Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 5539

लगातार छठे सेशन में मार्केट रिकॉर्ड हाई पर बंद

नई दिल्ली।  एफएंडओ एक्सपायरी के पहले बुधवार को शेयर बाजार की सपाट क्लोजिंग हुई।  लगातार छठवें सेशन में बाजार ने नई ऊंचाइयों को छुआ। आईटी और फार्मा शेयरों में तेजी से मार्केट एक बार फिर रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ। सेंसेक्स 22 अंक बढ़कर 36,161 अंक पर और निफ्टी 2 अंक उछलकर 11,086 अंक पर बंद हुआ।

कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 36,268.19 और निफ्टी ने 11,110.10 अंक को छुआ। ग्लोबल संकेतों से बुधवार को बाजार की सुस्त शुरुआत हुई थी। इसके बाद बाजार में खरीददारी बढ़ी जिससे मार्केट रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। लेकिन ऊपरी स्तर पर प्रॉफिट बुकिंग की वजह से बाजार में बढ़त कायम नहीं रह सकी।

दिन भर बाजार में उतार-चढ़ाव भरा कारोबार देखने को मिला। हैवीवेट शेयरों रिलायंस इंडस्ट्रीज औऱ आईसीआईसीआई बैंक में मुनाफावसूली देखने को मिली। जिससे बाजार पर दबाव बना।
 
क्या हुआ था मंगलवार को? 
मंगलवार को पहली बार सेंसेक्स 36,000 और निफ्टी 11,000 के पार पहुंच गया था। सेंसेक्स की यह अब तक की सबसे तेज रैली रही थी।

महज 4 ट्रेडिंग डे में एक हजार अंक से ज्यादा चढ़ा। निफ्टी को 10 हजार से 11 हजार तक पहुंचने में 6 महीने लगे। बाद में शाम को सेंसक्स 341.97 अंक की तेजी के साथ 36,139.98 पर और निफ्टी 117 की बढ़त पर 11,083.70 पर बंद हुआ था। 
 
मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स गिरे
उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में कमजोरी देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.57 फीसदी टूटकर 17976 अंक पर बंद हुआ।
वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 0.90 फीसदी की गिरावट रही।
 
आईटी इंडेक्स 1.68 फीसदी बढ़ा, मेटल-ऑटो इंडेक्स टूटे
सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी आईटी इंडेक्स में सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज की गई। इंडेक्स 1.68 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी मेटल इंडेक्स में सबसे ज्यादा 1.67 फीसदी की गिरावट रही, जबकि निफ्टी ऑटो इंडेक्स 0.51 फीसदी गिरा। इसके अलावा निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स में 0.33 फीसदी, निफ्टी फार्मा में 0.72 फीसदी और निफ्टी रियल्टी में 0.08 फीसदी की तेजी दिखी।
 
एयरटेल-आइडिया के स्टॉक 6.5% तक टूटे
 रिलायंस जियो का रिपब्लिक डे ऑफर दूसरी टेलिकॉम कंपनियों के स्टॉक्स के लिए खासा भारी पड़ा। बुधवार को भारती एयरटेल और आइडिया के स्टॉक्स में 6.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

भारती एयरटेल का शेयर लगभग 6 फीसदी गिरकर 461 रुपए पर आ गया और आइडिया सेल्युलर का शेयर लगभग 6.50 फीसदी गिरकर 93 रुपए पर आ गया।
 
Idea को 1285 करोड़ रुपए का नुकसान
आइडिया सेल्युलर को लगातार 5वीं तिमाही में नुकसान उठाना पड़ा है। दिसंबर में समाप्त क्वार्टर के दौरान मोबाइल ऑपरेटर का नुकसान बढ़कर 1285 करोड़ रुपए तक पहुंच गया, जबकि बीते साल समान तिमाही के दौरान कंपनी को 384 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
 
पिछले रिकॉर्ड हाई लेवल
23 जनवरी: निफ्टी पहली बार 11000 के लेवल को पार करते हुए 11,092.90 के स्तर पर पहुंचा। वहीं सेंसेक्स भी 36170.83 के हाई पहुंच गया।
22 जनवरी:  सेंसेक्स 35827.70 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं निफ्टी ने 10,975.10 के नए लेवल को छुआ।
19 जनवरी: निफ्टी ने 10900 के आंकड़े को पार करते हुए 10906.85 के लेवल पर पहुंचा। वहीं सेसेक्स भी 35542.17 प्वाइंट्स की नई ऊंचाई पर पहुंचा।
17 जनवरी: सेंसेक्स 35118.61 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। निफ्टी ने भी पहली बार 10803 के लेवल को छुआ। 
15 जनवरी: निफ्टी 10782.65 के नए रिकॉर्ड पर पहुंचा, जबकि सेंसेक्स ने 34963.69 के लेवल को छुआ।
12 जनवरी: सेंसेक्स ने 34638.42 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं, निफ्टी 10690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा।
11 जनवरी: निफ्टी ने 10664.60 का ऑलटाइम हाई बनाया था।
09 जनवरी: को सेंसेक्स ने ऊंचाई का नए लेवल 34565.63 प्वाइंट्स को छुआ।
08 जनवरी: को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का लेवल छुआ, वहीं निफ्टी 10631.20 की ऊंचाई तक गया था।
5 जनवरी: 2018 को सेंसेक्स 34175 और निफ्टी 10566.10 प्वाइंट्स तक गया था।

आइडिया सेल्युलर का घाटा बढ़कर 1284.5 करोड़ रुपये पर पहुंचा

0

नई दिल्ली। टेलिकॉम कंपनी आइडिया सेल्युलर ने बुधवार को तीसरी तिमाही का रिजल्ट जारी किया जिसमें उसका घाटा बढ़कर 1,284.50 करोड़ रुपये दिखाया गया है। आइडिया को पिछले साल की दिसंबर तिमाही में ही 383.90 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था।

कंपनी ने एक रिलीज में कहा है कि 31 दिसंबर 2017 तक उसका कुल कर्ज 55,781.80 करोड़ रुपये था। इसमें नीलामी में प्राप्त स्पेक्टर्म के लिए डेफर्ड पेमेंट ऑब्लिगेशन के तहत डिपार्टमेंट ऑफ टेलिकॉम का कर्ज भी शामिल है।

उसका कहना है कि नए मोबाइल टर्मिनेशन चार्ज (एमटीसी) और इंटरकनेक्शन यूजेज चार्ज (आईयूसी) में कटौती ने घाटे को बढ़ा दिया। कंपनी के मुताबिक, 31 दिसंबर 2017 को उसके 20 करोड़ 30 लाख ग्राहक थे।

तिमाही नतीजों की घोषणा के बाद बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज पर आइडिया सेल्युलर के शेयर 5 प्रतिशत टूटकर 94.10 रुपये पर ट्रेड कर रहे थे। दिसंबर तिमाही में सारी जवाबदेहियों को हटाकर (EBITDA) हुई कमाई 18.5 प्रतिशत घटकर 1,223.3 करोड़ रुपये रह गई जो दूसरी तिमाही में 1,501.6 करोड़ रुपये थी।

वोडाफोन इंडिया के साथ मर्जर को लेकर कंपनी ने कहा कि अब रेग्युलेटरी अप्रूवल्स का इंतजार है और उम्मीद है कि दोनों कंपनियों के विलय की प्रक्रिया जून से पहले पूरी हो जाएगी।

चारा घोटाले से जुड़े तीसरे केस में लालू और मिश्र को 5 साल की सजा

रांची/पटना।  चारा घोटाले से जुड़े तीसरे केस में बुधवार को लालू प्रसाद को पांच साल की सजा सुनाई गई। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट के जज एसएस प्रसाद ने चाईबासा ट्रेजरी से अवैध तरीके से निकाले गए 33.67 करोड़ रुपए मामले में यह फैसला सुनाया। इससे पहले वे देवघर ट्रेजरी और चाईबासा ट्रेजरी के एक और केस में दोषी करार दिए जा चुके हैं।

कोर्ट ने बिहार के एक और पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्र को भी दोषी माना है। खास बात ये है कि देवघर ट्रेजरी केस में जगन्नाथ मिश्र भी आरोपी थे, लेकिन तब उन्हें बरी कर दिया गया था। मिश्र को भी पांच की सजा दी गई है।

कितने आरोपियों को दोषी करार दिया गया?
इस केस में 69 साल के लालू प्रसाद यादव समेत 50 आरोपियों को कोर्ट ने दोषी माना है। 6 आरोपियों को बरी किया है।

क्या है चाईबासा ट्रेजरी मामला?
– चाईबासा ट्रेजरी से 1992-93 में 67 फर्जी आवंटन पत्र पर 33.67 करोड़ की अवैध निकासी हुई थी। 1996 में केस दर्ज हुआ। कुल 76 आरोपी थे। सुनवाई के दौरान 14 आरोपियों का निधन हो गया। दो आरोपी सुशील कुमार झा और प्रमोद कुमार जायसवाल ने जुर्म कबूल लिया। तीन आरोपियों दीपेश चांडक, आरके दास और शैलेश प्रसाद सिंह को सरकारी गवाह बना दिया गया।

इस घोटाले में कौन-कौन बड़े नाम शामिल हैं?
– लालू यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र, विद्यासागर निषाद, जगदीश शर्मा, ध्रुव भगत और आर के राणा के अलावा तीन पूर्व आईएएस अफसर फूलचंन्द्र सिंह, महेश प्रसाद, सजल चक्रवर्ती और एक ट्रेजरी अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा 56 आरोपियों में 40 सप्लायर हैं।

लालू पर कितने केस चल रहे हैं?
– आरजेडी चीफ पर चारा घोटाले से जुड़े 6 केस चल रहे हैं। अब तक तीन मामलों में वो दोषी करार दिए गए हैं।
किन तीन मामलों में दोषी करार दिए गए?
– दो केस चाईबासा ट्रेजरी से जुड़े हैं। बुधवार को चाईबासा ट्रेजरी से अवैध तरीके से 33.67 करोड़ निकाले जाने के मामले में दोषी माना। इससे पहले 3 अक्टूबर, 2013 को चाईबासा ट्रेजरी से 37.7 करोड़ रुपए निकालने के मामले में

कोर्ट ने पांच साल की जेल की सजा सुनाई थी।
– एक केस देवघर ट्रेजरी से जुड़ा है। इस घोटाले में उन्हें 23 दिसंबर, 2017 को दोषी ठहराया गया था और 6 जनवरी को साढ़े 3 साल की सजा सुनाई गई थी।

किन 3 मामलों में फैसला आना बाकी?
1) दुमका ट्रेजरी केस में। इसमें 3.13 करोड़ रुपए की अवैध निकासी हुई थी। मामले की सुनवाई भी रांची में सीबीआई के स्पेशल जज शिवपाल सिंह के कोर्ट में चल रही है।
2) भागलपुर ट्रेजरी केस में। इसमें 47 लाख रुपए की अवैध निकासी हुई थी। इस केस का ट्रायल पटना सीबीआई कोर्ट में चल रहा है।
3)डोरंडा ट्रेजरी से जुड़े मामले में। आरोप है कि इस घोटाले में 139 करोड़ रुपए की अवैध निकासी हुई थी। यह केस जज प्रदीप कुमार की अदालत में चल रहा है।
लालू फिलहाल कहां हैं?
– लालू प्रसाद यादव 23 दिसंबर से रांची के बिरसा मुंडा जेल में बंद हैं।

इस फैसले पर किसने क्या कहा?
– लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने कहा- “सीएम के पास 95 फीसदी लोग दागी हैं। मुंगेर में दलितों का रास्ता रोका गया। हमने राज्यपाल महोदय को ज्ञापन दिया है। बिहार में लगातार लॉ एंड ऑर्डर के हालात खराब हैं। इस सरकार को नैतिक आधार पर इस्तीफा देना चाहिए। 75 कैबिनिट मंत्री दागी हैं। कर्मचारी खुश नहीं हैं। बिहार और देश विनाश की तरफ बढ़ रहा है।”
– “लालू पर जो फैसला आया है, बिहार और देश की जनता लालू जी को हीरो मानती है। ये बीजेपी और संघ की साजिश है। हमें हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाने की छूट है। लालू जी को फंसाया गया है। बीजेपी और नीतीश चाहते हैं कि दिसंबर 2018 में ही लोकसभा और विधानसभा चुनाव हो जाएं। जनता में आक्रोश है। जिसको वोट दिया वो कारागार में है। जिसको नहीं दिया वो सरकार में है।”
– बिहार के डिप्टी सीएम सुशील मोदी ने कहा- “हमें कोई आश्चर्य नहीं। यह तो होना ही था क्योंकि लालू के खिलाफ पुख्ता सबूत थे। वो अब कोर्ट पर आरोप लगा रहे हैं। श्याम बिहारी सिन्हा इस घोटाले के मास्टरमाइंड थे और वो लालू के बच्चों के लोकल गार्जियन थे।”
-“शिवानंद तिवारी आज लालू के साथ हैं। लेकिन, उन्होंने तो लालू के खिलाफ गवाही दी थी। तीन अलग-अलग अदालतों में लालू का केस चला। सभी ने सजा सुनाई। वो तो अब गांव के मुखिया का भी चुनाव नहीं लड़ सकते।”

पद्मावत : देशभर में उग्र प्रदर्शन, सुप्रीम कोर्ट का आदेश नहीं मान रही करणी सेना

नई दिल्ली/ कोटा । संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत का विरोध 6 राज्यों तक पहुंच गया है। जम्मू-कश्मीर समेत राजस्थान, हरियाणा, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में राजपूत संगठन और उनके समर्थक विरोध कर रहे हैं। गुजरात, हरियाणा और राजस्थान में बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने गाड़ियों में आग लगाई और पत्थरबाजी की। राजस्थान में चित्तौड़गढ़ किला बंद कर दिया गया।

गुड़गांव और चंडीगढ़ समेत हरियाणा के 4 शहरों में धारा 144 लगाई गई है। इस बीच करणी सेना के चीफ लोकेंद्र सिंह काल्वी ने कहा- हम देश में फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे। उधर, अरविंद केजरीवाल ने कहा, “सुप्रीम कोर्ट और सरकार मिलकर सुरक्षा के साथ फिल्म रिलीज नहीं करवा पा रहे हैं। ऐसे में निवेश कैसे होगा। एफडीआई को भूल जाएं। लोकल इन्वेस्टर्स भी ऐसे में कतराएंगे। ये रोजगार के लिए बुरा है।

सेना के संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी ने फैसले पर निराशा जताते हुए बताया कि अब हम जनता के बीच जाएंगे। उन्होंने कहा कि फिल्म को रोकने के लिए हम पहले ही जनता कर्फ्यू की घोषणा कर चुके हैं। इसके तहत जनता सिनेमाघरों में फिल्म का प्रदर्शन रोकेगी। हमने सिनेमाघरों मालिकों और वितरकों से भी समर्थन और सहयोग मांगा है।

संगठन की चित्तौड़गढ़ इकाई के अध्यक्ष ने दावा किया कि ‘जौहर’ करने के लिए पंजीकरण करा चुकीं 1908 महिलाएं तैयार बैठी हैं। ‘जौहर’ के स्थान पर लकड़ियां जमा कर दी गई हैं।  उन्होंने कहा, ‘अब हम जनता की अदालत में खड़े हैं और हमें विश्वास है कि फिल्म का पूर्ण बहिष्कार करने में वह हमारा समर्थन करेगी।’

इस दौरान संगठन की चित्तौड़गढ़ इकाई के एक वरिष्ठ प्रवक्ता ने कहा कि रानी पद्मावती के शहर के लोग सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से निराश हैं। उन्होंने कहा, ‘हम चाहें तो हिसंक रास्ता अपनाकर लोगों और पर्यटकों को परेशान कर सकते हैं, लेकिन हमारी महिलाओं ने बिना किसी को परेशान किए जौहर करने का निर्णय लिया है।’

फिल्म देखने को दल गठित
कालवी ने बताया कि वह फिल्म नहीं देखेंगे। लेकिन फिल्म देखने के लिए इतिहासकार आर.एस. खंगारोत, बी.एल. गुप्ता, कपिल कुमार, रोशन शर्मा, मेवाड़ राज परिवार के सदस्य विश्वराज सिंह और बांसवाड़ा राज परिवार के सदस्य जगमाल सिंह को पैनल में शामिल किया गया है।

उन्होंने कहा कि फिल्म पहले देख चुके इतिहासकार कपिल कुमार उसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे मात्र इतना चाहते थे कि नौ इतिहासकारों को फिल्म दिखाई जाए। फिल्मकारों ने मात्र तीन इतिहासकारों को फिल्म दिखाई थी।

मध्य प्रदेश में उग्र प्रदर्शन, बल प्रयोग 
मध्य प्रदेश के भोपाल में करणी सेना, राजपूत समाज सहित हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और उन्होंने जिलाधिकारी कार्यालय में डेरा डाल दिया। प्रदर्शन में महिलाएं भी शामिल हैं। करणी सेना के सदस्य ऋषिराज ने कहा, ‘करणी सेना फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने देगी। हमारा आंदोलन जारी रहेगा।’ 

इसी तरह ग्वालियर, इंदौर, उज्जैन, रतलाम और मुरैना में भी प्रदर्शन जारी है। कई स्थानों पर लोगों ने टायर जलाकर और सड़क जाम कर यातायात बाधित करने की कोशिश की। कई जगह पुलिस को हल्का बल प्रयोग भी करना पड़ा। राज्य के विधि एवं विधायी मंत्री रामपाल सिंह ने संभलकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सरकार समाज और न्यायालय के सम्मान का ध्यान रखते हुए फैसले की समीक्षा करेगी और आवश्यक कदम उठाएगी। 

जयपुर में आगजनी

राजस्थान में तीन आयोजन
 राजस्थान के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) एन.आर.के. रेड्डी ने बताया कि फिल्म के प्रदर्शन की तारीख, पांच दिवसीय जयपुर साहित्य उत्सव 25 जनवरी से शुरू हो रहा है और 26 जनवरी के दौरान प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधीक्षकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए है। यहां राजपूत नेताओं ने रानी पद्मिनी के सम्मान में केन्द्र सरकार से विवादित फिल्म पर प्रतिबंध लगाने के लिए अध्यादेश लाने की मांग की है।

यूपी में प्रदर्शन-पथराव
पद्मावत विरोध की आग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में भी पहुंच गई। क्षत्रिय समाज ने ‘चेतावनी रैली’ निकाली तथा संजय लीला भंसाली का पुतला फूंक कर विरोध व्यक्त किया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कई युवकों ने सिनेमा हॉल मालिकों एवं प्रबंधकों से मिलकर धमकी-भरे लहजे में फिल्म नहीं दिखाने की अपील की है। 

हापुड़ के पिलखुआ सिनेमा हाल के बाहर नारेबाजी की गई। लखनऊ के जीपीओ पार्क स्थित गांधीजी की प्रतिमा के सामने एक संगठन ने फिल्म के विरोध में धरना दिया। आगरा में अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा प्रदर्शन करेगा। संगठन के क्षत्रिय समाज की भावना को ध्यान में रखते हुए सिनेमाघरों से फिल्म का प्रदर्शन न करने का अनुरोध किया है। 

कानपुर के सर्वोदय नगर स्थित एक मॉल में नारेबाजी करते घुसी भीड़ ने मल्टीप्लेक्स में पथराव कर दिया। फिल्म के पोस्टर फाड़ने के बाद वेटिंग हॉल की कुर्सियां और मेज पलट दी। मल्टीप्लेक्स के मैनेजर ने 30-35 लोगों के खिलाफ बवाल, गाली-गलौज और मारपीट की एफआईआर दर्ज कराई है।

मथुरा में सशस्त्र प्रदर्शन
ब्रजमंडल क्षत्रिय राजपूत महासभा के अध्यक्ष ठा.मुकेश सिकरवार के नेतृत्व में मंगलवार राजपूत हाथों में बंदूक, तलवार, गदा, कटार, फर्से से लैस होकर कृष्णा प्लाजा में एकत्रित हुए। यहां राजपूतों ने फिल्म निर्देशक भंसाली के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने प्रदेश में इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग थी।

गुजरात में प्रदर्शन पर शक 
 उधर, गुजरात के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने गांधीनगर में कहा कि अदालत की ओर से प्रतिबंध पर रोक हटाने के बावजूद राज्य के अधिकतर सिनेमाघर मालिकों ने इसे प्रदर्शित नहीं करने का फैसला किया है। जो भी सिनेमाघर इसे प्रदर्शित करना चाहेंगे सरकार उन्हें सुरक्षा मुहैया कराएगी। सूरत में पुलिस कमिश्नर सतीष शर्मा ने कहा कि फिल्म के विरोध में पिछले दिनों उग्र प्रदर्शन के सिलसिले में दर्ज पांच मामलों में अब तक 42 लोगों को पकड़ा गया है तथा 29 अन्य को चिन्हित किया गया है। 

बिहार में विरोध मार्च, सिनेमाघर डरे
पटना में करणी सेना व अन्य संगठन बुधवार दोपहर दो बजे करगिल चौक से विरोध मार्च निकालेंगे। संगठन के बिहार अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने यह जानकारी दी। संगठन के संयुक्त बयान में कहा कि चार हजार लोग मार्च में भाग लेंगे।

जम्मू-कश्मीर
जम्मू के इंद्र सिनेमा हॉल के टिकट काउंटर पर पत्थरबाजी की गई। चश्मदीद ने न्यूज एजेंसी एएनआई को बताया कि प्रदर्शनकारी पद्मावत के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे।

सिनेमा मालिकों ने होम मिनिस्ट्री को लिखा लेटर
 सिनेमा ऑर्नस एंड एक्जिबिटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (COAEI) ने होम मिनिस्ट्री ने गृह मंत्रालय को लेटर लिखा है। इसमें पद्मावत की रिलीज के दौरान थियेटर्स के बाहर पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की अपील की गई है।

 एसोसिएशन ने थियेटर्स को सलाह दी है कि वे पूरी सुरक्षा तय होने के बाद ही फिल्म रिलीज करें। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट मनोहर लाल शर्मा ने एक अर्जी दायर की है। इसमें फिल्म के कुछ सीन हटाने की मांग की गई है।

विरोध गैर क़ानूनी
दूसरी ओर जर्नलिस्ट एसोसिएशन ऑफ़ राजस्थान के जिला महामंत्री दिनेश माहेश्वरी ने करनी सेना के विरोध को गैर क़ानूनी बताया है। कहा है कि सुप्रीम कोर्ट का आदेश फिल्म रिलीज नहीं रोकने का है। सेंसर बोर्ड भी इसे पास कर चुका है। बिना फिल्म देखे विरोध करना अनुचित है। 

चारा घोटाला : तीसरे केस में भी लालू दोषी करार, ट्रेजरी से निकाले 33.67 करोड़

रांची/पटना। चारा घोटाले से जुड़े तीसरे केस में बुधवार को लालू प्रसाद को दोषी करार दिया। सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने चाईबासा ट्रेजरी से अवैध तरीके से निकाले गए 33.67 करोड़ रुपए मामले में यह फैसला सुनाया।

इससे पहले वे देवघर ट्रेजरी केस और चाईबासा ट्रेजरी के एक और केस में दोषी करार दिए जा चुके हैं। कोर्ट ने बिहार के एक और पूर्व सीएम जगन्नाथ मिश्र को भी दोषी माना है। खास बात ये है देवघर ट्रेजरी केस में जगन्नाथ मिश्र भी आरोपी थे, लेकिन तब उन्हें बरी कर दिया गया था।

क्या है चाईबासा ट्रेजरी मामला?
चाईबासा ट्रेजरी से 1992-93 में 67 फर्जी आवंटन पत्र पर 33.67 करोड़ की अवैध निकासी हुई थी। 1996 में केस दर्ज हुआ। कुल 76 आरोपी थे। सुनवाई के दौरान 14 आरोपियों का निधन हो गया। दो आरोपी सुशील कुमार झा और प्रमोद कुमार जायसवाल ने जुर्म कबूल लिया। तीन आरोपियों दीपेश चांडक, आरके दास और शैलेश प्रसाद सिंह को सरकारी गवाह बना दिया गया।

इस घोटाले में कौन-कौन बड़े नाम शामिल हैं?
लालू यादव के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जगन्नाथ मिश्र, विद्यासागर निषाद, जगदीश शर्मा, ध्रुव भगत और आर के राणा के अलावा तीन पूर्व आईएएस अफसर फूलचंन्द्र सिंह, महेश प्रसाद, सजल चक्रवर्ती और एक ट्रेजरी अधिकारी आरोपी है। इसके अलावा 56 आरोपियों में 40 सप्लायर भी हैं।

लालू फिलहाल कहां हैं?
लालू प्रसाद यादव रांची के सिरसा मुंडा जेल में बंद हैं। चारा घोटाला के देवघर ट्रेजरी से जुड़े केस में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट ने 23 दिसंबर को दोषी माना था। बाद में लालू को साढ़े तीन साल की जेल हुई। इसके अलावा कोर्ट ने उन पर 10 लाख का जुर्माना लगाया।

लालू ने पिछली सुनवाई में जज से क्या कहा था?
– लालू प्रसाद और सीबीआई के स्पेशल जज शिवपाल सिंह के बीच करीब आधे घंटे बातचीत हुई थी। लालू ने दुखड़ा रोया, वहीं जज ने कई नसीहतें दीं थीं।
लालू: हुजूर, जेल में हमको लगातार टॉर्चर किया जा रहा है। आपके सौजन्य से सिर्फ तीन लोगों को ही मिलने दिया जाता है।
जज:आपकी सुविधा के लिए तो वहां भी आदमी चले गए। फॉलोअर्स आपको गड़बड़ाता है, लिमिट में रहिएगा तो ठीक रहेगा।
लालू:हमलोग जननेता हैं। 20 लाख लोग हमेशा हमारे साथ मार्चकरता है। अगर लालू भाग जाएगा, तो नरसंहार हो जाएगा।
जज: जो बात नहीं बोलनी चाहिए, उसे नहीं ही बोलिए। लोग हमसे पूछते हैं कि आप सुरक्षा क्यों नहीं लेते। हम कहते हैं, मेरी रक्षा तो लालू जी ही करते हैं।
लालू: हुजूर, इस केस में ढाई साल से ज्यादा सजा मत दीजिएगा। आपको तो अपना वकील होने का सर्टिफिकटे भी दिए थे, लेकिन तीन के बदले साढ तीन साल सजा दे दिए।
जज: यही तो आप गड़बड़ करते हैं, पहले ही बोल देते हैं। किसे कितना सजा देंगे, यह हमें भी पता नहीं रहता है।
लालू: जेल से बाहर होते तो आपको भी दही-चूड़ा खिलाते। पूरे पटना को संक्रांति में दही चूड़ा खिलाते हैं।
जज: दही-चूड़ा का इंतजाम यहीं करा देंगे। चिंता मत कीजिए।
लालू:ई आपका डिपार्टमेंट नहीं न है हुजूर, दही तो यादवे रखता है। जेल में भी बिहार से इतना दही चूड़ा आ गया है कि सब कैदी को हम खिला रहे हैं।
जज: चुप। लालू : हुजूर, आप जो ओपन जेल का आदेश दिए हैं, वहां कैसे जाएंगे। हम कउनो हार्डकोर क्रिमिनल या नक्सली हैं? मैनुअल मंगा के पढ़ लीजिए। वहां खिड़की-दरवाजा टटूल है। गाय गोरू चरते रहता है।
जज: इसीलिए तो आपको वहां भेजना चाहते हैं। आप रहेंगे, तो वहां की सारी व्यवस्था ठीक हो जाएगी। परिवार के साथ रहिएगा, कोई दिक्कत नहीं होगी। आप क्लेम करिएगा, तब न सरकार आपको वहां भेजेगी।
लालू:आपको कौन फोन करता है, हम नहीं जानते। हम किसी एसडीओ, एसडीएम को नहीं बोले हैं और न ही जानते हैं।
जज: फोन तो हुआ है। फिर बात को घुमाते हुए, जालौन के एसडीएम ने फोन किया था, वह बर्खास्त हो गया है।

लालू पर चल रहे हैं 6 केस
– आरजेडी चीफ पर चारा घोटाले के 6 केस चल रहे हैं।
– चाईबासा कोषागार (ट्रेजरी) से 37.70 करोड़ रु. की फर्जी तरीके से निकासी के अन्य मामले में लालू को अक्टूबर 2013 में 5 साल की सजा सुनाई थी। उन्हें बाद में हाईकोर्ट से जमानत मिल गई थी।

सेंसेक्स पहली बार 36,268 और निफ्टी 11,100 के पार

नई दिल्ली।  बाजार लगातार दूसरे दिन बुधवार को रिकॉर्ड लेवल पर रहा। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स ने 36, 268.19 और  निफ्टी ने 11,110.10 अंक को छुआ। इससे पहले मार्केट की शुरुआत धीमी रही। 

बैंक, आईटी, एफएमसीजी, फार्मा और रियल्टी इंडेक्स में खरीददारी लौटने से बाजार में निचले स्तर से रिकवरी आई।हैवीवेट शेयरों ओएनजीसी, टीसीएस, आईटीसी, मारुति, एचडीएफसी बैंक और इंफोसिस में मजबूती से बाजार को सपोर्ट मिला। 

 क्या हुआ था मंगलवार को? 
– मंगलवार को पहली बार सेंसेक्स 36,000 और निफ्टी 11,000 के पार पहुंच गया था। सेंसेक्स की यह अब तक की सबसे तेज रैली रही थी। महज 4 ट्रेडिंग डे में एक हजार अंक से ज्यादा चढ़ा। निफ्टी को 10 हजार से 11 हजार तक पहुंचने में 6 महीने लगे।
– बाद में शाम को सेंसक्स 341.97 अंक की तेजी के साथ 36,139.98 पर और निफ्टी 117 की बढ़त पर 11,083.70 पर बंद हुआ था। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में तेजी
– शुरुआती कमजोरी के बाद बाजार में निचले स्तर से रिकवरी से मिडकैप औऱ स्मॉलकैप शेयरों में तेजी आई। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.11 फीसदी बढ़ा है।
– वहीं, बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.01 फीसदी मजबूत हुआ।

रुपए की भी मजबूत शुरुआत
हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन बुधवार को रुपया मजबूती के साथ खुला। डॉलर के मुकाबले रुपया 4 पैसे की बढ़त के साथ 63.73 के लेवल पर खुला। मंगलवार को भी रुपए में मजबूती देखने को मिली थी। डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे की बढ़त के साथ 63.77 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि, रुपए की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई थी। डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे घटकर 63.90 के लेवल पर खुला था।

एशियाई बाजारों में कमजोरी
अमेरिकी बाजारों में मजबूती के बावजूद एशियाई बाजारों में कमजोरी के साथ कारोबार होता दिख रहा है। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी इंडेक्स 0.24 फीसदी टूटकर 11,061 अंक पर कारोबार कर रहा है। जापान का बाजार निक्केई 135 अंक गिरकर 23,989 अंक पर कारोबार कर रहा है।

 हैंग सेंग 177 अंक लुढ़ककर 32,753 अंक पर कारोबार कर रहा है। कोरियाई बाजार का इंडेक्स कोस्पी सपाट है, जबकि ताइवान इंडेक्स 134 अंक टूटकर 11,119 अंक पर कारोबार कर रहा है। शंघाई कम्पोजिट में 0.34 फीसदी की गिरावट के साथ 3533 अंक पर कारोबार कर रहा है। वहीं, स्ट्रेट्स टाइम्स 0.13 फीसदी फिसलकर 3587 अंक पर कारोबार कर रहा है।

अमेरिकी बाजारों में हल्की बढ़त का कारोबार
– मंगलवार के कारोबार में नैस्डैक 52 प्वॉइंट्स बढ़कर 7,460 अंक पर बंद हुआ। एसएंडपी 500 इंडेक्स 0.22 फीसदी की बढ़त के साथ 2,839 अंक पर बंद हुआ। डाओ जोंस 4 अंक गिरकर 26,211 अंक पर बंद हुआ।
 
पिछले रिकॉर्ड हाई लेवल
23 जनवरी: निफ्टी पहली बार 11000 के लेवल को पार करते हुए 11,092.90 के स्तर पर पहुंचा। वहीं सेंसेक्स भी 36170.83 के हाई पहुंच गया।
22 जनवरी:  सेंसेक्स 35827.70 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं निफ्टी ने 10,975.10 के नए लेवल को छुआ।
19 जनवरी: निफ्टी ने 10900 के आंकड़े को पार करते हुए 10906.85 के लेवल पर पहुंचा। वहीं सेसेक्स भी 35542.17 प्वाइंट्स की नई ऊंचाई पर पहुंचा।
17 जनवरी: सेंसेक्स 35118.61 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। निफ्टी ने भी पहली बार 10803 के लेवल को छुआ। 
15 जनवरी: निफ्टी 10782.65 के नए रिकॉर्ड पर पहुंचा, जबकि सेंसेक्स ने 34963.69 के लेवल को छुआ।
12 जनवरी: सेंसेक्स ने 34638.42 की नई ऊंचाई पर पहुंचा। वहीं, निफ्टी 10690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा।
11 जनवरी: निफ्टी ने 10664.60 का ऑलटाइम हाई बनाया था।
09 जनवरी: को सेंसेक्स ने ऊंचाई का नए लेवल 34565.63 प्वाइंट्स को छुआ।
08 जनवरी: को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का लेवल छुआ, वहीं निफ्टी 10631.20 की ऊंचाई तक गया था।
5 जनवरी: 2018 को सेंसेक्स 34175 और निफ्टी 10566.10 प्वाइंट्स तक गया था।

सुरक्षा मिले तो भंसाली कोर्ट में पद्मावत दिखाने को तैयार

जोधपुर। विवादित फिल्म पद्मावत के निर्माता निर्देशक संजय लीला भंसाली, अभिनेता रणवीर सिंह व अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के खिलाफ डीडवाणा (नागौर) थाने में दर्ज एफआईआर रद्द करवाने को लेकर राजस्थान हाईकोर्ट में दायर याचिका पर मंगलवार को न्यायाधीश संदीप मेहता की कोर्ट में सुनवाई हुई।

सुनवाई के दौरान संजय लीला भंसाली के अधिवक्ता ने जवाब पेश करते हुए कहां कि वह फिल्म कोर्ट के समक्ष प्रदर्शित करने के लिए तैयार है, लेकिन फिल्म को लेकर आने के दौरान सुरक्षा को लेकर आश्वस्त होना चाहते हैं। इस पर कोर्ट ने सरकारी अधिवक्ता दीपक चौधरी से कहा कि वे फिल्म की सुरक्षा को लेकर कोर्ट को आश्वस्त करें।

सरकारी अधिवक्ता ने इसके लिए समय देने की मांग की। इस पर मामले की अगली सुनवाई 2 फरवरी को तय की गई।
भंसाली, रणवीर व दीपिका के खिलाफ डीडवाना थाने में वीरेन्द्र सिंह व नागपाल सिंह ने आईपीसी की धारा 153 ए व 295 ए में एफआईआर दर्ज करवाई थी।

यह एफआईआर रद्द करवाने के लिए उच्च न्यायालय में सीआरपीसी की धारा 482 के तहत विविध आपराधिक याचिका पेश की गई। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कोर्ट में दलील दी कि ना तो फिल्म और न ही टे्रलर रिलीज किया गया है। फिल्म के प्रदर्शन से पहले सिनेमाटोग्राफी अधिनियम-1952 के तहत बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन सेक्शन-5 ए के तहत सर्टिफिकेट लेना पड़ता है।

इस पर कोर्ट ने सरकारी अधिवक्ता दीपक चौधरी से कहा कि वे फिल्म की सुरक्षा को लेकर कोर्ट को आश्वस्त करें। सरकारी अधिवक्ता ने इसके लिए समय देने की मांग की। इस पर मामले की अगली सुनवाई 2 फरवरी को तय की गई।
भंसाली, रणवीर व दीपिका के खिलाफ डीडवाना थाने में वीरेन्द्र सिंह व नागपाल सिंह ने आईपीसी की धारा 153 ए व 295 ए में एफआईआर दर्ज करवाई थी।

यह एफआईआर रद्द करवाने के लिए उच्च न्यायालय में सीआरपीसी की धारा 482 के तहत विविध आपराधिक याचिका पेश की गई। याचिकाकर्ता के अधिवक्ता ने कोर्ट में दलील दी कि ना तो फिल्म और न ही टे्रलर रिलीज किया गया है। फिल्म के प्रदर्शन से पहले सिनेमाटोग्राफी अधिनियम-1952 के तहत बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन सेक्शन-5 ए के तहत सर्टिफिकेट लेना पड़ता है।

कोर्ट ने कहा कि चूंकि एफआईआर में फिल्म में भद्दे सीन और इतिहास के साथ छेड़छाड़ व धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप है। कोर्ट यह फिल्म देखे बगैर कैसे एफआईआर निरस्त कर सकती है।पिछली सुनवाई में कोर्ट ने फिल्म दिखाने के लिए कहा था। तब अधिवक्ता निशांत बोड़ा ने याचिकाकर्ता भंसाली से निर्देश प्राप्त कर जवाब देने के लिए कहा था। उन्होंने मंगलवार को सुनवाई के दौरान जवाब पेश किया।

बिजली के उपकरणों की मरम्मत करेगा इंडियन मिस्त्री एप

0

आरटीयू के तीन स्टूडेंट्स ने शुरू किया स्टार्टअप

कोटा। घर की साफ-सफाई, खराब नल, पंखा, कूलर व एसी ठीक कराने के लिए अब लोगों को दुकानों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। अब मोबाइल एप के माध्यम से ही समाधान हो जाएगा। आरटीयू के यूनिवर्सिटी डिपार्टमेंट के तीन स्टूडेंट्स ने इंडियन मिस्त्री नाम का स्टार्टअप एक जनवरी से शुरू किया है। अब तक करीब 200 एप डाउनलोड किए जा चुके हैं।

सर्विस बुक होनी भी शुरू हो गई है। बीटेक थर्ड ईयर कंप्यूटर साइंस के कपिल अरोड़ा, सिविल इंजीनियरिंग ब्रांच के मोहित चतुर्वेदी व सिविल ब्रांच के ही आयुष शर्मा ने यह स्टार्टअप शुरू किया है। अब तक इसको विकसित करने पर करीब 20 हजार रुपए का खर्चा आ चुका है। खास बात यह है कि पढ़ाई के दौरान ही स्टार्टअप की शुरुआत कर दी।

आरटीयू के वीसी प्रो. एनपी कौशिक ने कहा कि इन छात्रों के स्टार्टअप ने अन्य लोगों का भी काम दिया है। डिजिटल इंडिया के तहत ही यह स्टार्टअप तैयार किया गया है।  ऐसे बुक करवा सकेंगे सर्विस : एंड्रॉयड प्लेटफार्म से प्ले स्टोर पर जाकर इंडियन मिस्त्री एप डाउनलोड करना होगा।

इसके बाद घर में किस काम के लिए मिस्त्री को बुलाना है, इसकी डिटेल भरनी होगी। इसको सबमिट करने के बाद कस्टमर के पास कॉल आएगा। चार से छह घंटे के अंदर कस्टमर की प्रॉब्लम का समाधान कर दिया जाएगा।

अलग-अलग एरिया में सर्विसेज
इन स्टूडेंट्स ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से इलेक्ट्रिकल, प्लंबर्स, क्लीनर्स और इलेक्ट्रॉनिक्स का काम करने वाले प्रोफेशनल से टाईअप किया है। इस प्राेफेशनल्स को 15 से 30 साल तक का अनुभव है। कॉल बुक होने के बाद स्टार्टअप के प्रतिनिधि इन प्रोफेशनल से संपर्क करेंगे और वह घर आकर सर्विस प्रोवाइड करेंगे।

पद्मावत : अहमदाबाद के मॉल में तोड़फोड़, कई गाड़ियां फूंकीं

जयपुर/अहमदाबाद। संजय लीला भंसाली की फिल्म पद्मावत के खिलाफ देशभर में करणी सेना और राजपूत संगठनों का विरोध-प्रदर्शन जारी है। गुजरात के अहमदाबाद में मंगलवार रात कुछ लोगों ने एक मॉल में तोड़फोड़ की। यहां खड़ी कई गाड़ियों को आग के हवाले भी कर दिया। सुप्रीम कोर्ट और सेंसर बोर्ड पहले ही फिल्म को हरी झंडी दे चुका है।

कोर्ट ने फैसले पर दोबारा विचार करने वालीं मध्य प्रदेश और राजस्थान सरकार की पिटीशंस को खारिज कर दिया। उधर, विरोध के चलते गुजरात के बाद बिहार के ज्यादातर थियेटर मालिकों ने फिल्म नहीं दिखाने का फैसला लिया है। वहीं, करणी सेना का दावा है कि पद्मावत की रिलीज के खिलाफ राजपूत समाज की 1908 महिलाएं चित्तौड़गढ़ में जौहर करने के लिए रजिस्ट्रेशन करा चुकी हैं। बता दें कि पद्मावत 25 जनवरी को रिलीज होगी।

पद्मावत को लेकर 7 राज्य में विरोध 
1) गुजरा
अहमदाबाद में एक मॉल में मंगलवार रात पद्मावत के विरोध में कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। यहां खड़ी कई गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। मॉल के मैनेजर राकेश मेहता ने बताया कि हमने फिल्म नहीं दिखाने की बात कहते हुए पहले ही पोस्टर हटा लिए थे, फिर भी प्रदर्शनकारियों ने हमला किया।

 राज्य के डीजीपी प्रमोद कुमार ने न्यूज एजेंसी को बताया है कि पद्मावत की रिलीज को लेकर पूरे राज्य में सिक्युरिटी टाइट कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कुछ दिनों से छिटपुट प्रदर्शन किए जा रहे हैं। लोगों ने टायर जलाकर रोड ब्लॉक किए हैं। 8 बसों को आग लगाई गई। पीएसआई की 241 और आरएएफ की 8 कंपनियां तैनात की गई हैं।

बता दें कि फिल्म का विरोध कर रहे कुछ लोगों ने सोमवार को मेहसाणा में बसों को आग के हवाले कर दिया। नॉर्थ गुजरात के कुछ हिस्सों में शनिवार को भी बसों पर हमले किए गए थे। जिसके बाद गुजरात स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कार्पोरेशन (GSRTC) ने गांधीनगर, मेहसाणा और बनासकांठा में बस सर्विस को कुछ वक्त के लिए रोक दिया था।

2) महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के मिनिस्टर जयकुमार रावल ने कहा- “मेरी लोगों से अपील है कि इस फिल्म को ना देखें। इसके अलावा टाइगर जिंदा है जैसी फिल्म भी हैं, सलमान खान की फिल्में देखिए। ये फिल्में आपको इतना इंस्पायर करती हैं कि आप आर्मी ज्वाइन करना चाहेंगे। इस तरह की थीम के साथ आगे आना चाहिए।”

”अगर पैसे कमाने के लिए संजय लीला भंसाली ने समाज में भीख मांगी होती तो सबसे पहले उसकी तिजोरी भरने के लिए मैं 10-12 लाख का डोनेशन दे देता। उनका एजेंडा सिर्फ पैसा है ना कि इतिहास दिखाना।”वहीं, मुंबई में पद्मावत का विरोध जारी है, लेकिन राज ठाकरे की पार्टी एमएनएस ने फिल्म को सपोर्ट किया।

विलेपार्ले में सोमवार को अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के लोगों ने कुछ फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स के ऑफिस में पहुंचकर धमकी दी। इस मामले में पुलिस ने 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

3) राजस्थान
 सुप्रीम कोर्ट में राजस्थान सरकार की पिटीशन खारिज होने पर राजपूत करणी सेना के प्रमुख लोकेंद्र सिंह काल्वी ने कहा, ”अब हमें किसी और से नहीं बल्कि सिनेमाहॉल मालिकों से उम्मीद है कि वो फिल्म को ना लगाएं।” गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने हमारी याचिका खारिज कर दी।

अब लॉ एंड ऑडर को संभालना मेरी और मेरी टीम की जिम्मेदारी है। वहीं, फिल्म के विरोध में सवाई माधोपुर समेत कई जिलों में करणी सेना ने प्रदर्शन किया। सोमवार को जयपुर में कई सिनेमा हॉल के सामने प्रदर्शन हुए थे। भीलवाड़ा में एक शख्स टेलिफोन टॉवर पर चढ़ गया।

4) मध्य प्रदेश
राज्य सरकार की पिटीशन खारिज होने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, ”ये सिर्फ लॉ एंड आर्डर का मामला नहीं है, बल्कि लोगों की भावनाओं से जुड़ा सवाल है। इसलिए सरकार रिव्यू पिटीशन फाइल करेगी।”मंत्री रामपाल सिंह राजपूत ने कहा, ‘”हम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं। कोई ऐसा रास्ता खोजने की कोशिश में हैं ताकि सुप्रीम कोर्ट और जनभावनाओं का सम्मान बना रहे।”

 भोपाल में सिनेमाहॉल मालिकों को फिल्म नहीं दिखाने जाने की चेतावनी दी गई है। वहीं, मंदसौर, नागदा, झाबुआ और देवास में चक्काजाम किया गया। सोमवार को भी राजस्थान और गुजरात से सटे राज्य के पश्चिमी जिलों में करणी सेना ने रोड जाम और तोड़फोड़ की।

5) उत्तर प्रदेश
पद्मावत की रिलीज पर विवाद के बीच करणी सेना यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से भी मिलने पहुंची। इसके बाद लोकेंद्र सिंह कालवी ने कहा था कि बाकी राज्यों की तरह यूपी सरकार भी चिंतित है। योगी ने गंभीरता से हमारी बात सुनी। उन्हें इस मुद्दे की संवेदनशीलता की जानकारी है।

 वेस्ट यूपी के हापुड़ में कुछ लोगों ने एक सिनेमाहॉल में तोड़फोड़ की। इससे पहले सोमवार को मथुरा में प्रदर्शन हुए। गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में रविवार को हुए प्रदर्शनों के बाद 200 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। गोरखपुर में भी कई जगह विरोध हुआ।

6) हरियाणा
सीएम मनोहर लाल खट्टर ने कहा है कि अगर सिनेमाघर फिल्म को नहीं दिखाएंगे तो अच्छा होगा। फिर भी कोई इसकी स्क्रीनिंग करता है, तो राज्य सरकार पूरी सुरक्षा देगी। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पूरी तरह से अमल किया जाएगा।

उधर, गुड़गांव के सोहना रोड के एक मॉल में सोमवार को कुछ नकाबपोश बदमाशों ने तोड़फोड़ की। मॉल के अंदर आधा दर्जन दुकानों समेत टिकट काउंटर भी तोड़े गए थे।

7) बिहार
पूरे बिहार में ‘पद्मावत’ का विरोध हो रहा है। पटना में मंगलवार को करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने फिल्म की एडवांस बुकिंग के बंद करने के लिए प्रदर्शन किया। विरोध और धमकियों के चलते थियेटर मालिकों ने यहां ऑनलाइन बुकिंग रद्द कर दी है।  पिछले दिनों पद्मावत के विरोध में भागलपुर, गया, मुजफ्फरपुर और पूर्णिया जिलों में भी सिनेमाघर मालिकों ने फिल्म को नहीं दिखाने

वैश्विक संकेतों से सोना वायदा 0.19 प्रतिशत मजबूत

नई दिल्ली। वैश्विक बाजारों से सकरात्मक रुख के बीच सटोरियों के सौदे बढ़ाए जाने से मंगलवार को सोना वायदा 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 29,890 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर फरवरी डिलिवरी वाला सोना 56 रुपये यानी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 29,890 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया।

इसमें 444 लॉट का कारोबार हुआ। इसी तरह, अप्रैल डिलिवरी वाला सोना 33 रुपये यानी 0.11 प्रतिशत की तेजी के साथ 29,850 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इसमें 15 लॉट का कारोबार हुआ।

विश्लेषकों ने कहा कि वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख और डॉलर की मांग में कमी के चलते वायदा बाजार में सोने की कीमतों में तेजी देखी गई। इस दौरान सिंगापुर में सोना 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,335.60 डॉलर प्रति औंस पर रहा।

कोटा सर्राफा
चांदी 39600 रुपये प्रति किलो। 
सोना केटबरी 30850 रुपये प्रति दस ग्राम, 35980 रुपये प्रति तोला 
सोना शुद्ध 31000 रुपये प्रति दस ग्राम, 36160 रुपये प्रति तोला