Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 5541

फलौदी माताजी के चरण छूने के लिए उमडे़ हजारों श्रद्धालु

कोटा/खैराबाद। रामगंजमंडी से 1 किमी दूर अखिल भारतीय मेडतवाल (वैश्य) समाज के तीर्थस्थल खैराबादधाम में सोमवार को बसंत पंचमी महोत्सव,2018 पारंपरिक पूजा-अर्चना के साथ मनाया गया। समाज की कुलदेवी मां फलौदी के देश में इकलौते दिव्य मंदिर पर सुबह से रात तक हजारों श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा।

कोटा, जयपुर, इंदौर, उज्जैन, भोपाल, ब्यावरा सहित कई शहरों से श्रद्धालु ट्रेनों व निजी वाहनों से जत्थे के रूप में दर्शन करने पहुंचे। शाम 5 बजे तक दर्शन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं।  समाज के बुजुर्गों ने बताया कि आराध्यदेवी श्रीफलौदी माताजी का प्राकट्य दिवस होने से इस दिन माताजी के चरणस्पर्श एवं पूजा करने का अनूठा अवसर मिलता है।

बड़ी संख्या में पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं एवं युवतियों ने मंदिर परिसर में दर्शन किए। माताजी को पंचमेवे का प्रसाद चढ़ाया गया। वैष्णव परंपरा के अनुसार, माताजी की महाआरती में बडी आरती, कपूर आरती, स्वर्ण चंवर, चांदी चंवर, हार माला व चांदी की छड़ी आदि से विभिन्न शहरों से आए परिवारों ने पूजा-पाठ व अनुष्ठान किया।

बसंत पंचमी महोत्सव पर सुबह मेला प्रांगण से मंदिर परिसर तक भव्य कलशयात्रा निकाली गई, जिसमें पारंपरिक परिधानों में सजे श्रद्धालु माताजी के भजनों पर गुणगान करते हुए जयकारे लगाते रहे। मंदिर परिसर में वर्ष में पहली बार माताजी को गर्भगृह से बाहर सिंहासन पर विराजमान किया गया।

कुलदेवी के चरणदर्शन करने के लिए हजारों श्रद्धालु भक्तिभाव से लंबी कतारों में खडे़ रहे। अ.भा. नवयुवक संघ के अध्यक्ष मनीष गुप्ता अलोद वाले ने बताया कि मध्यप्रदेश व राजस्थान से आए नवयुवकों ने दर्शन व्यवस्था में सहयोग किया। दर्शन के पश्चात छप्पनभोग स्थल पर महाप्रसादी का वितरण हुआ।

जीवन में खिला उठा नया बसंत
इस सिद्धपीठ पर मेडतवाल समाज के कई नवयुगल दम्पत्ति परिवार सहित दर्शन करने पहुंचे और पूजा-अर्चना की। उन्होंने बताया कि 1 वर्ष पूर्व खैराबादधाम में हुए द्वादशवर्षीय मेले में वे दाम्पत्य सूत्र में बंधे। माताजी की आराधना से उनके जीवन में नया बसंत आया है।

मान्यता है कि फलदायिनी मां फलौदी के मंदिर पर मांगी हुई हर मन्नत पूरी हो जाती है। बंसत पंचमी के दिन मध्यप्रदेश व राजस्थान के विभिन्न शहरों व कस्बों से पहुंचे अभिभावक अपने बच्चों के सगाई-संबंधों पर चर्चा करने में व्यस्त रहे।

दूसरी छमाही में 7% रहेगी GDP ग्रोथ: चंदा कोचर

दावोस। देश की टॉप बैंकर चंदा कोचर ने कहा है कि भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था के सभी सेक्‍टर में बड़े बदलाव दिखाई दे रहे हैं। चालू वित्‍त वर्ष की दूसरी छमाही में देश की जीडीपी ग्रोथ रेट 7 फीसदी होनी चाहिए।

वर्ल्‍ड इकोनॉमिक फोरम (WEF) की सालाना मीटिंग में शामिल होने आईं आईसीआईसीआई बैंक की प्रमुख चंदा कोचर ने कहा कि 2017-18 के पूरे वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था की ग्रोथ रेट 6.5 फीसदी से अधिक रहेगी। इस मीटिंग को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत दुनिया के कई टॉप लीडर संबोधित करेंगे। 

कई सेक्‍टर में हो रहा है सुधार 
दावोस में वह दुनिया को क्या संदेश देना चाहेंगी, इस सवाल के जवाब में कोचर ने कहा कि स्पष्ट तौर पर चीजों में सुधार हो रहा है और कई सेक्‍टर में बड़े पैमाने पर सुधार देखा जा रहा है। कोचर ने अर्थव्यवस्था की धीमी रफ्तार की चिंता को खारिज करते हुए कहा कि सीएसओ का अनुमान है कि भारत की जीडीपी ग्रोथ रेट 6.5 फीसदी और ग्रास वैल्‍यू एडेड ग्रोथ 6.1 फीसदी रहेगी। 
 
कंजम्‍प्‍शन सेक्‍टर में अच्‍छी ग्रोथ  
कोचर ने कहा कि चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही में वृद्धि दर 6 फीसदी रही। दूसरी छमाही में यह 7 फीसदी की ग्रोथ हासिल कर लेगी, ऐसे पॉजिटिव संकेत हैं। कंज्‍यूमर नॉन ड्यूरेबल, पर्सनल लोन ग्रोथ, पैसेंजर ट्रैफिक, टू-व्‍हीलर और ऑटोमोबाइल सेल्‍स इंडस्ट्रियल प्रोडक्‍शन के पॉजिटिव संकेत दिखा रहे हैं। कोचर ने कहा कि इंडस्ट्रियल प्रोडक्‍शन के मोर्चे पर मैन्‍युफैक्‍चरिंग पीएमआई में हाल के महीनों में अच्‍छा-खास सुधार आया है। 

पद्मावत पर 4 राज्यों में प्रदर्शन; भोपाल-इंदौर, जयपुर में तोड़फोड़

नई दिल्ली/जयपुर/गुड़गांव। फिल्म पद्मावत की रिलीज को लेकर सोमवार को मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, गुजरात और उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन हुए। उत्तरप्रदेश में 200 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वहीं, मध्यप्रदेश के इंदौर और भोपाल में राजपूत करणी सेना से जुड़े लोगों ने तोड़फोड़ की।

उधर, राजस्थान के जयपुर में भी लोग सड़कों पर उतर आए। इस बीच इस फिल्म में अलाउद्दीन खिलजी का रोल निभाने वाले एक्टर रणवीर सिंह ने ट्वीट कर कहा कि खिलजी दानव था। बता दें कि संजय लीला भंसाली की यह फिल्म देशभर में 25 जनवरी को रिलीज होगी।

देश के पांच राज्यों में पद्मावतके खिलाफ प्रदर्शन
1) मध्यप्रदेश: गुजरात जाने वाली बस सर्विस बंद
-इंदौर में फिल्म के विरोध में करणी सेना सड़क पर उतर आई। इससे जुड़े लोगों ने सड़कों पर टायर जलाए। इंदौर से गुजरात जाने वाली बस सर्विस को बंद कर दिया गया है। कुछ लोगों ने यहां के मॉल में तोड़फोड़ की। कुछ ने
थिएटर के सामने लगे फिल्म को पोस्टर फाड़ दिए।
– इसे देखते शहर के सभी थिएटर और मल्टी प्लेक्स की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इंदौर के अलावा भोपाल, रतलाम और उज्जैन में भी लोग सड़कों पर उतर आए।
2) उत्तरप्रदेश: 200 लोगों के खिलाफ एफआईआर
-राज्य के गौतम बुद्ध नगर जिले के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शनों को लेकर पुलिस ने दो सौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज (एफआईआर) की। ये प्रदर्शन पिछले 24 घंटे के दौरान हुए थे। पुलिस ने बताया कि समाचार चैनलों से फुटेज मंगवा कर कार्रवाई की जा रही है।
– नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जिले में कई स्थानों पर प्रदर्शनकारियों ने रविवार को सड़क पर टायर रख कर, आग लगाकर, हरे भरे पेड़-पौधों को काटकर ट्रैफिक जाम कर दिया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने कई जगहों पर तोड़फोड़ भी की थी।
3) हरियाणा: सीएम ने कहा- एससी के आदेश का पालन किया जाएगा
– हरियाणा में भी इसे लेकर लोगों में गुस्सा दिखा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि यदि कोई सिनेमाघर इस फिल्म को नहीं दिखाना चाहेगा तो अच्छा होगा। अगर कोई इसकी स्क्रीनिंग करता है, तो उसे राज्य सरकार सिक्युरिटी देगी। यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। हम सुप्रीम कोर्ट के आदेश को पूरी तरह से अमल करेंगे।
– इस बीच करणी सेना के लोकेन्द्र​ सिंह कालवी ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने कहा- “फिल्म के प्रदर्शन के खिलाफ जनता ही कर्फ्यू लगा दे और फिल्म देखने नहीं जाए। ” उन्होंने सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स
मालिकों से कहा कि वे मूवी की स्क्रीनिंग न करें।

4) राजस्थान: फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स ने लिया फिल्म रिलीज नहीं करने का फैसला
-जयपुर, भीलवाड़ा समेत राज्य के कई हिस्सों में मूवी को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुए। करणी सेना का कहना है कि हमें विश्वास है कि जयपुर में कोई भी सिनेमाघर इस फिल्म को नहीं दिखाएगा। यदि कोई ऐसा करता है तो उसे इसका परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।
– भीलवाड़ा में करनी सेना का एक वर्कर उपेन्द्र सिंह सोमवार को भारत संचार निगम के 350 फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया और शाम तक मूवी को देशभर में बैन नहीं होने पर टावर से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। बाद में उसे नीचे उतारा गया।
– उधर, न्यूज एजेंसी ने रिपोर्ट दी कि फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स मरुधर सिने एंटरटेनमेंट और यशराज जय पिक्चर्स ने फिल्म को रिलीज नहीं करने का फैसला किया है।
– पुलिस कमिश्नर जयपुर संजय अग्रवाल का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू किया जाएगा। किसी को कानून हाथ में लेने नहीं दिया जाएगा।

रणवीर ने खिलजी को बताया दानव
– रणवीर सिंह ने सोमवार को ट्विटर पर ‘पद्मावत’ की रिलीज से पहले अलाउद्दीन खिलजी के कई अवतारों वाला एक कोलाज शेयर किया। इसमें उन्होंने खिलजी को एक दानव बताया। बता दें कि इस फिल्म में दीपिका पादुकोण रानी पद्मावती, शाहिद कपूर महारावल रतन सिंह के किरदार में हैं।
सुप्रीम कोर्ट पहुंची मध्य प्रदेश और राजस्थान की सरकारें
-मध्य प्रदेश और राजस्थान की सरकारों ने फिल्म की रिलीज रुकवाने के लिए सोमवार को सुप्रीम कोर्ट में अपील दायर की। सुप्रीम कोर्ट कल यानी 23 जनवरी को इस मामले की सुनवाई करेगा। सुप्रीम कोर्ट ने ही 18 जनवरी को फिल्म को देशभर में रिलीज करने के ऑर्डर दिए थे।

कारोबारियों की मांग से सोना चमका, 31,075 रुपये बिका

नई दिल्ली/कोटा । वैश्विक स्तर पर मजबूती के रुख तथा स्थानीय आभूषण कारोबारियों की मांग बढ़ने से सोमवार को सोना 225 रुपये चढ़कर 31,075 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। हालांकि, उपभोक्ता उद्योगों की छिटपुट मांग के बीच चांदी के भाव 39,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रहे।

राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 फीसदी और 99.5 फीसदी शुद्धता का भाव 225 रुपये की तेजी के साथ 31,075 और 30,925 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। शनिवार को इसमें 20 रुपये की तेजी आई थी। गिन्नी के भाव भी 100 रुपये चढ़कर 24,900 रुपये प्रति आठ ग्राम पर पहुंच गए। वहीं दूसरी ओर चांदी तैयार 39,900 रुपये पर स्थिर बंद हुए।

जबकि चांदी साप्ताहिक डिलिवरी के भाव 145 रुपये चढ़कर 39,015 रुपये प्रति किलोग्राम रहे। चांदी सिक्का हालांकि, 74,000 रुपये प्रति सैकड़ा लिवाल और 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा बिकवाल पर कायम रहा।

कमजोर डॉलर ने भी बढ़ाए सोने के दाम
बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि वैश्विक बाजारों में डॉलर की कमजोरी से सोने में तेजी आई। सिंगापुर में सोना 0.06 प्रतिशत बढ़कर 1,331.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। डॉलर जब कमजोर होता है तो अन्य मुद्राओं में सोने का आयात सस्ता हो जाता है, जिससे इसकी मांग बढ़ने से कीमतों में इजाफा होता है। विशेषज्ञो ने कहा कि इसके अलावा मौजूदा शादी ब्याह के सीजन की वजह से स्थानीय सर्राफा कारोबारियों की मांग बढ़ने से भी सोने की चमक बढ़ गई। 

कोटा सर्राफा 
चांदी 39600 रुपये प्रति किलो। 
सोना केटबरी 30800 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35920 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 30950 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36100 रुपये प्रति तोला। 

फ्रेंड की शादी में नाची आल‍िया भट्ट, देखिए वीडियो

जोधपुर। बॉलिवुड ऐक्ट्रेस आलिया भट्ट अपनी दोस्त कृपा मेहता की शादी में शामिल होने के लिए रविवार को जोधपुर पहुंची। यहां आलिया को एयरपोर्ट पर उनके फैंस ने घेर लिया। काफी मुश्किलों के बाद वह अपनी कार तक पहुंच पाईं।

इस फंक्शन की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं जिसमें आलिया अपने दोस्तों के साथ नजर आ रही हैं। खास बात यह है कि इस प्रोग्राम में आलिया ने ‘हवा-हवा’ गाने पर डांस भी किया जिसका विडियो भी वायरल हो रहा है।बता दें, आलिया अपने बचपन की दोस्त कृपा मेहता और यश मेहता की शादी में शरीक होने पहुंची थीं।

इसके पहले कृपा और यश की मुंबई में आयोजित सगाई और प्री वेडिंग पार्टी में भी आलिया शामिल हुई थीं।वर्क फ्रंट की बात करें तो आलिया ‘गली बॉय’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। वह इस फिल्म में रणवीर सिंह के साथ नजर आएंगी। इसके अलावा वह फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ में अमिताभ बच्चन और रणबीर कपूर के साथ दिखेंगी।

सेंसेक्स 286 अंक बढ़ा, निफ्टी पहली बार 10,950 के पार बंद

नई दिल्ली। नए साल में शेयर बाजार में तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। हैवीवेट शेयरों टीसीएस (4.68%), रिलायंस इंडस्ट्रीज (4.37%) और ओएनजीसी (3.33%) में शानदार बढ़त से सोमवार को भारतीय शेयर बाजार एक फिर नई ऊंचाई पर बंद हुए। सेंसेक्स 286 अंक बढ़कर 35,798 अंक पर औऱ निफ्टी 71 अंक उछलकर 10,966 अंक पर बंद हुआ।

बाजार में बढ़त से जहां सेंसेक्स 35827.70 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं निफ्टी ने 10,975.10 के नए लेवल को छुआ। तीसरे क्वार्टर में कंपनियों की बेहतर अर्निंग और हाल में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों जैसे चुनिंदा सेक्टर्स में प्रोडक्ट एंड सर्विसेज में जीएसटी रेट में कटौती से मार्केट का सेंटीमेंट्स सुधरा है।

 पिछले रिकॉर्ड हाई लेवल
19 जनवरी: निफ्टी ने 10900 के आंकड़े को पार करते हुए 10906.85 के लेवल पर पहुंचा। वहीं सेसेक्स भी 35542.17 प्वाइंट्स की नई ऊंचाई पर पहुंचा।
17 जनवरी: सेंसेक्स 35118.61 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। निफ्टी ने भी पहली बार 10803 के लेवल को छुआ। 
15 जनवरी: निफ्टी 10782.65 के नए रिकॉर्ड पर पहुंचा, जबकि सेंसेक्स ने 34963.69 के लेवल को छुआ।
12 जनवरी: सेंसेक्स ने 34638.42 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं, निफ्टी 10690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा।
11 जनवरी: निफ्टी ने 10664.60 का ऑलटाइम हाई बनाया था।
09 जनवरी: को सेंसेक्स ने ऊंचाई का नए लेवल 34565.63 प्वाइंट्स को छुआ।
08 जनवरी: को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का लेवल छुआ, वहीं निफ्टी 10631.20 की ऊंचाई तक गया था।
5 जनवरी: 2018 को सेंसेक्स 34175 और निफ्टी 10566.10 प्वाइंट्स तक गया था।
 
टीसीएस का स्टॉक 3 हजार के स्तर पर पहुंचा
– देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस का स्टॉक 52 हफ्ते की नई ऊंचाई
3124.95 रुपए पर पहुंच गया।
– बीएसई पर स्टॉक में 5.76 फीसदी की तेजी आई।
 
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स 74% प्रीमियम पर हुआ लिस्ट
अपोलो माइक्रो सिस्टम्स का शेयर बीएसई पर 73.82 फीसदी प्रीमियम के साथ लिस्ट 478 रुपए के भाव पर लिस्ट हुआ। कंपनी का इश्यू प्राइस 275 रुपए प्रति शेयर तय किया गया था। इश्यू से कंपनी ने 156 करोड़ रुपए जुटाए हैं।
 
मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में तेजी
– लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी अच्छी खरीददारी दिखी। निफ्टी मिडकैप100 इंडेक्स 0.93 फीसदी बढ़ा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप100 इंडेक्स में 0.70 की तेजी आई।
 
आईटी-रियल्टी इंडेक्स 2% से ज्यादा बढ़े, मेटल-पीएसयू बैंक इंडेक्स टूटे
बढ़त के साथ कारोबार में सेक्टोरल इंडेक्स में मेटल और पीएसयू बैंक इंडेक्स को छोड़ सभी इंडेक्स बढ़त के साथ बंद हुए। निफ्टी आईटी इंडेक्स 2.01 फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड हाई 12,877.70 अंक पर बंद हुए। वहीं निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 2.10 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।

बैंक निफ्टी इंडेक्स में 0.46 फीसदी, ऑटो में 0.13 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.24 फीसदी और निफ्टी फार्मा में 0.35 फीसदी की बढ़त रही। हालांकि निफ्टी मेटल इंडेक्स में 0.45 फीसदी और निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में 0.74 फीसदी की गिरावट रही।

इधर देखिए मैं प्रेग्नेंट नहीं हूं, प्रीति जिंटा ने कहा

मुंबई। बॉलिवुड की खूबसूरत, चुलबुली, डिंपल गर्ल प्रीति जिंटा बीते शनिवार को आयोजित फिल्मफेयर अवॉर्ड समारोह के रेड कारपेट पर एक खूबसूरत गुलाबी गाउन में नजर आईं। इस मौके पर प्रीति ने बड़ी बेबाकी से रेड कारपेट पर खुद को दिखाते हुए और अपनी कमर अथवा बेली की ओर इशारा करते हुए बताया, ‘देखो इधर मैं प्रेग्नेंट नहीं हूं।’

दरअसल प्रीति जिंटा हाल ही में लूज फिट ड्रेस में देखी गईं। इतना ही नहीं उन्होंने ब्लैक स्टोल से बेली को भी ढंक रखा था। गुरुवार को प्रीति इस गेटअप में मुंबई के एक पार्लर से बाहर आती दिखाई दीं तो वहां मौजूद फटॉग्रफर्स ने उन्हें अपने कैमरे में कैद कर लिया। इसके बाद से यह तस्वीरें वायरल हैं और उनके प्रेग्नेंट होने के कयास लगाए जा रहे हैं।

बस अपनी प्रेग्नेंसी की इस खबर से पर्दा उठाने के लिए प्रीति ने फिल्मफेयर अवॉर्ड समारोह के रेड कारपेट पर जमकर तसल्ली से अलग-अलग पोज देते हुए अपनी तस्वीरें खिचवाईं और जाते-जाते यह भी बता दिया कि वह फिलहाल प्रेग्नेंट नहीं है। यह पहली बार नहीं है जब प्रीति की प्रेग्नेंसी को लेकर खबरें आई है, बता दें कि फरवरी 2017 में भी इस तरह की खबरें थीं।

प्रीति ने अपने इंग्लिश बॉयफ्रेंड जीन गुडइनफ के साथ अपने रिश्ते को छिपाकर रखा। इसके बाद उन्होंने लॉस एंजिलिस में सिंपल सेरिमनी में 29 फरवरी 2016 को शादी भी कर ली थी। अब जब शादी हो गई है तो लोगों को नए मेहमान के आने का इंतजार भी है। वैसे भी शादी के बाद अगर कोई लूज फिट कपड़े पहने दिखाई दे तो उसकी प्रेग्नेंसी के चर्चे अपने आप शुरू हो जाते हैं।

प्रीति अपने शुरुआती दिनों से ही बेबाक रही हैं, वह अपनी बात खुलकर दुनिया के सामने रखती हैं। फिर चाहे कोई बात उनके पर्सनल रिश्ते से संबधित हो या किसी तरह का कोई बिज़नस अथवा अन्य विवाद, प्रीति ने हमेशा ही अपनी बात खुल कर बेबाकी से सबके सामने रखी है।

769 में स्पाइस जेट कराएगा हवाई सफर, रिपब्लिक डे ऑफर

0

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। ऐसे में कई कंपनियां इस मौके को भुनाने का कोई मौका छोड़ना नहीं चाहती हैं। ऐसे में स्पाइस जेट अपने पैसेंजर्स के लिए डिस्काउंट ऑफर लेकर आया है।

स्पाइस जेट ‘ग्रेट रिपब्लिक डे सेल’ के नाम से यह ऑफर लेकर आई है, जिसके तहत डमेस्टिक रूट्स पर फ्लाइट का शुरुआती किराया 769 रुपये और इंटरनैशनल रूट्स के लिए यह कीमत 2469 रुपये तय की गई है। एयरलाइन ने अपनी वेबसाइट पर जारी बयान में यह जानकारी दी। सेल पीरियड 22 से 25 जनवरी है जबकि ट्रैवल पीरियड 12 दिसंबर तक है।

डमेस्टिक पैसेंजर्स को सर्विस देने के लिहाज से स्पाइस जेट इंडिया की तीसरी सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी है। एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि कस्टमर्स इस ऑफर का फायदा स्पाइस जेट की मोबाइल ऐप के जरिए भी उठा सकते हैं। इसके लिए प्रोमो कोड REP69 है। यह ऑफर एक तरफ के ट्रैवल के लिए ही लागू होगा। इसके इस ऑफर को किसी अन्य ऑफर के साथ क्लब नहीं किया जा सकता है, साथ ही ग्रुप बुकिंग पर यह ऑफर लागू नहीं होगा।

यह ऑफर सीमित समय के लिए है, जो पहले आओ, पहले पाओ की तर्ज पर मिलेगा। वेबसाइट पर जारी बयान में कहा गया है कि फ्लाइट, एयरलाइन की वेबसाइट, मोबाइल ऐप, ट्रैवल पोर्टल्स और बुकिंग एजेंट के जरिए भी बुक की जा सकती है। हालांकि इसमें यह भी कहा गया है कि मोबाइल ऐप के जरिए टिकट बुक करने पर अडिशनल डिस्काउंट भी मिल सकता है। इससे पहले इंडिगो और विस्तारा एयरलाइंस भी कुछ रूट्स के लिए डिस्काउंट ऑफर लेकर आई थी।

देश की 1% अमीर आबादी ने हथिया लिया बढ़ी संपत्ति का 73% हिस्सा

दावोस।.पिछले साल भारत में जितनी संपत्ति का निर्माण हुआ, उसका 73 प्रतिशत हिस्सा देश के 1 प्रतिशत धनाढ्य लोगों ने हथिया लिया। सोमवार को जारी एक सर्वे रिजल्ट में देश में बढ़ती आय असामनता की यह भयावह तस्वीर सामने आई है।  सर्वे के मुताबिक, 67 करोड़ भारतीयों की संपत्ति में महज 1 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।

वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के सालाना सम्मेलन की शुरुआत से कुछ घंटों पहले इंटरनैशनल राइट्स ग्रुप ऑक्सफैम की ओर से जारी सर्वे रिजल्ट में पता चला है कि यह आंकड़ा सबसे गरीब भारतीयों का है जो देश की कुल आबादी का आधा है।

वैश्विक स्तर पर तो स्थित और भी भयावह जान पड़ती है। सर्वे के मुताबिक, पिछले साल दुनिया की संपत्ति में जो इजाफा हुआ, उसका 82 प्रतिशत हिस्सा महज एक प्रतिशत अमीर आबादी के हाथ लग गया जबकि दुनिया के 3.7 अरब लोगों की संपत्ति में कोई वृद्धि दर्ज नहीं हुई। गरीबों की यह तादाद विश्व की कुल आबादी के आधे हिस्से के बराबर है।

ऑक्सफैम के सालाना सर्वे के नतीजों पर दुनियाभर की नजर रहती है और इस पर वर्ल्ड इकनॉमिक फोरम के सालाना सम्मेलन में भी चर्चा होती है। दरअसल, इस सम्मेलन के महत्वपूर्ण विषयों में आय असमानता की बढ़ती खाई और लैंगिक असमानता जैसे मुद्दे प्रमुख होते हैं।

पिछले साल के सर्वे में पता चला कि भारत की सबसे धनी 1 प्रतिशत आबादी के पास देश की कुल 58 प्रतिशत संपत्ति है। यह वैश्विक स्तर पर 50 प्रतिशत के आंकड़े से ज्यादा है। इस साल के सर्वे से भी पता चलता है कि 2017 में देश की सबसे धनी 1 प्रतिशत आबादी की संपत्ति 20.9 प्रतिशत बढ़ी।

यह राशि वित्त वर्ष 2017-18 के लिए भारत सरकार की बजट राशि के बराबर है। ‘रिवॉर्ड वर्क, नॉट वेल्थ’ के नाम से जारी रिपोर्ट में ऑक्सफैम ने यह उजागर किया है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था ने कैसे धनाढ्यों के समूह को अकूत संपत्ति प्रदान की जबकि लाखों-करोड़ों लोग गरीबी रेखा से नीचे होने के कारण सरकारी योजनाओं के सहारे जीने का संघर्ष कर रहे हैं।

एक अध्ययन में कहा गया है कि न्यूनतम मजदूरी पाने वाले ग्रामीण भारत का किसी मजूदर को देश के किसी गारमेंट कंपनी के एक टॉप एग्जिक्युटिव की एक साल की आमदनी के बराबर कमाई करने में 941 साल लग जाएंगे। इसी तरह, अमेरिका में एक सामान्य कामगार सालभर में जितना कमाता है, उतना एक सीईओ एक दिन में ही कमा लेता है। सर्वे में 10 देशों के 70,000 लोगों से पूछताछ की गई।

सरकार कर सकती है 80C लिमिट में 30 हजार का इजाफा

0

नई दिल्ली। वित्त मंत्री अरुण जेटली मिडिल क्लास को इस बार बजट में बड़ी राहत दे सकते हैं। 2018-19 के बजट में सरकार 80C लिमिट में इजाफा कर सकती है। इसके तहत सरकार 1.5 लाख रुपए की टैक्स छूट लिमिट में 30 हजार रुपए का इजाफा करने की तैयारी में है।

अगर ऐसा होता है तो टैक्स पेयर्स सेविंग बढ़ाकर इनकम टैक्स पर ज्यादा छूट पा सकेंगे। इस संबंध में सरकार को इंडस्ट्री बॉडी से लेकर इकोनॉमिस्ट ने भी सलाह दी है कि 80सी की लिमिट को बढ़ाया जाना चाहिए। उनके मुताबिक, कॉस्ट ऑफ लिविंग बढ़ने की वजह से 1.5 लाख की लिमिट को 2 लाख रुपए किया जाना चाहिए।

 क्या है प्लान?
सूत्रों के मुताबिक, 2019 में चुनाव को देखते हुए मोदी सरकार के पास आखिरी मौका है जब वह मिडिल क्लास को खासतौर परद इनकम टैक्‍स में राहत दे सकेगी। ऐसे में सरकार के लेवल पर इस बात की संभावना तलाशी जा रही है कि 80C लिमिट को बढ़ाया जाए। 

 इसमें सरकार के लेवल पर यह सोच है कि टैक्स सेविंग लिमिट बढ़ने से जहां मिडिल क्लास को टैक्स के लेवल पर राहत मिलेगी, वहीं फाइनेंशियल इन्स्ट्रूमेंट में इन्वेस्टमेंट भी बढ़ेगा। ऐसे में 1.50 लाख रुपए की लिमिट को बढ़ाकर 1.80 लाख किया जा सकता है। हालांकि, सरकार को सभी स्टेकहोल्डर्स से लिमिट को 2 लाख रुपए तक करने का प्रपोजल मिला है।
 
80C लिमिट बढ़ने से कैसे मिलेगा फायदा? 
– अभी 2.5 लाख रुपए तक सालाना इनकम के लोगों को किसी तरह का इनकम टैक्स नहीं चुकाना पड़ता है। जबकि, उससे ज्यादा के इनकम वालों को 5%, 20% और 30% इनकम टैक्स चुकाना पड़ता है। 

अभी सरकार 80C लिमिट के तहत 1.50 रुपए तक सेविंग पर एक्स्ट्रा टैक्स छूट का फायदा देती है। यानी, टैक्सपेयर इन्श्योरेंस, पीपीएफ, ईपीएफ, ट्यूशन फीस, होम लोन में प्रिंसिपल पार्ट, एनपीएस, सुकन्या समृद्दि स्कीम जैसी योजनाओं में 1.5 लाख रुपए तक इन्वेस्ट कर टैक्स छूट ले सकते हैं।

यानी अभी टैक्स पेयर 2.5 लाख के बाद 1.5 लाख रुपए और इन्वेस्ट कर टैक्स बचा सकते हैं। सरकार ने इसमें 30 हजार का इजाफा किया तो 1.80 लाख तक के इन्वेस्टमेंट पर छूट मिलेगी।