 4 बजे सांसद ओम बिरला करेंगे।  इससे पहले शनिवार को फाइनल ट्रायल ली तो ट्रेन जाम हो गई थी। उसके पहियों से चिंगारियां व धुआं उठने लगा।

उद्‌घाटन से पहले शनिवार को महापौर व अधिकारियों ने ट्रेन को चलवाकर देखा। जैसे ही ये सभी ट्रेन में सवार होकर कुछ ही दूर चले अचानक ट्रेन रुक गई। उसके पहिए जाम हो गए। ड्राइवर व अन्य कर्मचारियों ने उतरकर धक्का लगाया। उसके बाद ट्रेन कुछ दूर तक सरकी, लेकिन पहियों से चिंगारी उठने लगी। 

पहले भी इस ट्रेन का कई बार ट्रायल किया था, तब कभी ये पटरी से उतर गई थी। इसी कारण ये ट्रेन दो साल से यही खड़ी थी, निगम ने इसे चलाने से इंकार कर दिया था। पिछले दिनों ट्रेन लाने वाली फर्म ने कहा था कि उन्होंने सारी कमियां दूर कर दी हैं अब ट्रेन दुरुस्त है।

जॉय ट्रेन का उद्घाटन कार्यक्रम में विधायक भवानीसिंह राजावत, प्रहलाद गुंजल, संदीप शर्मा, चंद्रकांता मेघवाल, यूआईटी अध्यक्ष रामकुमार मेहता, महापौर महेश विजय, उपमहापौर सुनीता व्यास व उद्यान समिति अध्यक्ष विनोद नायक विशिष्ट अतिथि होंगे।

फाइनल ट्रायल हो गया
ट्रेन के ट्रायल के दौरान उसके बुश चिपक गए थे। इससे समस्या हुई थी। बाद में बुश बदल दिए गए थे। दिनभर ट्रेन को चलाकर देख लिया है। – महेश विजय, महापौर

टूरिस्ट सिटी के नाम से वर्ल्ड में जाना जाएगा कोटा : सांसद बिरला

कोटा। शहर में प्रदेश का सबसे बड़ा बायोलॉजिकल पार्क बनेगा। मुकंदरा में टाइगर बसने के बाद बड़ी संख्या में पर्यटक कोटा आएंगे। पर्यटकों को बोट सफारी की भी सुविधा मिलेगी।

सांसद ओम बिरला ने बताया कि बायोलॉजिकल पार्क में वन्यजीवों के साथ हैरिटेज अभेड़ा महल देखने को मिलेगा। सीजेडए की गाइड लाइन के तहत 121 हैक्टेयर में बायोलॉजिकल पार्क बनेगा। 40 करोड़ रुपए खर्च होंगे। दो फेज में बनने वाले पार्क के लिए केंद्र सरकार ने 20 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसमें से 10 करोड़ रुपए वन्यजीव विभाग को मिले हैं।

सांसद ने बताया कि वन्यजीव विभाग व यूआईटी पार्क को डवलप करेंगे। जिसके लिए प्लानिंग तैयार हो गई है। फर्स्ट फेज में यूआईटी 20 से 22 एनक्लोजर व पाथ -वे बनाएगा। साथ ही नांता चौराहे से करणी माता मंदिर तक बाइपास रोड बनेगा। सांसद ने कहा पार्क के चारों ओर साढ़े तीन किलोमीटर की सुरक्षा दीवार बन चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि फिलहाल 32 हेक्टेयर में 400 मीटर चौड़ाई में 10 हजार पौधों की ग्रीन बेल्ट विकसित की जा रही हैं। जो ट्रेचिंग ग्राउंड के प्रदूषण को रोकेगी। वर्ष 1905 में स्थापित हुआ रियासतकालीन कोटा चिड़ियाघर वर्ष 2018 अंत तक अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में शिफ्ट होगा। दो महीने बाद यूआईटी एनक्लोजर बनाने का काम शुरु करेगा। 

वन्यजीव विभाग के डीसीएफ सुनिल चिद्री बताया कि इसके बाद जू के वन्यजीवों को अभेड़ा बायोलॉजिकल पार्क में शिफ्ट किया जाएंगे। 40 करोड़ की लागत से बनने वाले बायोलॉजिकल पार्क के निर्माण के लिए तीन दिन में यूआईटी टेंडर जारी करेगा। 

इससे पहले सांसद ने शनिवार शाम को वन्यजीव विभाग के अधिकारियों की मीटिंग ली। मीटिंग में वन्यजीव विभाग से एसीएफ शैलेंद्र सिंह यादव, यूआईटी से कार्यवाहक एसई महेश गोयल, रेंजर तेजपाल मीणा मौजूद रहे।

इन सुविधाओं पर खर्च होगा बजट
डीपीआर, एस्टीमेट व ड्राइंग पर 20 लाख रुपए, 44 एनक्लोजर निर्माण पर 11.85 करोड़, बिल्डिंग (प्रशासनिक व आवासीय ब्लॉक) पर 9 करोड़, नेचर इंटरप्रेटेशन सेंटर 1 करोड़, वाटर हार्वेस्टिंग स्ट्रक्चर व स्टोर टैंक 1 करोड़, ग्रीन बेल्ट व लैंडस्केपिंग 1.25 करोड़, सीसीटीवी कैमरा, कंप्यूटर व वायरलैस सिस्टम पर 1.50 करोड़ खर्च होंगे।

इसी तरह वेटनरी हॉस्पिटल कॉम्पलेक्स 1 करोड़, रोड वर्क व बाउंड्री वाल फेसिंग 3.80 करोड़, पर्यटकों के लिए सुविधाओं पर 1 करोड़, टूरिस्ट के लिए बैट्री से चलने वाले वाहन, ऑफिसर व स्टाफ के लिए वाहन 60 लाख, वाटर सप्लाई 1.05 करोड़ समेत अन्य कार्यों पर 40 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

पद्मावत विवाद : करणी सेना का 25 जनवरी को भारत बंद का एलान

तोड़फोड़ के डर से फिल्म नहीं दिखाएंगे गुजरात के थिएटर मालिक

जयपुर/अहमदाबाद। सुप्रीम कोर्ट और सेंसर बोर्ड से हरी झंडी मिलने के बाद भी फिल्म पद्मावत के विरोध में राजपूत करणी सेना के तेवर नरम नहीं हुए। शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान करणी सेना प्रमुख लोकेंद्र सिंह कालवी ने  रिलीज के दिन 25 जनवरी को भारत बंद का एलान किया है। साथ ही मल्टीप्लेक्स और थिएटर मालिकों से फिल्म नहीं दिखाने की अपील की।

उधर, तोड़फोड़ के डर से गुजरात मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ने भी पद्मावत को नहीं दिखाने का फैसला लिया है। करणी सेना ने सेंसर बोर्ड चीफ प्रसून जोशी के जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में शामिल होने का भी विरोध किया। इसबीच, डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने करणी सेना को फिल्म देखने का न्योता दिया है।

लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा, ”थिएटर और सिनेमाहाल के मालिक फिल्म को ना दिखाएं। वे खुद तय कर लें कि दिवाली मनाएंगे या लंका जलवाएंगे। रावण को मरवाएंगे या राम की जीत कराएंगे। पद्मावत की रिलीज के दिन 25 जनवरी को भारत बंद बुलाया गया है। इस दौरान जनता से अपील करेंगे कि वे फिल्म देखने नहीं जाएं।”

कालवी ने राजस्थान सरकार से अपील की है कि ध्यान रखें कि सेंसर बोर्ड चीफ प्रसून जोशी 25 तारीख को जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के इनॉगरेशन में ना आएं। करणी सेना प्रमुख ने बताया कि डायरेक्टर संजय लीला भंसाली ने अब हमें और राजपूत संगठनों को फिल्म देखने बुलाया है। यह उनका नया नाटक है।

गुजरात में मल्टीप्लेक्स मालिकों नहीं दिखाएंगे फिल्म
 उधर, गुजरात में भी पद्मावत के विरोध को देखते हुए मल्टीप्लेक्स मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला लिया है। उन्हें यहां करणी सेना के द्वारा तोड़फोड़ का डर सता रहा है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के ऑर्डर के बाद गुजरात पुलिस ने मल्टीप्लेक्स और थिएटर मालिकों से उनकी सिक्युरिटी की जरूरतों को लेकर जानकारी मांगी थी।

एसोसिएशन के डायरेक्टर राकेश पटेल ने कहा कि हमने पूरे गुजरात में पद्मावत नहीं दिखाने का फैसला लिया है। यहां हर कोई डरा हुआ है। कोई मालिक नहीं चाहता कि फिल्म दिखाने से उन्हें नुकसान झेलना पड़े।

किन राज्यों में था बैन, SC ने क्या कहा?
राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और मध्यप्रदेश में पद्मावत की रिलीज पर बैन लगा दिया था। लेकिन, सुप्रीम कोर्ट ने इस नोटिफिकेशन पर स्टे लगा दिया। SC ने फिल्म का सर्टिफिकेट कैंसल करने के मांग करने वाली पिटीशन भी खारिज कर दी।  बेंच ने कहा, “हमने फिल्म को रिलीज करने का ऑर्डर पास किया था। जब सेंसर बोर्ड ने फिल्म को सर्टिफिकेट जारी कर दिया है तो उस स्थिति में किसी कोे भी दखलअंदाजी का हक नहीं है।”

उप चुनावों में भाजपा को सबक सिखाएगा कहार समाज

कोटा। कहार, केवट, भोई,कश्यप, मेहरा, निषाद समाज आरक्षण संघर्ष समिति ने प्रदेश में उप चुनावों में भाजपा को वादाखिलाफी के खिलाफ सबक सिखाने का निर्णय किया है।

समिति के प्रदेश संयोजक उमा शंकर कहार ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि भगवान राम को गंगा पार कराने वाले केवट, कहार, भोई,कश्यप् और मेहरा समाज के लोगों से गत विधान सभा चुनावों से पूर्व वसुंधरा राजे ने केवट बोर्ड के गठन का आश्वासन दिया था, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया।

कहार ने बताया कि समाज के प्रदेश में 25 लाख से अधिक लोग हैं। मांडलगढ में 20 हजार,अजमेर लोकसभा क्षेत्र में 2 लाख एवं अलवर में लगभग एक लाख मतदाता हैं। 3 नवम्बर को अजमेर एवं 25 दिसम्बर को झालावाड़ में रैली एवं महापंचायत के माध्यम से सरकार से पुनः मांग कर वादा पूरा करने का अनुरोध किया गया।

उन्होंने बताया कि पिछली कांग्रेस सरकार के समय भी जिला मुख्यालयों पर धरना और प्रदर्शन किया गया था, तब भाजपा के जिम्मदार लोगों ने आंदोलन का समर्थन किया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार के चार साल पूरे होने जा रहे हैं, लेकिन कोई पहल नहीं की गई,  जिससे समाज में गहरा रोष व्याप्त है। जबकि उत्तर प्रदेश में पूर्ववर्ती समाजवादी पार्टी की सरकार ने भी समाज की आवाज को सुना और बोर्ड का गठन कर आरक्षण पर विचार किया। समाज को राहत प्रदान की।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में गुर्जर समाज की तर्ज पर देवनारायण बोर्ड का गठन कर समाज उत्थान के काम किए जाएं।राजस्थान में नदियों और तालाबों के सहारे जीवन यापन करने वाले समाज की खराब हालात पर कोई सुनवाई नहीं है। समाज ने निर्णय किया है कि 22 जनवरी से मांडलगढ़, अजमेर एवं अलवर में भाजपा को हराने का अभियान शुरू किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 24 को मांडलगढ़ के जालिया गांव में महापंचायत होगी तथा भीलवाड़ा के धानेश्वर कलां में मंदिर में प्रतिमा स्थापना कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में समाज के बंधु एकत्र होंगे एवं भाजपा को सबक सिखाने की कार्रवाई में जुट जायेंगे । समिति के पदाधकारी उप चुनाव वाले क्षैत्रों में समाज के लोगों के संपर्क कर रहे है।

पत्रकार वार्ता में समिति के पदाधिकारियों ने भी विचार व्यक्त किए। पत्रकार वार्ता में महिला मोर्चा की सरिता केवट,राजेश कहार, रामराज कहार और तेजपाल कश्यप भी मौजूद थे। ब्राह्मण समाज के पदाधिकारी रजनीकांत शर्मा एवं सुधीर शर्मा भी कहार समाज को समर्थन करने पहुंचे।

स्वच्छता महाअभियान : स्मार्ट सिटी कोटा में बनेंगे मल्टी स्टोरी पार्किंग

कोटड़ी गुमानपुरा रोड पर चला स्वच्छता महाअभियान, जाम नाले खुलवाये 

कोटा। शहर में पार्किंग की समस्या को देखते हुए जल्दी ही मल्टी स्टोरी पार्किंग बनाई जाएगी। नगर निगम की ओर से उसके लिये तकनीकी जानकारी ली जा रही है।  यह जानकारी शनिवार को उपमहापौर सुनीता व्यास ने कोटड़ी गुमानपुरा रोड़ पर स्वच्छता महाअभियान के दौरान दी। उन्होंने कहा कि हम पूरे शहर में पार्किग व्यवस्था के लिये भी सार्थक कदम उठा रहे है। 

नगर निगम एवं कोटा व्यापार महासंघ की ओर से शनिवार को कोटड़ी गुमानपुरा रोड़ पर करीब 4 घण्टे तक स्वच्छता महाअभियान चलाया गया। साथ ही बाजारों से सटी गलियों में भी सफाई करवाई गयी। इस मौके पर माणक भवन दुकानदार संघ के अध्यक्ष काका हरविन्द सिंह ने महापौर से मैंन रोड पर नगर निगम की खाली पड़ी जमीन पर मल्टी स्टोरी पार्किग बनाने की मांग की।

महासंचिव अशोक माहेश्वरी ने उसका समर्थन करते हुए कहा कि बहुत समय से इस क्षेत्र के व्यापारियों की यह मांग रही है। महापौर महेश विजय ने कहा कि हम स्वच्छता के साथ साथ अतिक्रमण एवं पार्किग की व्यवस्था को भी बाजारों में बनाये रखने के लिये इस अभियान के दौरान प्रयास कर रहे है। उन्हांने कहा कि निगम का भी इस शहर के मुख्य बाजारों मे समुचित पार्किग व्यवस्था एवं अतिक्रमण मुक्त का प्रयास है।

मल्टीस्टोरी पार्किंग पर विचार
महापौर ने कहा कि इस स्वच्छता महाअभियान के साथ साथ इस दिशा में भी इस अभियान के दौरान कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बात को लेकर खुशी है कि इस बाजार में किसी भी व्यापारी ने दायरे से आगे अतिक्रमण नही किया है।  व्यापारियां की मांग पर इस क्षेत्र मे सुलभ शौचालय बना दिया गया है।  इस क्षेत्र में मल्टी स्टोरी पार्किग की आवश्यकता है, जिस पर विचार किया जा रहा है।

400 डस्टबिन बांटे
महासंघ के अध्यक्ष एवं स्वच्छता ब्राण्ड एंबेसडर क्रांन्ति जैन एवं महासंचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि स्वच्छता महाअभियान के प्रति व्यापारियों में भारी उत्साह है। व्यापारी आगे होकर दो-दो डस्टबिन ले रहे है। इस क्षेत्र में हर व्यापारी को गीले एवं सूखे कचरे का अलग अलग करीब 400 डस्टबिन बांटे गए हैं।

माहेश्वरी ने कहा कि यह अभियान पूर्ण रूप से सफलता की और अग्रसर हो रहा है, जिसमें महापौर, उपमहापौर, उपायुक्त राजेश डांगा, वार्ड पार्षदों, माणक भवन दुकानदार संघ के अध्यक्ष काका हरविन्द्र सिंह, संचिव राजीव पाटनी, छावनी चौराहा दुकानदार संघ के संचिव नरेन्द्र चौहान एवं टाईल्स एसोसियेशन के अध्यक्ष राम मंत्री सहित और  निगम कर्मचारियों का सहयोग मिला है।

अगला महा अभियान 24  को
माहेश्वरी ने बताया कि अगला स्वच्छता महाअभियान पुराने कोटा के गाँधी चौक, पुरानी धानमण्डी, विजय मार्केट, बजाजखाना, बरतन बाजार एवं रामपुरा क्षेत्र में 24 जनवरी को दोपहर 1 बजे से प्रारम्भ किया जायेगा ।

एग्री-क्लिनिक एवं एग्री-बिजनेस के लिए ऋण पर मिलेगा अनुदान

कोटा। एग्री-क्लिनिक एवं एग्री-बिजनेस के लिए ऋण पर नाबार्ड के माध्यम से 20 लाख तक की परियोजना लागत पर 36% से 44% तक अनुदान दिया जायेगा। यह अनुदान कृषि विषय से स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमाधारी बेरोजगार युवाओं को मिलेगा। 

यह जानकारी राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) की ओर से एक दिवसीय कार्यशाला के दौरान दी। कार्यशाला का आयोजन कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की एग्री-क्लिनिक एवं एग्री-बिजनेस योजना पर किया गया था। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राजीव दायमा ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य कृषि क्षेत्र में विस्तार सेवाओं के नेटवर्क को मजबूती देना है।

उन्होंने बताया कि इसके लिए कृषि विषय से स्नातक डिग्री अथवा डिप्लोमाधारी बेरोजगार युवाओं को जो बैंक ऋण की सहायता से गांवों में एग्री क्लिनिक अथवा एग्री बिजनेस सेंटर स्थापित करने के इच्छुक हो, उन्हें नाबार्ड के माध्यम से उनकी 20 लाख तक की परियोजना लागत पर 36% से 44% तक अनुदान दिया जायेगा।

इस अवसर पर आत्मा के परियोजना निदेशक डॉ. आरबी सिंह, कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह एवं उपनिदेशक पशुपालन डॉ. तोमर ने राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बीआरकेजीबी के आरएम एचएल मीणा  ने कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए बैंक से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। 

कार्यशाला में एसबीआई, सीबीआई, बैंक ऑफ बडौदा, बीआरकेजीबी एवं एक्सिस बैंक आदि के प्रतिनिधियों ने अपने विचार व्यक्त किए एवं प्रतिभागियों का शंका का समाधान किया। एलडीएम केएस कुम्पावत ने बेरोजगार कृषि स्नातकों के लिए इसे बहुत अच्छी योजना बताते हुए सभी बैकों से इसमें वित्तपोषण करने का आग्रह किया।

एग्री बिज़नेस, एग्री क्लिनिक के लोन पर सब्सिडी की जानकारी के लिए नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक राजीव दायमा का वीडियो देखिये –

नई ऑडी क्यू -5 एसयूवी सेगमेंट में हुई लॉन्च

नई दिल्ली।  भारत में ऑडी की बहुप्रतीक्षित कार नई ऑडी क्यू-5 लॉन्च हो गई है। एसयूवी सेगमेंट में लॉन्च हुई नई ऑडी क्यू 5 के लिए अपनी जगह बनाना उतना आसान नहीं होगा। हालांकि पहले वाली ऑडी क्यू 5 ऑडी की सबसे सफलतम कारों में से एक रही है।

ऑडी क्यू 5 में 2Q50 लीटर डीजल इंजन लगाया गया है जो 190 पीएस की पावर और 400 एनएम का टॉर्क देता है। इंजन 7 स्पीड डुअल क्लच गियरबॉक्स से जुड़ा है। अगर टॉप स्पीड की बात करें तो क्यू 5 की टॉप स्पीड 218 किलोमीटर है। कंपनी का दावा है कि कार 0 से लेकर 100 की स्पीड सिर्फ 0.59 सेकेंड में पा लेगी। साथ ही कंपनी का दावा है कि कार 17 किमी प्रति लीटर का माइलेज देगी।

नई वर्जन में नए बदलाव  
ऑडी क्यू 5 में पिछली क्यू 5 के मुकाबले कोई बड़े बदलाव नहीं किए गए हैं। नई क्यू फाइव में दोनों ओर एलईडी हैडलैंप्स और आगे की तरफ हैक्सागनल ग्रिल दी गई है। पहली क्लू 5 के मुकाबले नई क्यू 5 ज्यादा लंबी और चौड़ी है।

इसके अलावा कार में वर्चुअल कॉकपिट इंस्ट्रूमेंट और बैंग एंड ओल्फसन साउंड सिस्टम दिया गया है। साथ ही कार में 7 इंच का इंफोटेंमेंट स्क्रीन, थ्री जोन क्लाइमेट कंट्रोल , वायरलैस चार्जिंग यूनिट जैसी सुविधाएं दी गई हैं । कार की कीमत 53.25 लाख रुपये रखी गई है।

‘पद्मावत’: प्रसून जोशी को राजपूत संगठनों की धमकी

जयपुर। फिल्म को लेकर छिड़े विवाद के बीच शुक्रवार को राजस्थान के तीन बड़े राजपूत संगठनों ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के चेयरमैन प्रसून जोशी को धमकी दी है।

संगठनों ने कहा है कि अगर प्रसून जोशी अगले सप्ताह होने वाले जयपुर लिटरेचर फेस्ट (जेएलएफ) में शामिल होते हैं तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। 25 जनवरी से शुरू हो रहे लिटफेस्ट में सेंसर बोर्ड चीफ 28 जनवरी को ‘मैं और वो: मुझसे मेरी बात’ विषय पर एक सेशन करने वाले हैं।

राजपूत करणी सेना के जिलाध्यक्ष नारायण सिंह देवराला ने कहा, ‘प्रसून जोशी ने हमारे राजाओं के बारे में कई गलत बातें कही हैं। उन्हें जयपुर लिटफेस्ट में हिस्सा नहीं लेने दिया जाएगा।’

इस संगठन की ही शाखा श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना ने कहा कि जोशी और वे सभी लोग जिन्होंने विवादित फिल्म का साथ दिया है, हम किसी को भी राजस्थान में नहीं घुसने देंगे। इसके अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेदी ने कहा, ‘हमें लिटफेस्ट से कोई मतलब नहीं है।’

एक अन्य संगठन, करणी सेना के नेता अजीत सिंह मंडोली ने कहा, ‘ऐसा लगता है कि बॉलिवुड हस्तियां हमें बहुत हल्के में ले रही हैं। करणी सेना उनका और उनके साथ आने वालों का स्वागत जूते-चप्पलों से करेगी।’

इससे पहले करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ने एक विडियो के जरिए कहा था कि फिल्म को रिलीज करने वालों और फिल्म के समर्थन में कुछ भी बोलने वालों को जयपुर में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। करणी सेना ने यह भी धमकी दी है कि वह संजय लीला भंसाली को भविष्य में राजस्थान में कोई प्रॉजेक्ट शूट भी नहीं करने देगी।

इन धमकियों को लेकर जयपुर पुलिस की तैयारी पर बोलते हुए डीजीपी ओपी गल्होत्रा ने बताया कि जेएलएफ की सुरक्षा में 400 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। उन्होंने कहा, ‘हम किसी भी चुनौती से निपटने को तैयार हैं और इस बार उपद्रवियों को लिटफेस्ट से दूर रखने और रोकने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।’