Sunday, July 19, 2026
Home Blog Page 5482

अब कोटा स्टेशन भी होगा स्मार्ट, ट्रेनों में लगेंगे बायो टॉयलेट

कोटा। स्मार्ट शहर, कायाकल्प और शहरी रूपान्तरण के लिए अटल मिशन में शामिल शहरों के रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास की समेकित योजना के लिए रेल मंत्रालय और शहरी विकास मंत्रालय के बीच हाल ही एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। स्मार्ट शहरों की योजना के तहत दस रेलवे स्टेशनों की पहचान की गई, जिनका पुनर्विकास किया जाएगा। इनमें कोटा जंक्शन भी शामिल है।

कोटा के अलावा तिरुपति, दिल्ली सराय रोहिल्ला, नेल्लौर, मडगांव, लखनऊ, गोमतीनगर, नया ठाणे, एर्नाकुलम जंक्शन और पुड्डुचेरी स्टेशन शामिल हैं। स्मार्ट शहरों और अमृत योजना के तहत स्टेशनों के पुनर्विकास की योजनाएं स्टेशनों के आस-पास खाली जमीन के व्यावसायिक विकास के जरिए बनाई जाएगी। कोटा जंक्शन सफाई के मामले में देश के श्रेष्ठ स्टेशनों में पहले से ही शामिल है। इस योजना के तहत पीपीपी मोड पर विकास कराए जा सकेंगे।

इस साल के अंत तक सभी ट्रेनों में बायो टॉयलेट : पश्चिम मध्य रेलवे की ट्रेनों के सभी यात्री कोचों में इस साल के अंत तक बायो टॉयलेट लगाने का कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। कोटा, भोपाल और जबलपुर मंडल में उपलब्ध कुल कोचों में से 80 प्रतिशत कोचों में टॉयलेट लगाने का कार्य पूरा कर लिया गया है।

कोटा मंडल की कोटा-उधमपुर एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों में बायो टॉयलेट लगाए जा चुके हैं। जोन को हाल ही में 52 नए एलएचबी कोच मिले हैं, जिसमें बायो टैंक लगे हुए हैं। पश्चिम मध्य रेल द्वारा संचालित 53 ट्रेनों में से 22 ट्रेनों के यात्री डिब्बों में बायो टैंक लगाए जा चुके हैं। बायो टैंक लगाए जाने से यात्री डिब्बों के बाहर ह्यूमन वेस्ट नहीं गिरता है।

राजस्थान के 55% सरकारी स्कूलों में बिजली नहीं

जयपुर। टेक्नो-फ्रेंडली युग में राजस्थान के 55 फीसदी सरकारी स्कूलों में बिजली कनेक्शन तक नहीं हैं, यहां कंप्यूटर और इंटरनेट की बात ही छोड़ दीजिए। आखर ज्ञान से जिंदगी रोशन करने के लिए स्कूलों में आने वाले स्टूडेंट सरकारी अंधेरे में पढ़ने को मजबूर हैं।

प्राइमरी स्कूलों के हालात तो और भी चिंताजनक हैं। यहां 90 फीसदी स्कूलों में बिजली नहीं पहुुंची है। प्रदेश के बांसवाड़ा जिले की हालत सबसे बदतर है, यहां 75 फीसदी स्कूलों में बिजली नहीं है। वहीं, झुंझुनूं जिले में (17 फीसदी स्कूल बिजली रहित) स्थिति बेहतर है।

शिक्षामंत्री के जिले में 33% स्कूलों में बत्ती गुल
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी अजमेर उत्तर से विधायक हैं। अजमेर जिले के 1,785 स्कूलों में से 583 (33%) में बिजली नहीं है। संभाग के 50% स्कूल बिना बिजली चल रहे हैं।

ऊर्जा मंत्री के जिले के स्कूलों में ही ऊर्जा संकट
ऊर्जा राज्य मंत्री पुष्पेंद्र सिंह बाली से विधायक हैं। यह जोधपुर संभाग के पाली जिले में आता है। जिले में 1,760 में से 614 (35%) स्कूलों में बिजली नहीं है। जोधपुर संभाग में यह आंकड़ा 59 फीसदी है।

बेस्ट एक्टर अनिल चरणजीत, बेस्ट एक्ट्रेस नंदिनी को अवार्ड

कोटा। चंबल इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल का समापन रविवार को हो गया। इस दौरान बेस्ट एक्टर का अवार्ड अनिल चरणजीत और बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड नंदिनी को प्रदान किया गया।

दो दिन तक यूआईटी ऑडिटोरियम में चला फिल्म फेस्टिवल शहरवासियों के लिए यादगार बन गया। यहां 28 देशों की 160 मूवी की स्क्रीनिंग की गई। देशभर से आए फिल्म मेकर से लेकर प्रोड्यूसर, एक्टर सहित विदेशी मेहमानों के बीच बेस्ट मूवी से लेकर बेस्ट म्यूजिक वीडियो, बेस्ट एनिमेशन मूवी सहित अन्य अवार्ड घोषित किए।

मुख्य अतिथि बिजनेसमैन तरुण मोदी, अभिषेक महिपाल बॉलीवुड के गीतकार सईद कादरी एवं गायक संगीतकार क्षितिज तारे रहे। आयोजन समिति की ओर से इस फेस्टिवल के सहयोगियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अवाॅर्ड सेरेमनी पर मंच पर फिल्मों के विजेता, उपविजेताओं को ट्रॉफी एवं सर्टिफिकेट प्रदान कर सम्मानित किया।

यहां जाने माने गायक एवं संगीतकार क्षितिज तारे के गीतों की मधुर प्रस्तुतियों ने आनंदित कर दिया। गीतकार सईद कादरी ने अपनी रचनाएं सुनाई। फेस्टिवल डायरेक्टर कपिल सिद्धार्थ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

बेस्ट मूवी: 93 नॉट आउट इंडिया: इसे बेस्ट मूवी का अवाॅर्ड प्रदान किया गया। यह तमिल मूवी है। इसके डायरेक्टर अरुद्र है। इसमें 93 वर्ष के बुजुर्ग के जज्बा बताया है। जो बाइपास सर्जरी के बाद साइकिल चलाने की हसरत पूरी करता है।
बेस्ट एनिमेशन मूवी: बंगाल की एनिमेशन मूवी सेफेकुलर को मिली है। निर्देशक श्री परमा रॉय चौधरी है। एक कार्टून कैरेक्टर बच्चा है, जो स्वच्छता का संदेश देते हुए एक कीटाणु से लड़ते हुए दिखाया गया है। यह चार मिनट की संदेशप्रद मूवी है।
बेस्ट म्यूजिक वीडियो: यह मुंबई के स्वप्निल बिशेखर द्वारा बनाया खुशनुमा वीडियो है। यह एक बाप-बेटी के स्नेह की कहानी को बताता है। यह सात मिनट का वीडियो है।
बेस्ट एक्टर: मुंबई के अनिल चरणजीत को यह अवाॅर्ड मिला है। इसमें एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो देवी मां का उपासक है और अपनी पत्नी को परेशान करता है, लेकिन देवी मां के श्राप से वो विकलांग हो जाता है और इसके बाद वो सुधरता है और पत्नी से प्रेमी करता है।
बेस्ट एक्ट्रेस: यह तमिल एक्ट्रेस नंदिनी को मूवी असाई मुगम में बेस्ट एक्ट्रेस का अवाॅर्ड दिया गया। इसमें एसिड अटैक के बाद की नार्मल जिंदगी को बताया गया है।

अपनी कमाई का 10वां हिस्सा दान देना है शास्त्र सम्मत

कोटा। नारायण सेवा संस्थान का स्नेह मिलन एवं भामाशाह सम्मान समारोह रविवार को प्रशांति विद्या मंदिर महावीर नगर द्वितीय पर आयोजित किया गया। समारोह में 780 समाजसेवियों एवं भामाशाहों का मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर एवं श्रीनाथ जी का दुपट्टा ओढाकर सम्मान किया।

कार्यक्रम में समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल, श्रीमती पुष्पा अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष रवि झंवर, महिला शाखा अध्यक्ष अंजू झंवर, शशि अग्रवाल, राघव अग्रवाल, प्राचार्या सावित्री विजय, मधुसूदन विजय, केन्द्रीय प्रतिनिधि जगदीश आकाश, जगदीश राजावत अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समाजसेवी राधेश्याम अग्रवाल ने संबोधित करते हुए कहा कि नारायण सेवा संस्थान सेवा का पर्याय बन गया है। जहां लाखों लोगों के निशुल्क आॅपरेशन कराए गए हैं। वास्तव में गरीब व्यक्ति की सेवा से बढकर कोई कार्य नहीं हो सकता है। हर व्यक्ति को निर्धन, असहाय और पीड़ित की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।

अपनी कमाई का 10वां हिस्सा दान देने को शास्त्र सम्मत माना गया है। वहीं दान को भी पात्र व्यक्ति और संस्था को देने की बात कही गई है। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा प्रतिदिन 100 निशुल्क आॅपरेशन किए जाते हैं। आॅपरेशन के दौरान एवं बाद में दवाएं तथा परिजनों के रहने व खाने के सभी व्यवस्थाएं संस्थान की ओर से उपलब्ध कराई जाती हैं।

उन्होंने कहा कि उदयपुर संस्थान में जो सेवा का महान कार्य प्रशांत अग्रवाल और वन्दना अग्रवाल के द्वारा किया जा रहा है। संस्थान इन गरीब, दिव्यांगजनों को परिणय सूत्र में बांधकर इनके घर बसाने का कार्य किया जा रहा है। इसके अलावा आॅपरेशन, दवा, कृत्रिम अंग वितरण का कार्य भी निशुल्क किया जाता है।

संस्थान के संस्थापक कैलाश मानव द्वारा प्रवचन, श्रीमद्भागवत कथा, नानी बाई का मायरा, भक्तमाल कथा द्वारा सम्पूर्ण भारतवर्ष में धर्म के द्वारा सेवा का प्रचार किया जा रहा है। इससे भी दिव्यांगजनों की ही सेवा हो पा रही है।

3 लाख 18 हजार निशुल्क आॅपरेशन
शाखा अध्यक्ष रवि झंवर ने कहा कि संस्थान की ओर से अभी तक 3 लाख 18 हजार आॅपरेशन निशुल्क किए जा चुके हैं। इसके अलावा संस्थान के द्वारा लाखों लोगों को निशुल्क राशन भी दिया जाता है। वहीं जन्मजात विकलांगता ग्रस्त बालकों को आवासीय विद्यालय में शिक्षा का कार्य भी संस्थान के द्वारा समाजसेवियों के माध्यम से किया जा रहा है।

वहीं वर्ष में दो बार दिव्यांग विवाह सम्मेलन आयोजित होता है। संचालन ओमपाल सीलन ने किया। इस अवसर पर टीम प्रभारी मुकेश शर्मा, भूपेन्द्र सालवी, सुनील, दीपेश सेन, हितेश सेन, विकास दाधीच, दीपक सिंह दुलावत, सुनील सेन, महेश अहीर समेत कईं लोग उपस्थित थे।

भ्रष्टाचार का मामला : द. अफ्रीका में गुप्ता बंधुओं पर कसा शिकंजा

जोहानिसबर्ग। दक्षिण अफ्रीका में भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे बड़े भारतीय कारोबारी परिवार के खिलाफ शिकंजा कसता जा रहा है। दक्षिण अफ्रीकी सरकार ने गुप्ता परिवार से स्थायी निवास का अधिकार छीनने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस मामले से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। भ्रष्टाचार के मामलों में पुलिस को भगोड़े अजय गुप्ता की तलाश है।

निवास का अधिकार छीने जाने के बाद वे बैंकिंग सुविधा और दक्षिण अफ्रीकी पहचान पत्र का इस्तेमाल भी नहीं कर पाएंगे। भारत में पैदा हुए गुप्ता बंधुओं में अजय गुप्ता सबसे बड़े हैं। गुप्ता इस देश के सबसे अमीर लोगों में से एक हैं। अब पुलिस इन पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रही है। भ्रष्टाचार पर नजर रखने वाली एजेंसी ने पूर्व राष्ट्रपति जैकब जुमा से अनुचित लिंक के आरोप लगाए हैं।

गृह मंत्री मालुसी गीगाबा ने अजय के आवासीय अधिकार वापस लिए जाने की संभावना पर राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा से चर्चा की है। गीगाबा के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय के महानिदेशक को इसके लीगल पहलुओं पर विचार करने को कहा है।

साउथ अफ्रीका में जांच के अलावा भारत में भी टैक्स डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने गुप्ता बंधुओं के ठिकानों पर छापेमारी की है। कई बार समन जारी किए जाने के बाद पेश नहीं होने पर पुलिस ने अजय गुप्ता को भगोड़ा घोषित कर दिया था। उनके साथ 13 अन्य लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज है।

यह भी आरोप है कि जैकब जुमा के राष्ट्रपति रहते उन्हें गलत तरीके से सरकारी ठेके आवंटित किए गए। अतुल के नेतृत्व में यह परिवार 1993 में साउथ अफ्रीका आया था और बहुत जल्द इसने अपने कारोबार को कई क्षेत्रों में फैला लिया। गुप्ता बंधु मूलरूप से उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं।

भारत में भी लॉन्च हो सकती हैं जिनीवा मोटर शो में आईं कारें, वीडियो

जिनीवा मोटर शो चल रहा है। दुनियाभर की आॅटो कंपनियों अपने प्रॉडक्ट्स के साथ हाजिर हैं। ग्लोबल मार्केट के लिए कई नई कारें लॉन्च की जा रही हैं। भारत ज्यादातर कंपनियों के लिए मुख्य बाजार है और ऐसे में कई कारें भविष्य में यहां भी आ सकती हैं। जिनीवा मोटर शो में लॉन्च हुईं कारों में से कौन सी कारें भारत में आ सकती हैं, उन पर एक नजर…देखिए वीडियो 

स्कोडा विजन एक्स कॉन्सेप्ट
स्कोडा की इस कार ने कइयों को आकर्षित किया है। कोडिआक और करोक के बाद अब भारत में यह गाड़ी आ सकती है। स्मार्ट डिजाइन, फीचर्स से लैस इस गाड़ी में 380 लीटर का बूट स्पेस मिलेगा।

ह्यूंदै सैंटा फे
ह्यूंदै ने सैंटा फे का न्यू जेनरेशन मॉडल जिनीवा मोटर शो में पेश किया। नए मॉडल में तीन या चार सिलिंडर में से कोई एक चुनने का आॅप्शन मिलेगा। इइसमें 2.4 लीटर जीडीआई पेट्रोल इंजन या 2.2 लीटर टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन मिलेगा। 

टाटा ई-विजन कॉन्सेप्ट सिडैन
यह इलेक्ट्रिक कॉन्सेप्ट मॉडल है। इसे ओमेगा प्लैटफॉर्म पर बनाया गया है। इसका साइज जैगवान एक्सई या मर्सडीज बेंज सी क्लास कार जितना है।

लैम्बॉर्गिनी हुराकेन पर्फार्मेंटे स्पायडर
उरुस एसयूवी के बाद अब लैम्बॉर्गिनी इसे भारत में ला सकती है। यह ओपन टॉप वाली गाड़ी है। 
इसें 5.2 लीटर वी10 इंजन दिया गया है जो कि 630 हॉर्सपावर और 600 न्यूटन मीटर टॉर्क जेनरेट कर सकता है। 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड महज 3.1 सेकंड्स में पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 325 किलोमीटर प्रति घंटा है।

लेक्सस यूएक्स
लेक्सस ने यूएक्स 250एच को पेश किया है। इसका डिजाइन एकदम नया है। इसमें 2.0 लीटर का पेट्रोल इंजन है।

 2019 आउडी ए6
आउडी ने 8वीं जेनरेशन ए6 लग्जरी सिडैन को फुल मेटल में पेश किया है। यह भी भारत आ सकती है। इसमें ए8 और ए7 मॉडल्स का डिजाइन मिलेजुले रूप से दिखेगा।

रेंज रोवर एसवी कूपे
लैंड रोवर ने दो दरवाजों वाली इस लिमिटेड एडिशन कूपे को जिनीवा मोटर शो में इस बार पेश किया है। 
यह दुनिया की पहली फुल साइज लग्जरी एसयूवी कूपे है। दुनियाभर में इसकी केवल 999 यूनिट्स ही बनेंगी। यह सबसे तेज फुल साइज रेंज रोवर गाड़ी भी होगी। इसकी टॉप स्पीड 265 किलोमीटर प्रति घंटा है। इसमें 5.0 लीटर का सुपरचार्ज्ड वी8 पेट्रोल इंजन दिया गया है। केवल 5 सेकंड्स में ही 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ लेती है।

फरारी 488 पिस्ता
फरारी की नई स्पेशल सीरीज़ सुपरकार में 3.9 लीटर का वी8 इंजन दिया गया है। यह 711 बीएचपी का पावर और 770 न्यूटन मीटर टॉर्क जेनरेट कर सकती है। इसकी टॉप स्पीड 340 किलोमीटर प्रति घंटा है और महज 2.8 सेकंड्स में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड पकड़ने में सक्षम है। इसमें कार्बन फाइबर का खूब इस्तेमाल देखने को मिलेगा।

जैगवार आई-पेस
जैगवार की पहली इलेक्ट्रिक गाड़ी एसयूवी है और यह भारत में लॉन्च की जा सकती है। कंपनी ने इसको बनाने में 4 साल लगाए हैं। यह 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड महज 4.5 सेकंड्स में पकड़ लेती है। यह परफॉर्मेंस एसयूवी फुल चार्ज पर 480 किलोमीटर जा सकती है। 90kWh लिथियम आयन बैटरी बैटरी महज 45 मिनट में 80 पर्सेंट चार्जिंग कर देती है। 

 

फरारी ने भारत में लॉन्च की सुपरकार, कीमत 5 करोड़ से ज्यादा!

नई दिल्ली। फरारी ने अपनी नई वी12 इंजन से लैस जीटी सुपरकार को लॉन्च कर दिया है। इसका नाम 812 सुपरफास्ट है। Ferrari 812 Superfast फरारी कस्टमर्स के बीच लोकप्रिय कार, F12 Berlinetta को रिप्लेस करेगी। Ferrari 812 Superfast की एक्स शोरूम कीमत 5.20 करोड़ रुपये है।

इसमें V12 इंजन दिया गया है जो कि 789 बीएचपी का पीक पावर और 718 न्यूटन मीटर का पीक टॉर्क जेनरेट करता है। इसकी टॉप स्पीड 340 किलोमीटर प्रति घंटा है। अन्य फरारी मॉडल्स की ही तरह इसका लुक भी जबर्दस्त है। इसमें लंबा स्वूपिंग बोनट, रियर सीट कैबिन और छोटा बूट है।

Ferrari 812 Superfast में शार्प और अग्रेसिव हेडलैम्प्स हैं। पीछे का डिजाइन किसी फाइटेर जेट से इंस्पायर्ड लगता है। यह काफी अडवांस सुपरकार है। इसमें रियर वील स्टीयरिंग भी दी गई है। इसका मुकाबला Aston Martin DB11 और Bentley Continental GT आदि सुपरकारों से होगा।

GST को कचरे की टोकरी में फेंक देना चाहिए : कमल हासन

चेन्नई। अभिनेता से राजनेता बने कमल हासन राजनीति की पिच पर एक सधे खिलाड़ी की तरह कदम बढ़ाते दिख रहे हैं। जनता के साथ लगातार संपर्क स्थापित करने के साथ ही उनसे जुड़े मुद्दों को भी खूब उछाल रहे हैं। हासन पिछले दो दिनों से तमिलनाडु के इरोड में हैं और लगातार लोगों के बीच जनसंपर्क कर रहे हैं।

रविवार को जनसंपर्क के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने जीएसटी को लेकर सवाल उठाया। हासन ने कहा कि जीएसटी से हर सेक्टर को नुकसान पहुंचा है, इसे कचरे की टोकरी में फेंक देना चाहिए।

इरोड में पत्रकारों से बातचीत में हासन ने कहा, जीएसटी से तो किसी भी सेक्टर को कोई फायदा नहीं हुआ। हां, नोटबंदी में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोट को खत्म करने का फैसला सही था, लेकिन उसे (नोटबंदी) भी सरकार सही तरीके से आगे नहीं बढ़ा पाई। ऐसे में लोगों को दिक्कत भी हुई।

‘खेती में दिलचस्पी लें युवा’
इरोड में एक जनसभा को संबोधित करते हुए हासन ने युवाओं से अपील की कि वे सिर्फ इंजिनियरिंग और मेडिकल की तरफ करियर देखने की जगह कृषि के क्षेत्र में भी दिलचस्पी बढ़ाएं। हासन ने कहा, ‘देश की खेती योग्य जमीन युवाओं के इंतजार में है। युवाओं को आज की कृषि तकनीकों से रूबरू होकर इस क्षेत्र में कदम बढ़ाने की तरफ सोचना चाहिए।’

अचानक शराब पर प्रतिबंध ठीक नहीं
युवाओं के बीच मौजूद कमल हासन ने शराब के मुद्दे पर भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि किसी भी राज्य में एक दिन में शराब पर प्रतिबंध लगा देना संभव नहीं है।

उन्होंने कहा कि इसके लिए पहले लोगों को तैयार करना होगा। हासन ने कहा कि बिना जनता की राय लिए कोई सरकार सीधे शराब प्रतिबंधित कर दे तो संभव है कि यह संभव है कि लोग किसी और बुरी लत की तरफ मुड़ जाएं।

AIADMK को चेतावनी
बता दें कि इससे पहले कमल हासन ने सूबे में सत्तारूढ़ एआईएडीएमके को भी चेतावनी देते हुए कहा कि वह अपना तौर-तरीका बदल ले। हासन ने कहा कि अगर आप (एआईएडीएमके) नहीं बदलेंगे, तो हम कदम रख देंगे। हासन ने दावा भी किया कि वह प्रदेश में अगली सरकार बनाने की कोशिश करेंगे।

PNB फ्रॉड: आरबीआई ने शुरू किया सरकारी बैंकों का विशेष ऑडिट

नई दिल्ली। बैंकों में धोखाधड़ी के मामलों से परेशान भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने सरकारी बैंकों के विशेष ऑडिट की प्रक्रिया शुरू की है। इस ऑडिट में मुख्य ध्यान ट्रेड फाइनैंसिंग और बैंकों द्वारा जारी किए जाने वाले गारंटी पत्रों (LoU) पर दिया जाएगा।

सूत्रों ने बताया कि आरबीआई ने सभी बैंकों से उनके द्वारा जारी किए गए LoU की जानकारी मांगी है। इसमें बकाया राशि की जानकारी भी मांगी गई है। आरबीआई यह भी देखेगा कि बैंकों के पास ऋण सीमा की पहले से अनुमति थी या नहीं और गारंटी पत्र जारी करने से पहले उनके पास पर्याप्त नकद मार्जिन उपलब्ध था या नहीं।

सूत्रों ने कहा कि हाल में उजागर पंजाब नैशनल बैंक-नीरव मोदी धोखाधड़ी मामले समेत अधिकतर बड़े बैंकिंग धोखाधड़ी मामले ट्रेड फाइनैंसिंग से जुड़े हैं। इसके अलावा जानबूझ कर कर्ज नहीं चुकाने के भी कई मामले ट्रेड फाइनैंसिंग से जुड़े रहे हैं।

हाल में पीएनबी के साथ किए गए 12,646 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में भी एलओयू का इस्तेमाल किया गया। इसे ध्यान में रखते हुए आरबीआई इस ऑडिट में इनसे जुड़े मामलों की भी जांच करेगा।

उल्लेखनीय है कि नीरव मोदी का मामला सामने आने के तुरंत बाद सीबीआई ने दिल्ली के हीरा निर्यातक द्वारका दास सेठ इंटरनैशनल के खिलाफ भी ओरिंएंटल बैंक ऑफ कॉमर्स में 389.85 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया था।

द्वारका दास सेठ इंटरनैशनल ने 2007-12 के बीच ओबीसी से विभिन्न प्रकार की ऋण सुविधाएं ली थीं। इसी प्रकार 2015 के बैंक ऑफ बड़ौदा धोखाधड़ी मामले में भी दिल्ली के दो व्यावसायियों ने बैंकों को ट्रेड फाइनैंसिंग प्रणाली का इस्तेमाल करते हुए 6,000 करोड़ रुपये का चूना लगाया था।

विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से निकाले 6,000 करोड़ रुपये

नई दिल्ली। विदेशी निवेशकों की भारतीय पूंजी बाजार से निकासी जारी है। चालू महीने के मात्र 6 कारोबारी दिनों में विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों (एफपीआई) ने करीब 6,000 करोड़ रुपये की निकासी की है।

डिपॉजिटरी डाटा के अनुसार एक मार्च से 9 मार्च के बीच एफपीआई ने शेयर बाजार से 2,410 करोड़ रुपये और डेट
मार्केट से 3,473 करोड़ रुपये की निकासी की। इस प्रकार इन निवेशकों ने कुल 5,883 करोड़ रुपये की निकासी की है। पिछले महीने शेयर और डेट मार्केट से एफपीआई ने कुल 11,000 करोड़ रुपये की निकासी की थी।

ग्रो के सह-संस्थापक और मुख्य चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर हर्ष जैन ने कहा, ‘भारत से एफपीआई की निकासी डॉलर की मांग बढ़ने का नतीजा है, जो फेडरल रिजर्व के ब्याज दरों में बढ़ोतरी की संभावना से पैदा हुई है। एफपीआई के भारत से निकासी की एक और वजह उभरती अर्थव्यवस्थों में निवेश करना भी हो सकती है।’

मॉर्निंगस्टार इन्वेस्टमेंट अडवाइजर इंडिया में सीनियर रिसर्च ऐनालिस्ट हिमांशु श्रीवास्तव ने कहा कि एफपीआई के लिए फरवरी का महीना घरेलू और वैश्विक दोनों पहलुओं पर अनुकूल नहीं था।