Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 5538

बेटे की शादी में पूर्व महापौर ने की अनूठी मिसाल पेश

कोटा। बेटे की शादी में ‘शानोशौकत’ पर खर्च करनेे के बजाए पूर्व महापौर डॉ. रत्ना जैन ने शहर की बेटियों का ख्याल रखा। गत 22 जनवरी को अहमदाबाद में डॉ जैन के इंजीनियर बेटे आयुष की मुंबई में फिल्म निर्देशक इशिता दवे से सादा समारोह में शादी हुई।

शादी में शानो शौकत दि‍खाने पर खर्च करने के बजाए डॉ. रत्ना जैन ने वर-वधू और परिजनों की सहमति से छह लाख रुपए की राशि शहर के दो बालिका स्कूलों के विकास के लिए देने का निर्णय किया। डॉ. जैन ने बुधवार को 2 लाख का चेक रामपुरा स्थित महारानी गल्र्स स्कूल की प्राचार्य अर्चना तंवर को सौपा। 1 लाख रुपए वे पहले ही दे चुकी हैं।

1 लाख रुपए नयापुरा बाग गल्र्स स्कूल में दिए जा चुके हैं और 2 लाख शीघ्र ही दिए जाएंगे। डॉ. जैन ने बताया कि बालिका शिक्षा के लिए 10 लाख रुपए तक देने की योजना है ताकि अन्य भामाशाह भी बेटियों की शिक्षा के लिए प्रेरित हों। चेक देते समय डॉ.अशोक जैन, डॉ. अपूर्व जैन, अवीना जैन, स्कूल स्टाफ व छात्राएं उपस्थित रहे।

 नवदम्पती बोले – हर साल देंगे 1-1 लाख रुपए
नवदम्पती आयुष व इशिता ने बताया कि हम हर साल अपनी शादी की वर्षगांठ पर 1-1 लाख रुपए दोनों ही स्कूलों को देंगे। इसके साथ ही जो भी उपहार शादी में आए हैं उन्हें भी निर्धन परिवार व स्कूली छात्राओं को सौंप देंगे। आयुष ने कहा कि कोटा ने हमें बहुत कुछ दिया है। हमारा भी कुछ फर्ज समाज के लिए है जो हम निभाएंगे।

राजस्थान में 11 लाख युवाओं को “बेटी बचाओ” का संदेश देकर बनाया रिकॉर्ड

जयपुर /कोटा। राष्ट्रीय बालिका दिवस पर बुधवार को प्रदेशभर में 6 हजार 200 स्कूल, कॉलेज व शिक्षण संस्थानों में सुबह 10 से 1 बजे के बीच महा-जागरूकता उत्सव आयोजित कर 11 लाख 51 हजार युवाओं को बेटी बचाओ का संदेश देकर कीर्तिमान स्थापित किया। साथ ही सभी स्थानों पर एक ही समय सुबह 10 से 12 बजे इतने ही युवाओं ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर एक और नया रिकाॅर्ड कायम किया है। 

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री कालीचरण सर्राफ ने इस महाआयोजन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के निदेशक नवीन जैन एवं सभी डैप रक्षकों के प्रयास की सराहना की। जैन ने बताया कि प्रदेशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में 10 लाख 1 हजार 650 युवाओं ने शपथ लेकर विश्व कीर्तिमान कायम किया है।

कोटा में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में जागरूकता उत्सव का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में भावी डॉक्टर्स ने भ्रूण हत्या नहीं होने देने का संकल्प लिया। जिले में 245 स्कूल-काॅलेज और अन्य स्थानों पर डाॅटर्स आर प्रीशियस संवाद का आयोजन हुआ जिसमें 36 हजार 377 से अधिक युवाओं को बेटी बचाओ का संदेश देने में सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम कुन्हाड़ी स्थित लैंडमार्क सिटी के सम्यक कैम्पस में आयोजित किया गया। यहां दो सत्रों में हुए कार्यक्रम में करीब चार हजार मेडिकल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाली छात्राओं ने कहा कि डाॅक्टर बनेंगे, नहीं होने देंगे भ्रूण हत्या। कार्यक्रम में सांसद ओम बिरला ने कहा कि बेटियां ही भारत को बदल सकती हैं।

बेटी पर एक ही नहीं वरन दो परिवार निर्भर होते हैं। वह दोनों परिवारों में संस्कारों का परिवहन करती है। मेरा प्रयास है कि मेरे लोकसभा क्षेत्र में 2022 तक कोई बेटी, महिला, बालिका शिक्षा से वंचित नहीं रहे। इसके लिए गांव-गांव में पाठशालाएं शुरू करने के लिए प्रयासरत हूं। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर रोहित गुप्ता, सीएमएचओ डाॅ. आरके लवानिया और एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक नवीन माहेश्वरी उपस्थित रहे।

इधर, राष्ट्रीय बालिका दिवस पर सेवारत चिकित्सक संघ के आह्वान पर कोटा के सेवारत डॉक्टरों ने अस्पतालों में कन्या भ्रूण हत्या रोकने के बारे में बताया। डॉक्टरों ने अपनी बेटियों के साथ सेल्फी ली। डॉक्टरों ने आंगनबाड़ी केन्द्र तीन की आशा सहयोगिनी निशा मीणा ने मॉडर्न मिलेनियम पब्लिक स्कूल सिविल लाइंस खंड गांवड़ी में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का कार्यक्रम रखा गया। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापिका मंजेश तिवारी, उमेश, शिक्षक शामिल थे।

वहीं, जेसीआई कोटा सुरभि ने बालिका दिवस के अवसर पर बेटियां अनमोल हैं’ का जागरूकता सेमिनार का आयोजन किया। अध्यक्ष जैसी मीनल वासल ने भ्रूण हत्या रोकने, महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ अभियान को लेकर कोचिंग संस्थान में अपने विचार रखे। प्रज्ञा मेहता ने बच्चों को समाज में भागीदारी करने की प्रेरणा दी।

सेहत का संदेश देने के लिए फैमिली के साथ दौड़ेंगे शहर के लोग

कोटा। हार्ट वाइज हाफ मैराथन व वॉक ओ रन 2018 के तहत 26 जनवरी को फैमिली रन का आयोजन किया जाएगा। इसमें शहरवासी अपने परिवार के साथ दौड़ेंगे। इसके लिए रजिस्ट्रेशन निशुल्क रहेगा। हार्ट वाइज टीम के निखिल जैन व राहुल सेठी ने बताया कि इस इवेंट को हेल्दी फैमिली-हैप्पी फैमिली की थीम पर आयोजित किया जा रहा है।

26 जनवरी को सुबह साढ़े सात बजे से किशोरसागर तालाब से 400 मीटर की रिले रेस होगी। जो ओपन टु ऑल होगी। जेसीआई अध्यक्ष अक्षय मालवीय, अनीश माहेश्वरी, सुनीता गर्ग व कोशिश संस्था के नीलेश गुप्ता व वंदना गुप्ता सहित अन्यों ने इसके फैमिली रन के पोस्टर का विमोचन किया।

इस दिन शहरवासी राष्ट्रभक्ति के साथ साथ सेहत का संकल्प भी ले सकेंगे। इस रेस में शामिल होने वालों को वॉक ओ रन के रजिस्ट्रेशन मे रियायत भी दी जाएगी। हाफ मैराथन वॉक ओ रन 2018 का आयोजन 25 फरवरी को होगा। विवेकानंद

पार्क में आज से शुरू होगा ओपन जिम : स्टेशन माला रोड स्थित विवेकानंद पार्क में हार्ट वाइज की ओर से व अमर पंजाबी परिवार के सहयोग से ओपन जिम का उद्घाटन 25 जनवरी को सुबह आठ बजे होगा। मुख्य अतिथि विधायक प्रहलाद गुंजल होंगे। विशिष्ट अतिथि नगर निगम महापौर महेश विजय व यूआईटी चेयरमैन आरके मेहता होंगे। वार्ड पार्षद सीताराम शर्मा भी मौजूद रहेंगे।

युवाओं ने रोजगार मेले में सीखे बिजनेस के गुर

कोटा। गवर्नमेंट साइंस कॉलेज में बुधवार को एक दिवसीय उद्यमिता एवं रोजगार मेले का आयोजन किया गया। कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए स्टार्टअप से लेकर स्वयं के प्रोडक्ट तैयार करने, हैंडमेड आइटम एग्जीबिशन के अलावा रोजगार विभाग की आेर से बेरोजगार युवाओं के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया हुई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कॉलेज शिक्षा के सहायक निदेशक डॉ. दिनेश तिवाड़ी ने कहा कि उद्योग मेले में विभिन्न प्रकार की वस्तुओं के लिए लगे स्टाल्स अपने स्टार्टअप शुरू करने के लिए अच्छे प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि उद्यमिता और रोजगार के लिए ऐसे मेले अच्छी पहल है।

जेडीबी गर्ल्स साइंस कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. रीटा गुलाटी ने कहा कि रोजगार मेले से स्टूडेंट्स को रोजगारमुखी शिक्षा एवं उद्यम विकास कौशल प्राप्त हो सकेगा। अध्यक्षता करते हुए कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. हेमलता लोया ने कहा कि ऐसे मेले युवाओं के लिए रोजगार की समझ के लिए बेहतर साबित होंगे।

गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. कामिनी जोशी, एसबीआई राजभवन के शाखा प्रबंधक पीसी मिश्रा, सीनियर लेक्चरर डॉ. बीके योगी, छात्रसंघ अध्यक्ष भास्कर नागर सहित अन्य मौजूद रहे। नोडल अधिकारी डॉ. प्रहलाद दुबे ने बताया कि यहां चौपाटी बाजार भी लगाया।

थ्रीडी प्रिंटर से रोजगार की दी सीख
मेले में फोटोग्राफी सहित अॉनलाइन के अलावा बेरोजगारों को थ्रीडी प्रिंटर से बिजनेस शुरू करने की जानकारी दी गई। आशीष राज ने बताया कि न्यूनतम 20 हजार की लागत से थ्रीडी प्रिंटर से बिजनेस को शुरू कर रोजगार शुरू किया जा सकता है।

इसके माध्यम से अपनी पसंदीदा डिजाइन के आयटम तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इसमें प्लास्टिक रॉ मैटेरियल से मनचाहे आयटम तैयार कर बिजनेस तैयार किया जा सकता है।

कोटा में भी नहीं लगेगी फिल्म पद्मावत, सर्व समाज का प्रदर्शन आज

कोटा । संजय लीला भंसाली की फिल्म सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद गुरुवार को रिलीज हो रही है, लेकिन कोटा में अभी इस पर विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। करणी सेना व राजपूत समाज के साथ-साथ अन्य संगठनों ने भी इसका विरोध किया है। करणी सेना के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि वे किसी भी कीमत पर फिल्म चलने देंगे। हालांकि शहर के किसी भी सिनेमा हॉल में यह फिल्म प्रदर्शित नहीं होगी है।

राष्ट्रीय करणी सेना के जिलाध्यक्ष निर्भय सिंह ने बताया कि फिल्म नहीं लगाने के लिए पहले से भी कह दिया है। दो दिनों से हम सभी सिनेमा वालों से फिल्म नहीं लगाने के लिए आग्रह कर रहे हैं। सभी ने वहां नोटिस लगा दिया है कि वे फिल्म नहीं लगाएंगे। इसके बाद भी कोई फिल्म लगाएंगे तो उसकी जिम्मेदारी उनकी होगी।

हम किसी भी कीमत पर फिल्म नहीं चलने देंगे। प्रदेश उपाध्यक्ष मंजीत नाथावत ने बताया कि पहले से ही इसका विरोध कर रहे हैं। हम फिल्म नहीं चलने देंगे। वहीं, श्री राजपूत करणी सेना के संभागीय अध्यक्ष पवन सिंह हाड़ा ने कहा कि जिस चीज पर राजपूत समाज को आपत्ति है।

वह जस की तस है। हमने सबसे अपील कि है कि लोग फिल्म देखने नहीं जाएं और डिस्ट्रीब्यूटर फिल्म प्रदर्शित नहीं करें। इसके बाद भी फिल्म लगेगी तो विरोध करेंगे। फिल्म नहीं चलने दिया जाएगा। करणी सेना के निर्भय सिंह ने बताया कि इसके विरोध में गुरुवार सुबह सर्व समाज कुन्हाड़ी तिराहे पर प्रदर्शन करेगा और संजय लीला भंसाली का पुतला भी जलाएगा।

राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
हाड़ौती विधिक संघर्ष समिति के बैनर तले कानूनविद, जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन देकर फिल्म पदमावत के प्रदर्शन को रोकने के लिए विशेषाधिकार का उपयोग कर रोकने की मांग दोहराई है। अभिभाषक परिषद के कार्यवाहक अध्यक्ष अतीश सक्सेना,महासचिव जितेंद्र पाठक,ह्यूमन रिलीफ सोसायटी के अख्तर खान अकेला, क्षत्रिय विधिक सेवा समिति के नंद सिंह हाड़ा मौजूद थे।

विहिप ने की लोगों से फिल्म नहीं देखने की अपील
विश्व हिन्दू परिषद कोटा महानगर की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पदमावत फिल्म का विरोध करने का निर्णय लिया गया। सभी लोगों से फिल्म नहीं देखने की अपील की गई। प्र

चार प्रमुख राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि विश्व हिन्दू परिषद इसका समर्थन करेगा। बैठक में विभाग सुरक्षा प्रमुख रमेश राठौर, मुकेश जोशी, बजरंग दल महानगर संयोजक धनराज गुर्जर, सह संयोजक मुकेश शर्मा, सतीश स्वामी, राजू सुमन उपस्थित रहे। वहीं ब्राह्मण कल्याण परिषद ने भी फिल्म का विरोध किया है।

कोटा में नहीं लग रही है फिल्म
मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने भी मल्टीप्लेक्स में लोगों की सुरक्षा और सिनेमा हॉल में नुकसान से होने से बचाने के लिए पदमावत फिल्म को नहीं लगाने का निर्णय लिया है। कोटा में भी यह फिल्म रिलीज के साथ प्रदर्शित नहीं हो रही है। गोल्ड सिनेमा के मैनेजर आशीष जैन ने बताया उनके यहां भी फिल्म नहीं लगा रही है।

पुरानी धानमण्डी क्षेत्र से आज पुराने कोटा में शुरू होगा स्वच्छता अभियान

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ एवं नगर निगम कोटा द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छता महा अभियान के तहत गुरुवार दोपहर 1.00 बजे से पुरानी धानमण्डी सरोवर टाकिज के पास से इस स्वच्छता अभियान का आगाज किया जायेगा।

महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि इस अभियान में नगर निगम के महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनीता व्यास, उपायुक्त राजेश डागा सहित नगर निगम की स्वच्छता टीम भी साथ चलेगी। पुराने कोटा में सबसे पहले गाँधी चौक, पुरानी धानमण्डी, अग्रसेन बाजार, शास्त्री मार्केट, विजय मार्केट, बजाजखाना एवं बर्तन बाजार में यह अभियान चलाया जायेगा।

पुरानी धानमण्डी थोक व्यापार संघ के अध्यक्ष केलाश चन्द जैन, सचिव राजेन्द्र कुमार जैन, अग्रसेन बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष महेन्द्र कांकरिया सचिव शिवनारायण शर्मा, शास्त्री मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष चन्द्रमोहन गर्ग सचिव संजीव पाटनी, विजय मार्केट व्यापार संघ के अध्यक्ष सौभागमल जैन, सचिव अजीत कुमार जैन, बजाजखाना व्यापार संघ के अध्यक्ष मनोहर गोटे वाला सचिव राघवेन्द्र बिहारी शर्मा सहयोग देने को तैयार है। 

बर्तन बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष महेश गोयल सचिव सत्यम अग्रवाल बहादूर बाजार व्यापार संघ के अध्यक्ष गोविन्द लाल अग्रवाल सचिव महेश रावतानी ने बताया कि उनके क्षेत्र में पार्किंग एवं स्वच्छता की अति आवश्यकता है। यहां शुलभ शौचालय की कमी भी महसूस की जा रही है।

पेट्रोल हुआ और महंगा, दिल्ली में 72.43 रुपये लीटर

किस शहर में पेट्रोल की कितनी कीमत?
शहर  रु./ली. (2018)  रु./ली. (2014)

दिल्ली     72.43             72.51
कोलकाता 75.13            75.46
मुंबई       80.30            80.60
चेन्नई      75.12            75.78

किस शहर में डीजल की कितनी कीमत?
शहर                        रु./ली.
दिल्ली                      63.38
कोलकाता                66.04
मुंबई                      67.50
चेन्नई                      66.84

नई दिल्ली। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बुधवार को भी बढ़ोतरी जारी रही। दिल्ली में इसकी कीमतें 72.43 रुपए/लीटर रहीं तो मुंबई में दाम 80.30 रुपए/लीटर तक चले गए। डीजल के दामों में भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी देखने को मिली। दिल्ली में डीजल 63.38 रुपए/लीटर बिका। इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल की कीमतें 70 डॉलर/बैरल तक पहुंच गई हैं। जिसके चलते पेट्रोल-डीजल की कीमतों में तेजी जारी है।

पेट्रोलियम मंत्रालय का क्या कहना है?
पेट्रोलियम मंत्रालय चाहता है कि पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी में कटौती की जाए।

सोर्सेस का कहना है कि बजट में कोशिश की जा रही है। लेकिन एक्सपर्ट्स का कहना है कि एक्साइज ड्यूटी घटाने के लिए बजट का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने 3 अक्टूबर को पेट्रोल-डीजल पर ड्यूटी प्रति लीटर दो-दो रुपए घटाई थी।

हालांकि, बजट में एक्साइज ड्यूटी घटाना आसान नहीं है। सरकार पहले ही फिस्कल डेफिसिट (राजकोषीय घाटे) से जूझ रही है। जुलाई से जीएसटी लागू होने से भी टैक्स रेवेन्यू में गिरावट आई है।” पेट्रोलियम मंत्रालय के सोर्सेस ने कहा, ‘हम केवल एक्साइज ड्यूटी में कटौती की राय दे सकते हैं। फैसला वित्त मंत्रालय को करना है।

पेट्रोल-डीजल पर अभी कितना टैक्स?
बता दें कि नवंबर 2014 से जनवरी 2016 के बीच रेवेन्यू बढ़ाने के लिए 9 बार एक्साइज ड्यूटी बढ़ाई गई है।
फ्यूल     एक्साइज ड्यूटी (रु./ली.)  वैल्यू एडेड टैक्स (रु./ली.)
पेट्रोल          19.48                         15.39
डीजल         15.33                           9.32

सर्वे में शामिल 58% बैंकों ने कहा, NPA में हुई बढ़ोतरी

नई दिल्ली। पिछले वर्ष जुलाई-दिसंबर की तिमाही में फंसे कर्ज में (NPA) में बढ़ोतरी का दबाव कुछ कम होता दिखा क्योंकि अपेक्षाकृत कम बैंकों ने कहा कि इस दौरान उनकी एनपीए बढ़ी है। यह कर्ज के कारोबार में स्थिरता का संकेत है।

उद्योग मंडल फिक्की और आईबीए के सर्वे में 19 सार्वजनिक क्षेत्र, निजी एवं विदेशी बैंकों से जानकारी के अनुसार इस अवधि में 58 प्रतिशत प्रतिभागी बैंकों ने कहा कि उनके एनपीए में वृद्धि हुई है। इससे पीछे दौर के सर्वे में 80 प्रतिशत बैंकों ने कहा था कि उनकी एनपीए बढ़ी है।

बुनियादी ढांचा, धातु और इंजीनियरिंग क्षेत्र का फंसे कर्ज में प्रमुख रूप से योगदान है। सर्वे में शामिल किए गए इन बैंकों का घरेलू बैंकिग उद्योग में योगदान 59 प्रतिशत है। इसी तरह इस दौरान केवल 28 प्रतिशत बैंकों ने अपने यहां कर्ज के पुनर्गठन के लिए आवेदनों की संख्या बढ़ने की बात कही। पिछले दौर में ऐसे बैंकों का अनुपात 40 प्रतिशत था।

आगामी केंद्रीय बजट के लिए बैंकों ने एनपीए प्रावधान पर पूर्ण कर छूट, कंपनी कर की दर में कमी और बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश को गति देने की मांग की है। रिपोर्ट के बारे में फिक्की ने कहा, ‘सर्वे में शामिल ज्यादातर बैंकों ने कंपनी कर की दर 30 प्रतिशत से घटाकर 25 प्रतिशत करने, न्यूनतम वैकल्पिक कर घटाकर 15 प्रतिशत करने और व्यक्तियों के लिए कर छूट बढ़ाने का सुझाव दिया है।’

यह सर्वे पिछले वर्ष जुलाई से दिसंबर के बीच किया गया है। सर्वे में यह सुझाव दिया गया है कि बजट में बैंकों को एनपीए के लिए किए जाने वाले प्रावधान पर पूरी कर छूट मिलनी चाहिए। फिलहाल इस मामले में कर योग्य आय पर 5 प्रतिशत की सीमा तय है।

सार्वजनिक क्षेत्र के 20 बैंकों को मिलेंगे 88 हजार करोड़

नई दिल्ली। सरकार ने बुधवार को ऐलान किया कि वह चालू वित्त वर्ष में 20 पब्लिक सेक्टर बैंकों में 88 हजार 139 करोड़ रुपये की पूंजी लगाएगी। आईडीबीआई बैंक को सबसे ज्यादा 10,610 करोड़ रुपये मिलेंगे। वित्त मंत्री अरुण जेटली ने कहा कि उनके मंत्रालय ने पब्लिक सेक्टर के बैंकों को दी जाने वाली पूंजी को लेकर विस्तृत योजना बनाई है।

बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में सरकार ने पब्लिक सेक्टर के बैंकों के लिए 2.1 लाख करोड़ रुपये के रीकैप प्लान का ऐलान किया था। जेटली ने कहा कि 2017-18 और 2018-19 के दौरान बैंकों के रीकैप प्लान पर अमल किया जाएगा।31 मार्च को खत्म हो रहे चालू वित्त वर्ष के लिए स्टेट बैंक ऑफ इंडिया को 8,800 करोड़, बैंक ऑफ इंडिया को 9,232 करोड़ और पंजाब नैशनल बैंक को 5,473 करोड़ रुपये मिलेंगे।

इसके अलावा यूको बैंक को 6,507 करोड़, बैंक ऑफ बड़ौदा को 5,375 करोड़, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को 5,158 करोड़, कैनरा बैंक को 4,865 करोड़, इंडियन ओवरसीज बैंक को 4,694 करोड़ और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया को 4,524 करोड़ रुपये मिलेंगे।

ओरिएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स को 3,571 करोड़, देना बैंक को 3,045 करोड़, बैंक ऑफ महाराष्ट्र को 3,173 करोड़, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया को 2,634 करोड़, कॉर्पोरेशन बैंक को 2,187 करोड़, सिंडिकेट बैंक को 2,839 करोड़, आंध्रा बैंक को 1,890 करोड़, इलाहाबाद बैंक को 1,500 करोड़ और पंजाब ऐंड सिंध बैंक को 785 करोड़ रुपये मिलेंगे।जेटली ने कहा कि बैंकों की संचालन व्यवस्था में सर्वोच्च मानक सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाने चाहिए।

पिछली स्थितियां दोहराई नहीं जाएं इसके लिए संस्थागत प्रणाली की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘हमें विरासत में बहुत बड़ी समस्या मिली थी और हमने उस समस्या का समाधान ढूढ़ने की कोशिश की।’ वित्त मंत्री ने कहा कि पब्लिक सेक्टर के बैंकों की अच्छी सेहत सरकार की प्राथमिकता है।

वित्त मंत्रालय में डिपार्टमेंट ऑफ फाइनैंशल सर्विसेज के सेक्रटरी राजीव कुमार ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र का हर बैंक विश्वास का प्रतीक है, इन बैंकों की पूंजी को नियमों के अनुसार आवश्यक स्तर पर बनाये रखा जाएगा। बैंकों में पुनर्पूंजीकरण उनके प्रदर्शन और सुधारों पर निर्भर होगा, 250 करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज की विशेष निगरानी होगी।

उन्होंने कहा कि पहली बार बैंक से जुड़े लोगों के 65 करोड़ बैंक खातों पर न्यूनतम शेष जुर्माना नहीं लगाया जाएगा। कुमार ने कहा कि सोशल मीडिया में बैंकों को लेकर कुछ चर्चाएं रहती हैं लेकिन सरकार किसी भी बैंक को नाकाम नहीं होने देगी।

शादी-ब्याह वालों की मांग से सोना महंगा, जानिए क्या रहे दाम

नई दिल्ली। सकारात्मक वैश्विक संकेतों तथा शादी-ब्याह के मौसम में बढ़ी मांग से आज सोना 25 रुपये चढ़कर 31,100 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। वहीं दूसरी ओर औद्योगिक इकाइयों तथा सिक्का विनिर्माताओं की छिटपुट मांग से चांदी 39,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।

सर्राफा कारोबारियों ने कहा कि अमेरिकी डॉलर के तीन साल के नए निचले स्तर पर पहुंचने से कीमती धातुओं में मांग बढ़ी है। डॉलर में गिरावट आने पर निवेश के सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने की मांग बढ़ी है। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.16 प्रतिशत चढ़कर 1,343 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।

वहीं चांदी 0.21 प्रतिशत वृद्धि के साथ 17.07 डॉलर प्रति औंस रही। इसके अलावा स्थानीय आभूषण विनिर्माताओं की शादी ब्याह के मौसम की मांग से भी सोने में तेजी आई। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 99.9 प्रतिशत तथा 99.5 प्रतिशत शुद्धता 25-25 रुपये की बढ़त के साथ क्रमश: 31,100 रुपये और 30,950 रुपये प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। 

गिन्नी का भाव हालांकि 100 रुपये टूटकर 24,800 रुपये प्रति आठ ग्राम पर बोला गया। उधर चांदी हाजिर 39,900 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही, जबकि साप्ताहिक डिलिवरी भाव 75 रुपये गिरकर 38,940 रुपये प्रति किलोग्राम रह गया। हालांकि, चांदी सिक्का लिवाल 74,000 रुपये तथा बिकवाल 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा। 

कोटा सर्राफा 
चांदी 39800 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 31000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36160 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 31150 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36330 रुपये प्रति तोला।