Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 5542

सेंसेक्स और निफ्टी पहली बार नई ऊंचाई पर

नई दिल्ली। ग्लोबल मार्केट से मिले पॉजिटिव रिस्पॉन्स से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार नई ऊंचाई पर खुले। हेवीवेट शेयर- रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, एचडीएफसी और एचडीएफसी बैंक में तेजी से बाजार को सपोर्ट मिला। बाजार में बढ़त से जहां सेंसेक्स 35700.72 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं निफ्टी ने 10,929.85 के नए लेवल को छुआ।

 पिछले रिकॉर्ड हाई लेवल
19 जनवरी: निफ्टी ने 10900 के आंकड़े को पार करते हुए 10906.85 के लेवल पर पहुंचा। वहीं सेसेक्स भी 35542.17 प्वाइंट्स की नई ऊंचाई पर पहुंचा।
17 जनवरी: सेंसेक्स 35118.61 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। निफ्टी ने भी पहली बार 10803 के लेवल को छुआ। 
15 जनवरी: निफ्टी 10782.65 के नए रिकॉर्ड पर पहुंचा, जबकि सेंसेक्स ने 34963.69 के लेवल को छुआ।
12 जनवरी: सेंसेक्स ने 34638.42 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं, निफ्टी 10690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा।
11 जनवरी: निफ्टी ने 10664.60 का ऑलटाइम हाई बनाया था।
09 जनवरी: को सेंसेक्स ने ऊंचाई का नए लेवल 34565.63 प्वाइंट्स को छुआ।
08 जनवरी: को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का लेवल छुआ, वहीं निफ्टी 10631.20 की ऊंचाई तक गया था।
5 जनवरी: 2018 को सेंसेक्स 34175 और निफ्टी 10566.10 प्वाइंट्स तक गया था।
 
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स 74% प्रीमियम पर हुआ लिस्ट
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स का शेयर बीएसई पर 73.82 फीसदी प्रीमियम के साथ लिस्ट 478 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ। कंपनी का इश्यू प्राइस 275 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था। इश्यू से कंपनी ने 156 करोड़ रुपए जुटाए हैं।
 
मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में तेजी
– लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में अच्छी खरीददारी दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.20 फीसदी बढ़ा है।
– वहीं बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.58 फीसदी की मजबूती के साथ कारोबार कर रहा है।
 
रुपए की कमजोरी शुरुआत
– हफ्ते के पहले कारोबारी दिन रुपए की कमजोर शुरुआत हुई। डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे की गिरावट के साथ 63.88 के लेवल पर खुला। 
– शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 2 पैसे की मामूली बढ़त के साथ 63.85 के लेवल पर बंद हुआ था। हालांकि, रुपए की शुरुआत शानदार तेजी के साथ हुई थी। डॉलर के मुकाबले रुपया 18 पैसे मजबूती के साथ 63.67 पर खुला था।
 
एशियाई बाजारों में कमजोरी
– अमेरिका में शटडाउन से हफ्ते के पहले कारोबारी दिन एशियाई बाजारों में कमजोरी देखने को मिल रही है। 
– सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 0.02 फीसदी की गिरावट के साथ 10912 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है। 
– जापान का बाजार निक्केई 0.15 फीसदी टूटकर 23772 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है। हालांकि, हैंग सेंग 0.07 फीसदी की मामूली बढ़त के साथ 32268 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है।
– कोरियाई बाजार के कोस्पी इंडेक्स में 0.18 फीसदी की मजबूती दिख रही है और यह 2520 के लेवल पर कारोबार कर रहा है, जबकि ताइवान इंडेक्स 0.38 फीसदी की बढ़त के साथ 11188 प्वाइंट्स पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कम्पोजिट में 0.09 फीसदी की कमजोरी दिख रही है। वहीं स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.12 फीसदी लुढ़ककर 3546 अंक पर कारोबार कर रहा है।

पद्मावत की रिलीज रुकवाने SC पहुंचीं एमपी एवं राजस्थान सरकारें

नई दिल्ली। संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ का 25 जनवरी को रिलीज होना भी आसान नहीं लग रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने इस फिल्म को रिलीज करने का आदेश दिया था। इस पर विरोध फिर तेज हो गया। इसके बाद मध्य प्रदेश और राजस्थान की सरकारों ने फिल्म की रिलीज रुकवाने के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की।

सुप्रीम कोर्ट 23 जनवरी को इस मामले की सुनवाई करेगा। बता दें कि पद्मावत का राजपूत करणी सेना और बाकी कुछ संगठन विरोध कर रहे हैं। इनका आरोप है कि फिल्म में एेतिहासिक तथ्यों से छेड़छाड़ की गई है।

राज्य सरकारों ने क्या कहा?
– सुप्रीम कोर्ट में मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकारों की तरफ से सोमवार को अपील दायर की गई। इसमें कहा गया है कि सुप्रीम कोर्ट पद्मावत की रिलीज पर दिए गए अपने पहले के ऑर्डर में सुधार करे।
– सुप्रीम कोर्ट ने ही 18 जनवरी को फिल्म को देशभर में रिलीज करने के ऑर्डर दिए थे। फिल्म को 25 जनवरी को रिलीज किया जाना है। लेकिन, इसका विरोध कम होने की बजाए बढ़ता ही जा रहा है।
– दोनों राज्य सरकारों ने अपनी अपील में कहा है कि सिनेमैटोग्राफ एक्ट में इस बात को साफ किया गया है कि अगर किसी फिल्म से लॉ एंड आॅर्डर बिगड़ने की आशंका हो तो राज्य सरकारें फिल्म को बैन कर सकती हैं।

कल होगी सुनवाई
– चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा, जस्टिस एएम. खानविलकर और जस्टिस डीवाय. चंद्रचूढ़ की बेंच कल बीजेपी शासित इन राज्यों की अपील पर सुनवाई करेगी।
– फिल्म प्रोड्यूसर्स के वकील हरीश साल्वे ने मामले की फौरन सुनवाई का विरोध किया। लेकिन, बेंच ने उनके विरोध को दरकिनार कर दिया।

करणी सेना ने धमकी
– रिलीज को लेकर करणी सेना ने फिर एक बार इशारों ही इशारों में धमकी दी है। गुड़गांव में उसके मेंबर्स से सवाल किया गया कि अगर फिल्म को रिलीज किया जाता है तो वे क्या करेंगे? इस पर उन्होंने कहा, “इंतजार करो और देखो 25 को क्या होता है।” मेंबर्स ने फिल्म ना दिखाने को लेकर थिएटरों के मालिकों को ज्ञापन भी दिया है।
– दीपिका पादुकोण, शाहिद कपूर और रणवीर सिंह स्टारर इस फिल्म को पहले राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात और हरियाणा में बैन कर दिया था।
– सिनेमा ओनर्स एंड एक्जिबिटर्स एसोसिएशन (COEA) के पूर्व अध्यक्ष और मेंबर नितिन धर ने न्यूज एजेंसी से कहा, “देश के कुछ हिस्सों में दिक्कतें हो सकती हैं। हमने एक्जिबिटर्स से गुजारिश की है और सलाह दी है कि वे अपनी प्रॉपर्टी और थियेटर्स में आने वाली ऑडियंस की हिफाजत के लिए पुलिस की मदद लें।”

जंगल और पानी के उपयोग से कोटा में विकसित करेंगे पर्यटन सर्किट : सांसद

कोटा। कोटा शहर को कुदरत ने अद्वितीय खूबसूरती और अद्भुत पर्यावरणीय सौगातें दी हैं। कोटा राजस्थान का पहला ऐसा शहर है जहां जंगल और पानी दोनों है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए, इनमें से कोई एक जरुरी होता है, लेकिन यहां पर ये दोनों ही है। इसका लाभ उठाते हुए अब कोटा में पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा।

यह बात सांसद ओम बिरला ने रविवार को चंबल गार्डन में जॉय ट्रेन का लोकार्पण करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यहां पर 12 महीने बहने वाली चंबल नदी व मुकंदरा वन्यजीव अभयारण्य है। जहां संभवतः फरवरी से बाघ की दहाड़ गूंजने लगेगी। चंबल गार्डन के प्रवेश द्वार को भी भव्य स्वरूप दिया जाएगा। इ

सके अलावा बूंदी की बावडिय़ां और किला, झालावाड़ में गागरोन का किला और बारां के विभिन्न पर्यटन स्थल सहित 20 ऐसे स्थान है जिन्हें मिलाकर पूरा हाड़ौती पर्यटन सर्किट बनता है। अंत में उद्यान समिति के अध्यक्ष विनोद नायक ने सभी का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में राजस्व समिति के अध्यक्ष महेश गौतम लल्ली, पार्षद देवेंद्र चौधरी मामा, रमेश आहूजा, प्रकाश सैनी, ध्रुव प्रकाश राठौर, बृजमोहन गौड़, महेश गौतम सोनू, दौलत राम मेघवाल, राकेश पुटरा, बादाम बाई, एसई प्रेमशंकर शर्मा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राजेश मित्तल ने किया।

विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन, अमृत योजना समेत नगर निगम और यूआईटी के माध्यम से विभिन्न दिशाओं में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। नागरिकों की भावनाओं के अनुरूप कोटा शहर का विकास हो रहा है। पहले चंबल गार्डन शहर का प्रमुख पर्यटन केंद्र हुआ करता था, लेकिन बीच में इसकी दुर्दशा हो गई। पिछले कुछ समय में नगर निगम के प्रयासों से नागरिक पुनः इसकी ओर आकर्षित हुए हैं।

पूरे किए विरासत में मिले अधूरे कार्य
महापौर महेश विजय ने कहा कि सिटी बस, जॉय ट्रेन, लक्ष्मण झूला समेत कई ऐसे अधूरे कार्य थे जो उन्हें विरासत में मिले। इन कार्यों की स्थिति भी इतनी जटिल थी कि उन्हें पटरी पर लाना कठिन हो रहा था। अब शहर में बसें और चंबल गार्डन में जॉय ट्रेन भी दौड़ रही है। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत हम अन्य शहरों की तुलना में 30% आगे चल रहे हैं।

गोबरिया बावड़ी से नेहरू पार्क तक स्मार्ट रोड बनाया जाएगा 
स्वच्छता में बड़े शहरों को टक्कर देगा कोटा : आयुक्त डा. विक्रम जिंदल ने कहा कि स्वच्छता सर्वे में भी कोटा देश को बड़े शहरों को टक्कर देगा। शहर में 5000 से अधिक शौचालय बनवाए गए हैं, 200 से अधिक टिपर घर-घर कचरा संग्रहण कर रहे हैं। अगले एक माह में सभी कचरा पाइंट कवर कर दिए जाएंगे।

स्मार्ट सिटी कोटा को इस साल मिलेगी नई सौगातें, देखिये वीडियो

कोटा । स्मार्ट सिटी कोटा को इस साल नई सौगातें मिलेगी। पॉलिथीन के उपयोग को रोकने के लिए नगर निगम मोहन टॉकीज रोड पर बैग वेंडिंग मशीन लगा रहा है। इस मशीन में 5 रुपए का सिक्का डालकर कपड़े के दो थैले लिए जा सकेंगे। ये मशीन निगम को पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड से मिली है। थैले स्वयं सहायता समूह से खरीदे जाएंगे। यह जानकारी महापौर महेश विजय ने हमारे चैनल LD NEWS को एक साक्षात्कार में दी।

10 स्थानों पर लगाई जाएगी सेनेटरी नैपकिन मशीन
उन्होंने बताया कि स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत 50 लाख रुपए से 10 स्थानों पर सेनेटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन व इंसीनरेटर लगेंगे। 2 माह में इसकी सुविधा मिलना शुरू हो जाएगी। ये मशीनें रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित सार्वजनिक टॉयलेट्स, गर्ल्स कालेज, महिला प्रधान बाजार इंद्रा मार्केट में लगाई जाएंगी।

लगेगी वाटर वेंडिंग मशीन, 2 रुपए में मिलेगा शुद्ध पानी
शहरवासियों को घर के बाहर भी शुद्ध पानी मिल सके, इसके लिए नगर निगम वाटर वेंडिंग मशीनें लगाएगा। महापौर महेश विजय ने रविवार को ही इसकी घोषणा की। ये सुविधा भी 3 माह में मिलना शुरू हो जाएगी। जिसमें 2 रुपए में एक लीटर शुद्ध व ठंडा पानी मिलेगा। यदि बोतल भी चाहिए तो 5 रुपए में बोतल सहित 1 लीटर पानी मिलेगा। ये मशीनें शहर के चौराहों, बस स्टैंड व प्रमुख बाजारों में लगाई जाएंगी।

70 लाख से विकसित किया जाएगा श्रीराम सर्किल
 महावीर नगर तृतीय सर्किल से संतोषी नगर सर्किल के मध्य यातायात नियंत्रण के लिए श्रीराम सर्किल बनेगा। सर्किल पर अश्व प्रतिमा के साथ श्रीराम के प्रतीक चिन्ह धनुष एवं तरकश लगाए जाएंगे। इस पर 70 लाख रुपए खर्च होंगे। इसकी निविदा की प्रक्रिया चल रही है, जिसे 6 माह में पूरा कर दिया जाएगा।

लेजर शो में दिखाई जाएंगी हाड़ौती की संस्कृति
गणेश उद्यान के समीप ही लोगों को लेजर शो की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें लेजर शो में पानी के फव्वारे पर हाड़ौती से संबंधित लघु फिल्में दिखाई जाएंगी। इस पर यूआईटी 4 करोड़ रुपए खर्च करेगा। जिसकी निविदा जारी की जा रही है। चुनाव से पहले तैयार करके इसका लोकार्पण कर दिया जाएगा।

गोबरिया बावड़ी चौराहे पर 1.50 करोड़ से लगेगी द्रोण की मूर्ति
झालावाड़ रोड स्थित गोबरिया बावड़ी चौराहे का यूआईटी की ओर से सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। यहां पर गुरु द्रोणाचार्य के साथ ही उनके शिष्य अर्जुन और एकलव्य की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। इसकी तैयारी कर ली गई है। इस पर 1.50 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसे 6 माह में पूरा किया जाएगा।

शहर में बनेगा 2 एकड़ का वाटर पार्क
चंबल गार्डन में कैंटीन हॉल के सामने खाली पड़ी 2 एकड़ जमीन पर अब वाटर पार्क बनाया जाएगा। इसकी घोषणा रविवार को सांसद ओम बिरला ने की। इसके लिए अधिकारियों को एस्टीमेट बनाने के आदेश भी दे दिए गए हैं। अगले माह इसके टेंडर जारी किए जाएंगे। पूरी जानकारी के लिए देखिये यह वीडियो –

कोटा के चंबल गार्डन में फिर से शुरू हुई जॉय ट्रेन

कोटा। पिछले तीन साल से चंबल गार्डन में खड़ी जॉय ट्रेन रविवार को विधिवत उद्घाटन के बाद पटरी पर चल पड़ी। 1.50 करोड़ रुपए की लागत से आई ये ट्रेन सोमवार से चलेगी। जिसमें बच्चे व बड़े बैठ सकते हैं। ये चंबल गार्डन में 700 मीटर का राउंड कराएगी। इसकी टिकट दर बच्चों के लिए 20 रुपए और व्यस्क के लिए 40 रुपए रखी गई है।

सांसद ओम बिरला, विधायक संदीप शर्मा, महापौर महेश विजय व आयुक्त डॉ. विक्रम जिंदल ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया। जैसे ही ट्रेन रवाना हुई बच्चों ने शोर मचाकर अपनी खुशी का इजहार किया।

26 जनवरी और 15 अगस्त पर निशुल्क प्रवेश
अब दोनों राष्ट्रीय पर्व 26 जनवरी व 15 अगस्त के दिन चंबल गार्डन व भीतरिया कुंड में प्रवेश निशुल्क होगा। इसकी घोषणा रविवार को महापौर महेश विजय ने की। इस दौरान लोगों ने जॉय ट्रेन को पटरी पर चलता देख खुशी जताई। सांसद को इसके लिए बधाई भी दी।

म्‍युचुअल फंड में जुड़े रिकॉर्ड 1.37 करोड़ नए खाते

0

नई दिल्‍ली।  वर्ष 2017 में म्‍युचुअल फंड में रिकॉर्ड 1.37 करोड़ फोलियो जुड़े हैं। पिछले साल इनकी संख्‍या 70 लाख थी। 31 दिसबंर 2017 तक म्‍युचुअल फंड में फोलियो की कुल संख्‍या बढ़कर 6.65 करोड़ हो गई। जानकारों का कहना है कि म्‍युचुअल फंड के बारे में जागरूकता बढ़ने के चलते रिटेल इन्‍वेस्‍टर की भागीदारी तेजी से बढ़ी है। 

 एक इन्‍वेस्‍टर के कई फोलियो संभव 
म्‍युचुअल फंड में हर निवेश को एक फोलियो कहा जाता है। इसलिए एक निवेशक के कई फोलियो हो सकते है। सेबी की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार देश में 42 फंड हाउस है, जिनके पास 31 दिसबंर तक 6,6,486,373 फोलिया थे।

इन फोलियो की संख्‍या 31 दिसबंर 2016 में 5,2,820,155 थी। सेबी के डाटा के अनुसार नए फोलियो में से ज्‍यादातर इक्विटी एंड बैलेंस्‍ड कैटेगरी में जेनरेट हुए हैं। 
 
निवेशक जागरूगता के चलते संभव हुआ
कोटक म्‍युचुअल फंड के सीआईओ हर्ष उपाध्‍याय के अनुसार निवेशकों के बीच जागरूगता के लिए चलाए गए कार्यक्रमों के चलते नए निवेशक तेजी से जुड़े हैं। इस वक्‍त इक्विटी लिंक सेविंग स्‍कीम (ईएलएसएस) में 1.24 करोड़ नए फोलियो जुड़े हैं, वहीं बैलेंस्‍ड कैटेगरी में 5.46 करोड़ फोलियो जुड़े हैं। 
 
 फोलियो का बढ़ना अच्‍छा संकेत 
फ्रैंकलिन टेम्‍पलटन के प्रेसीडेंट संजय सर्पे के अनुसार म्‍युचुअल फंड की इस ग्रोथ में सबसे अच्‍छी बात फोलियो की संख्‍या का बढ़ना है। इससे संकेत मिलता है कि रिटेल इन्‍वेस्‍टर्स की संख्‍या में तेजी से इजाफा हो रहा है। 
 
2 लाख करोड़ बढ़ी आसेट अंडर मैनेजमेंट 
म्‍युचुअल फंड की आसेट अंडर मैनेजमेंट (एएमयू) जनवरी से दिसबंर 2017 के बीच 2 लाख करोड़ रुपए बढ़ी है। इसमें से ईएलएसएस और इक्विटी फंड में करीब 1.5 लाख करोड़ रुपए का निवेश आया है। 

वेस्ट के उपयोग की तकनीक को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगाः प्रो. कौशिक

0

कोटा। राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एनके कौशिक ने कहा कि विश्वविद्यालय अपने पाठ्यक्रमों में वेस्ट मेटेरियल कोटा स्टोन स्लरी तथा प्लास्टिक को निर्माण कार्यों में सदुपयोगी बनाने की तकनीक को शामिल करेगा। 

वे इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स तथा राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित सड़क विकास पर नेशनल सेमिनार के दूसरे दिन रविवार को राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में तकनीक सत्र को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। 

कौशिक ने कहा कि पूर्व में 2008 मे ही डिजीटल तकनीक की बात करना शुरू किया तो आज ये क्रांतिकारी विषय हो गया है। कोटा में केबल स्टेड ब्रिज फेल हुआ है, लेकिन असफलता से ही सीखा जाता है और शोध के बल ही निरंतर विकास किया जा सकता है।कॅरियर पाइंट यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. डीएन राव ने कहा कि इंजीनियरिग के विकास से ही सड़कों की गुणवत्ता आई है। उन्होंने सड़क सुरक्षा की जरूरत पर जोर दिया।

प्रो. एचडी चारण ने कहा कि सड़कें विकास की ही नहीं हर व्यक्ति की लाइफ लाइन है। उन्नत सड़कें सुरक्षित सड़कें विकास का दर्पण है। इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियर्स के चेयरमेन सीके एस परमार ने रिसर्च की सड़कों के विकास में अहम भूमिका है।

हमें रीति रिवाजों से परे नई सड़क बनानी होगी। प्रो. वीसी राजीव गुप्ता, पूर्व मुख्य अभियंता पीके जैन, कार्यक्रम संयोजक धीरेन्द्र माथुर, प्रो. बीपी सुनेजा ने भी सेमिनार को संबोधित किया। तकनीकी सत्रों में प्रो. ओपी छंगाणी, निशांत सचदेवा ने तकनीकी सत्र में अपने शोध पत्र पढ़े।

राजस्थान परमाणु बिजलीघर के पूर्व स्थल निर्देशक सीपी झाम्ब, कोटा सिटीजन काउंसिल के अघ्यक्ष एलसी बाहेती, आरटीयू के वीसी कोऑडिनेटर प्रो. सीडी प्रसाद ने सेमिनार के आयोजन में सहयोगियों का आभार जताया। मंच संचालन सचिव जसमत सिंह ने किया। इस अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए गए।

केबल स्टेड ब्रिज का दौरा किया
विशेषज्ञ इंजीनियर्स के दल ने दोपहर को चम्बल पर केबल स्टेड ब्रिज की तकनीक का अध्ययन किया। देश में कई शहरों में केबल स्टेड ब्रिज निर्माण में भागीदार इंजीनियर्स आरके श्रीवास्तव ने इसकी तकनीकी जानकारियां उपलब्ध कराई।

“पद्मावत’: करणी सेना ने किया दिल्ली-अजमेर हाईवे जाम

जयपुर। धावास पुलिया के पास दिल्ली-अजमेर हाईवे पर शनिवार रात 8 बजे करणी सेना के लोगों ने टायर जलाकर करीबन आधा घंटा हाईवे जाम कर दिया। इन युवकों ने करणी सेना जिंदाबाद के नारे लगाए।

आस-पास लोगों के अनुसार एकाएक 8-10 युवक हाईवे पर पहुंच चिल्लाने लगे। वे फिल्म पद्मावत के सिनेमाघरों में रिलीज को लेकर विरोध कर रहे थे। टायरों को आग लगाने के बाद वे अंधेरे में भाग छूटे। हालांकि करणी विहार थाना पुलिस ने ऐसी किसी घटना से इनकार किया है।

उधर, कालवाड़ रोड पर भी अपराह्न तीन बजे कुछ युवकों ने विरोध प्रदर्शन करने का प्रयास किया था। बाद में शाम 7.30 बजे कुछ युवकों ने बीच सड़क टायर फेंक आग लगा दी।

वहां खड़े ट्रकों की हवा निकाल दी। उन्होंने रास्ता रोकने का भी प्रयास किया। वे पद्मावत के विरोध में नारेबाजी कर रहे थे। प्रदर्शन करीब 25 मिनट चला फिर वे युवक वहां से गायब हो गए।

अमेरिका में शटडाउन से भारत के व्यापार को झटका

नई दिल्ली। अमेरिका में पांच साल में दूसरी बार शटडाउन होने से ना सिर्फ अमेरिका में सरकारी कामकाज ठप है बल्कि उसका सीधा असर भारत पर पड़ सकता है। भारत के निर्यात को बड़ा झटका लगा है और उसकी वजह है दोनों देशों के बीच का कारोबार।

भारतीय इंजिनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (ईईपीसी) ने शनिवार को कहा कि अमेरिका की संघीय सरकार के ठप के चलते देश का निर्यात प्रभावित होगा, क्योंकि अमेरिका सबसे ज्यादा निर्यात किए जानेवाले देशों में से एक है।

ईईपीसी इंडिया के अध्यक्ष रवि पी. सहगल ने बताया कि अमेरिकी संघीय सरकार की बंदी की ख़बर निश्चित तौर पर भारतीय निर्यातकों के लिए बुरी ख़बर है।

क्योंकि, देश से सर्वाधिक निर्यात की जानेवाली अर्थव्यवस्थाओं में अमेरिका प्रमुख है। रवि पी. सहगह ने कहा कि इंजिनियरिंग क्षेत्र के लिए अमेरिका नंबर वन निर्यात गंतव्य है और मौजूदा वित्त वर्ष में इसमें मजबूत बढ़ोतरी देखी जा रही है।

गौरतलब है कि सीनेट के डेमोक्रेट सांसदों की ओर से संघीय सरकार के एक अल्पकालिक व्यय उपाय पर रोक लगाने के बाद ट्रंप सरकार ने शनिवार को शटडाउन की घोषणा की। 

क्या है शटडाउन

  • अमेरिका में एंटीडेफिशिएंसी एक्ट लागू है।
  •  इस एक्ट के तहत अमेरिका में पैसे की कमी होने पर संघीय एजेंसियों को अपना कामकाज रोकना पड़ता है, यानि उन्हें छुट्टी पर भेज दिया जाता है।
  • इस दौरान उन्हें वेतन भी नहीं दिया जाता।
  •  ऐसी स्थिति में सरकार संघीय बजट लाती है, जिसे प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों में पारित कराना जरूरी होता है।

महिला के शरीर पर सिर्फ उसी का अधिकार : कोर्ट

नई दिल्ली। राजधानी की एक अदालत ने कहा है कि महिला की सहमति के बिना कोई उसे छू भी नहीं सकता। साथ ही अदालत ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ‘अय्याश और यौन-विकृति’ वाले पुरुषों द्वारा उनको परेशान करने का सिलसिला अब भी जारी है।

अदालत ने 9 साल की एक बच्ची का यौन उत्पीड़न करने के मामले में छवि राम नामक व्यक्ति को दोषी ठहराया और उसे 5 साल कैद की सजा सुनाते हुए यह टिप्पणी की।

अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश सीमा मैनी ने उत्तर प्रदेश के निवासी छवि राम को 5 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। उसने उत्तरी दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके के एक भीड़ भरे बाजार में नाबालिग को अनुचित तरीके से छुआ था। यह घटना 25 सितंबर 2014 की है।

अदालत ने कहा कि महिला का शरीर उसका अपना होता है और उस पर सिर्फ उसी का अधिकार होता है। दूसरों को बिना उसकी इजाजत के इसे छूने की मनाही है भले ही यह किसी भी उद्देश्य के लिए क्यों न हो।

न्यायाधीश ने यह भी कहा कि ऐसा लगता है कि महिला की निजता के अधिकार को पुरुष नहीं मानते और वे अपनी हवस को शांत करने के लिए बेबस लड़कियों का यौन उत्पीड़न करने से पहले सोचते भी नहीं हैं।

अदालत ने कहा कि राम एक ‘यौन विकृत’ शख्स है जो किसी भी तरह की रियायत का हकदार नहीं है। अदालत ने उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया जिसमें से 5 हजार रुपये पीड़िता को दिए जाएंगे। अदालत ने इसके अलावा दिल्ली प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण को भी बच्ची को 50,000 रुपये देने को कहा है।