Monday, July 27, 2026
Home Blog Page 5447

टाटा नेक्सॉन एएमटी की बुकिंग शुरू, 11,000 रुपए में करें बुक

नई दिल्ली। टाटा मोटर्स ने नेक्सॉन के एएमटी यानी आॅटोमैटिक ट्रांसमिशन वाले मॉडल की बुकिंग्स शुरू कर दी हैं। इस गाड़ी को 11,000 रुपए में बुक किया जा सकता है। नेक्सॉन अपने सेगमेंट की पहली ऐसी कार होगी जिसमें डीजल और आॅटोमैटिक का कॉम्बिनेशन देखने को मिलेगा। एएमटी ट्रांसमिशन सिंगल टॉप XZA+ ट्रिम में दिया जाएगा।

इस मॉडल में पीछे नया बैज, नया ड्यूल टोन कलर आॅप्शन, आॅरेंज और सिल्वर एक्सटीरियर फिनिश आदि चीजें इसे रेग्युलर मॉडल से अलग बनाती हैं। 6 स्पीड एएमटी से लैस टाटा नेक्सॉन के नए मॉडल में 1.5 लीटर, 3 सिलिंडर, टर्बो पेट्रोल इंजन होगा। यह इंजन 110 हॉर्सपावर की ताकत और 170 न्यूटन मीटर का टॉर्क जेनरेट करता है।

यह एएएमटी मॉडल मैन्युअल मोड में भी इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें मल्टी ड्राइव मोड्स, इको, सिटी और स्पॉर्ट में ड्राइव किया जा सकता है। टाटा Nexon AMT मई के पहले सप्ताह में लॉन्च की जा सकती है। उसी वक्त इसकी कीमत सामने आएगी। इसकी अनुमानित कीमत सात से दस लाख रुपए के बीच है।

मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं के प्रति बढ़ रहा रूझान

कोटा। कोचिंग के लिए नए सत्र शुरू होने के साथ देशभर से विद्यार्थियों और अभिभावकों का आना शुरू हो गया है। इस वर्ष मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी करने के प्रति रूझान अधिक बढ़ता हुआ नजर आ रहा है। गत वर्ष की अपेक्षा इस क्षेत्र में परीक्षा की तैयारी करने आने वाले विद्यार्थियों की संख्या में करीब 25 प्रतिशत का इजाफा होता दिखा है।

विद्यार्थियों और अभिभावकों के कोटा आने का क्रम जारी है। इसी के चलते ओरियन्टेशन का सिलसिला भी जारी है। एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में मेडिकल के ओरियन्टेशन में अब तक करीब 20 हजार से अधिक विद्यार्थी व अभिभावक शाामिल हो चुके हैं। रविवार को भी चार सत्रों में एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट में मेडिकल कोर्स के ओरियन्टेशन सेशन हुए, लैंडमार्क सिटी क्षेत्र स्थित सम्यक कैंपस के सद्गुण सभागार में आयोजित इन सेशन में करीब 10 हजार विद्यार्थी, अभिभावक शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन व एलन प्रार्थना के साथ हुई। एचओडी पी बी सक्सेना ने कहा कि जिस तरह मोबाइल में सिम डालने पर ही बात होना शुरू होती है, उसी तरह विद्यार्थियों को भी कोटा आते ही सिम दिमाग में डालनी होगी। ‘एस‘ से संस्कार जो आपको अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ रखने में मदद करेगा।

‘आई‘ से इंटेलेक्ट यानी आपको कोटा में रहकर क्या करना है, किस उद्देश्य से आप यहां आएं हैं और किस दिशा में जा रहे हैं यह तय करने के लिए आपकी बुद्धि आपको ज्ञान देगी। वहीं ‘एम‘ से माइंड यानी आपका मन संस्कार और इंटेलेक्ट के बिना किसी दूसरी दिशा में नहीं जाएगा।

कोटा में आए हैं तो हार नहीं माननी है, याद रखें गिरता वही है जो चलता है। इसलिए मुश्किलें आएंगी लेकिन आगे बढ़ते रहना है, कोशिश करते रहना है। एचओडी पी बी सक्सेना सर ने कहा कि कोटा आकर सिर्फ और सिर्फ पढ़ाई की तरफ देखना है। बाॅयलोजी को रटने नहीं समझने की कोशिश करो।

मन से पढ़ो जो समस्या आए तो एक बार नहीं बार-बार पूछो, पूछने में कोई झिझक नहीं होनी चाहिए। एलन के सीनियर फेकल्टी व एचओडी ने विद्यार्थियों को एलन सिस्टम और कोटा शहर के बारे में बताया। सीनियर वाइस प्रसीडेंट सीआर चैधरी ने कहा कि हम विद्यार्थियों के सपने पूरे करने के लिए हर संभव कोशिश करेंगे, विद्यार्थियों को सिर्फ हमारे साथ चलना है।

आप दो कदम चलेंगे हम चार कदम चलकर आपको आगे बढ़ाएंगे। विद्यार्थियों की समस्या के समाधान के लिए एलन हर संभव कोशिश करता आया है और करता रहेगा। वइस प्रसीडेंट विनोद कुमावत ने एलन सिस्टम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आपको लक्ष्य पर नजर रखते हुए दिन-रात सिर्फ पढ़ाई और परीक्षा के बारे में सोचना है, ये दो साल आपके जीवन के टर्निंग प्वाइंट साबित होंगे।

आप यहां आएं तो डाॅक्टर बनकर जाएं, यही हमारा प्रयास रहेगा। विद्यार्थियों के क्लास शुरू होने से लेकर क्लास खत्म होने, टेस्ट की प्रक्रिया, डाउट काउंटर्स, स्टडी मटीरियल के बारे में बताया। इसके साथ ही परीक्षा की तैयारी कैसे करनी है। पढ़ाई के लिए क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी।

सेंसेक्स 50 अंक कमजोर और निफ्टी 10550 के करीब

नई दिल्ली। सोमवार के कारोबार में घरेलू शेयर बाजार ने शुरूआती बढ़त गंवा दी है। सेंसेक्स 50 अंक कमजोर होकर 34365 के स्तर पर और निफ्टी 6 अंक कमजोरी के साथ 10557 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। कारोबार के शुरू में सेंसेक्स 78 अंक मजबूत होकर 34493 के स्तर पर और निफ्टी 29 अंक मजबूत होकर 10592 के स्तर पर खुला।

रियल्टी और ऑटो को छोड़कर लगभग सभी प्रमुख इंडेक्स में गिरावट है। बैंक शेयरों में सबसे ज्यादा कमजोरी दिख रही है। पिछले हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन सेंसेक्स 12 अंक गिरकर 34,415 औऱ निफ्टी 1 अंक की गिरावट के साथ 10,564 के स्तर पर बंद हुआ था।

बाजार में प्रॉफिट बुकिं
एक्सपायरी वीक के शुरूआत में निफ्टी पर 11 में से 8 इंडेक्स कारोबार के दौरान लाल निशान में चले गए हैं। सबसे ज्यादा गिरावट बैंकिंग शेयरों में है। पीएसयू बैंक इंडेक्स में 0.35 फीसदी, प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.22 फीसदी और निफ्टी बैंक इंडेक्स में 0.24 फीसदी कमजोरी दिख रही है।

रियल्टी शेयरों में 0.75 फीसदी तेजी है। ऑटो शेयरो में मामूली बढ़त दिख रही है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में सुस्ती नजर आ रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स फ्लैट नजर आ रहा है, जबकि निफ्टी के मिडकैप 100 इंडेक्स में 0.1 फीसदी की गिरावट दिख रही है। बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स सुस्त दिख रहा है।

मार्केट में क्यों दिख रही है सुस्ती
एशियाई बाजारों में गिरावट और दुनियाभर के बाजारों से मिले-जुले संकेतों की वजह से निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं। जिसकी वजह से शेयर मार्केट में सुस्ती देखी जा रही है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि क्रूड की बढ़ती कीमतें, रुपए में कमजोरी के अलावा ट्रेड वार व जियोपॉलिटिकल टेंशन की वजह से मार्केट पर दबाव है। प्रॉफिट बुकिंग बढ़ने की आशंका बनी हुई है। वहीं, कुछ देशों के सेंट्रल बैंक पॉलिसी डिसिजन ले सकते हैं, जिस पर मार्केट की नजर है।

रुपए में 2 साल की सबसे लंबी गिरावट, 66.20 के स्तर पर

नई दिल्ली। डॉलर के मुकाबले रुपए में लगातार गिरावट आ रही है।। सोमवार को लगातार छठें दिन रुपया कमजोर हुआ और 8 पैसे कमजोर होकर 66.20 के भाव पर खुला। पिछले हफ्ते रुपया 66 के स्तर से नीचे आग या था, जो पिछले 13 महीनों का सबसे निचला स्तर है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि बॉन्ड यील्ड में मजबूती, क्रूड की बढ़ती कीमतों और एफआईआई द्वारा लगातार बिकवाली का असर रुपए पर दिख रहा है।

पिछले ट्रडिंग सेशन में थी बड़ी गिरावट
पिछले हफ्ते के अंतिम कारोबारी दिन शुक्रवार को रुपए में कुल 33 पैसे की गिरावट दिखी थी। रिजर्व बैंक की मॉनिटिरी पॉलिसी बैठक के ब्यौरे से इस बात के संकेत मिलते हैं कि जून में होने वाली बैठक में मौद्रिक नीति के रूख में बदलाव आ सकता है। इससे रुपए पर दबाव बढ़ा।

शुक्रवार को रुपया डॉलर के मुकाबले 27 पैसे टूटकर 66.06 के स्तर पर खुला था। इस गिरावट के साथ रुपया 13 महीनों के लो पर पहुंच गया। मार्च 2017 के बाद पहली बार रुपया 66 के स्तर के नीचे आ गया है। वहीं गुरूवार को 3 पैसे टूटकर 65.79 के स्तर पर बंद हुआ था।

रुपए में गिरावट की वजह
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया का कहना है कि ब्रेंट क्रूड ऑयल कीमतों में तेजी और एफआईआई की बिकवाली से रुपए में कमजोरी आई है। जिससे रुपया पिछले 13 महीनों के निचले स्तर पर आ चुका है। वहीं, जियो पॉलिटिकल टेंशन और ट्रेड वार के बढ़ने का भी डर बना हुआ है। दूसरी ओर 10 साल के बॉन्ड यील्ड में तेजी है। बॉन्ड यील्ड और रुपए का मूवमेंट एक दूसरे के अपोजिट होता है।

भारत की विकास दर 7.4% रहने का अनुमान: उर्जित पटेल

वाशिंगटन। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के गवर्नर उर्जित पटेल ने कहा है कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने वित्त वर्ष 2017-18 में अच्‍छा प्रदर्शन किया। इसके अगले वित्‍त वर्ष यानी 2018-19 में आर्थिक वृद्धि और तेज होने की उम्मीद है। पटेल ने चालू वित्त वर्ष देश की विकास दर 7.4 फीसदी रहने का अनुमान जताया है।

पटेल ने अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (IMF) की इंटरनेशनल मॉनिटरी फाइनेंस कमिटी की मीटिंग में कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था को मैन्‍युफैक्‍चरिंग क्षेत्र में तेजी, बिक्री में इजाफ, सर्विस सेक्‍टर के मजबूत प्रदर्शन और कृषि फसल के रिकॉर्ड स्तर पर रहने से सपोर्ट मिला है।

निवेश में तेजी दिखाई देगी
गवर्नर ने कहा कि 2017-18 में वास्तविक जीडीपी की वृद्धि एक साल पहले के 7.1 फीसदी से गिरकर 6.6 फीसदी पर आ गई, लेकिन निवेश की मांग बढ़ने से दूसरी छमाही में रफ्तार में मजबूती लौट आई। उन्होंने कहा कि कई फैक्‍टर हैं जो 2018-19 में ग्रोथ रेट तेजी लाने में मददगार होंगे। साफ संकेत है कि अब निवेश गतिविधियों में सुधार बना रहेगा।

7.4% GDP ग्रोथ की उम्‍मीद
उर्जित पटेल ने कहा कि ग्‍लोबल डिमांड में सुधार हुआ है। इससे एक्‍सपोर्ट व नए इन्‍वेस्‍टमेंट को बढ़ावा मिलेगा और वित्त वर्ष 2018-19 में जीडीपी ग्रोथ रेट बढ़कर 7.4 फीसदी रहने की उम्मीद है।

पटेल ने कहा कि नवंबर 2016 से रिटेल महंगाई दर 4 फीसदी के मध्यम अवधि के लक्ष्य से नीचे ही रही। सब्जियों की कीमतों में अचानक तेजी से दिसंबर में महंगाई दर बढ़कर 5.2 फीसदी पर पहुंच गई थी, जो मार्च में गिरकर 4.3 फीसदी पर आ गई।

राजस्थान में पहली बार 116 साल पुरानी गवर्नमेंट लाइब्रेरी से जुड़ेंगे ट्रांसजेंडर

कोटा। देश की आजादी के बाद समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए देश में केरल के बाद दूसरा और प्रदेश का पहला मामला है, जिसमें ट्रांसजेंडर को गवर्नमेंट लाइब्रेरी में मेंबरशिप जारी की है। कोटा की 116 साल पुरानी गवर्नमेंट पं. दीनदयाल उपाध्याय सार्वजनिक मंडल लाइब्रेरी में वल्लभबाड़ी निवासी साहिबा को लाइफ टाइम मेंबरशिप जारी कर दी है। 
डिविजनल पब्लिक लाइब्रेरी प्रशासन की ओर से रजिस्टर में पहली बार थर्ड जेंडर का तीसरा कॉलम जोड़ा है। समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए पहली बार इनके लिए प्रयास किया है। इसमें कोटा की साहिबा को पहला मेंबर बनाया है। लाइब्रेरियन डॉ. दीपक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अक्सर इस वर्ग को लेकर समाज में भ्रांतियां बनी रहती थी। इनमें भी झिझक होती थी, लेकिन लाइब्रेरी की टीम ने जब इनसे मेंबरशिप के लिए बात कही तो उन्होंने कहा कि अच्छा लगा।

डॉ. श्रीवास्तव ने बताया कि इनकी मेंबरशिप को लेकर लंबे समय से परेशानी होती थी। इनके पास किसी भी तरह के सर्टिफिकेट और गारंटी को लेकर प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाती थी, लेकिन अब इनके आधार कार्ड बनने और गारंटी मिलने से इनकी खुशी दोगुनी हो गई।

प्रदेश में इस तबके लिए यहां से क्रांतिकारी पहल की है। सामान्यजन के साथ ये भी पसंदीदा किताबें इश्यू करवा सकेंगे। उन्होंने बताया कि इससे पहले नवंबर 2016 को देश में स्टेट सेंट्रल लाइब्रेरी केरल में थर्ड जेंडर को मेंबरशिप प्रदान की थी। कोटा में अब इसकी पहल की है।

लाइब्रेरी की ओर से साहिबा का मेंबरशिप कार्ड बनाया 
मैं सातवीं तक पढ़ी हूं। मैं हर दिन 15 मिनट अखबार पढ़ती हूं। यह मुझे खुशी हुई हैं कि लाइब्रेरी का मेंबर बनाया गया है। मेरा कार्ड बन गया है। –साहिबा, वल्लभ बाड़ी

लाइब्रेरी की टीम पहुंची साहिबा के घर:लाइब्रेरी की सहायक पुस्तकालय अध्यक्ष शशि जैन के साथ सहयोगी संतोष वल्लभ बाड़ी स्थित साहिबा के आवास पर पिछले दिनों पहुंची। जैन ने बताया कि वर्तमान ये भी समाज के अभिन्न अंग है। इनकी गुरुमाता ताराबाई की सहमति के बाद मैंबरशिप दी गई।

उन्होंने बताया कि सोमवार को विश्व पुस्तक दिवस पर समारोह में इन्हें मैंबरशिप कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। निशुल्क बुक इश्यू के साथ ऑडियो बुक्स, म्यूजिक लाइब्रेरी, रैफरेंस बुक्स की सुविधा के अलावा दो बुक्स 14-14 दिन के लिए इश्यू होगी।

आरटीयू के पेट्रोलियम विभाग में ट्रिपलआईटी शुरू करने का विरोध

कोटा | कोटा में ट्रिपलआईटी शुरू होने से पहले ही विरोध शुरू हो गया है। आरटीयू के पेट्रोलियम विभाग में ट्रिपलआईटी शुरू करने का विरोध पेट्रोलियम विभाग के स्टूडेंट्स ने किया है।

इस संबंध में स्टूडेंट्स ने आरटीयू के वीसी प्रो. एनपी कौशिक को ज्ञापन भी दिया है। इससे पेट्रोलियम विभाग में ट्रिपलआईटी खोलने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि स्किल्ड मेन पावर विकसित करने के लिए इस ब्रांच की स्थापना की गई थी। शुरू से ही इस ब्रांच की उपेक्षा की गई।

यह ब्रांच सिविल इंजीनियरिंग ब्रांच के साथ चल रही थी। भवन बनने से उम्मीद थी कि लंबे समय के बाद ब्रांच में सुधार होगा और स्टूडेंट्स को बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिल पाएगा। राज्य सरकार इस भवन में ट्रिपलआईटी चलाना चाहती है। ऐसे में स्टूडेंट्स को लैब और हॉस्टल की सुविधा से वंचित होना पड़ेगा।

अभी पेट्रोलियम ब्रांच के विभिन्न उपकरणों को एक हाॅल में रखा हुआ है। उनको इंस्टॉल करने की भी जगह नहीं है। छात्रों ने ज्ञापन में चेतावनी दी है कि अगर ट्रिपलआईटी यहां पर खुली तो उसको विरोध करते हुए आंदोलन भी किया जाएगा।

राष्ट्रपति कोविंद ने भगोड़ा आर्थिक अपराधी अध्यादेश को दी मंजूरी

नई दिल्ली। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने भगोड़े आर्थिक अपराधी अध्यादेश,2018 को अपनी मंजूरी दे दी है। इससे अब अधिकारियों को बैंकों के साथ धोखाधड़ी और जानबूझ कर लोन न चुकाने जैसे आर्थिक अपराध कर देश से भागने वाले लोगों की संपत्तियां जब्त करने की कार्रवाई करने का अधिकार मिल गया है।

एक अधिकारिक बयान में कहा गया कि यह अध्यादेश उन आर्थिक अपराधियों के लिए लाया गया है जो देश की अदालतों के न्यायाधिकार क्षेत्र से बाहर भाग कर कानूनी प्रक्रिया से बच रहे हैं। बयान में किसी का नाम लिए बिना कहा गया , ‘इस अध्यादेश की जरूरत थी क्योंकि अपराध के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू होने की संभावना या कानूनी प्रक्रिया के बीच में ही देश की अदालतों के न्यायाधिकार क्षेत्र से बाहर भागने वालों की संख्या बढ़ी है।’

इस अध्यादेश का उद्देश्य भगोडे़ जूलरी कारोबारी नीरव मोदी जैसे व्यक्तियों की धोखाधड़ी से सरकारी खजाने या सरकारी बैंकों को हुए नुकसान की तुरंत वसूली की कार्रवाई की कानूनी व्यवस्था करना है। नीरव मोदी और उसके सहयोगियों पर पंजाब नैशनल बैंक के साथ करीब 14 हजार करोड़ रुपये के कर्ज की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

इसकी जरूरत बताते हुए कहा कि इस तरह के अपराधियों के भारतीय अदालतों के सामने हाजिर नहीं होने से जांच में दिक्कतें आती हैं और अदालत का समय बर्बाद होता है। इससे कानून का शासन भी कमजोर होता है। बयान में कहा गया।  ‘कानून में मौजूद दिवानी एवं फौजदारी प्रावधान इस तरह की समस्या से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम नहीं हैं।’

आयकर विभाग में सोना चोर पकड़े, तीन घंटे में वारदात का खुलासा

कोटा। आयकर विभाग से 2.25 करोड़ रुपये के चोरी हुए सोने का शहर पुलिस ने रविवार को महज तीन घंटे में वारदात का खुलासा करते हुए चोरों को पकड़ कर उसे सोना भी बरामद कर लिया। चोर और कोई नहीं ब्लॉक विभाग के कम्प्यूटर ऑपरेटर ही निकले। 

शहर में शनिवार देर रात शातिर बदमाशों ने इनकमटैक्स विभाग के ऑफिस में सेंध लगा दी। चोरों ने सहायक निदेशक (इंवेस्टिगेशन) एएल मीना के कमरे में अलमारी का लॉकर तोड़ा और वहां रखा करीब सवा दो करोड़ रुपए का सोना चुराकर ले गए। रविवार दोपहर को वारदात का पता चलने पर इनकमटैक्स अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

आनन-फानन में सूचना देने पर एसपी कोटा शहर अंशुमन भौमियां समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एएसपी समीर दुबे के नेतृत्व में गठित पुलिस ने महज तीन घंटे में ही वारदात का पर्दाफाश कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसमें एक विभाग का ही कर्मचारी भी शामिल है। जो कि कंप्यूटर ऑपरेटर है। पुलिस ने इनसे चुराया गया सोना भी जब्त कर लिया है। चोरी हुआ यह सोना करीब 2 करोड़ 23 लाख रुपए का बताया जा रहा है।

यह है पूरा मामला– जानकारी के अनुसार यह वारदात सीएडी रोड पर पुलिस कंट्रोल रूम से महज कुछ दूरी पर स्थित आयकर विभाग ऑफिस में हुई। बीते दिन इनकमटैक्स विभाग ने कोटा के एक सर्राफा व्यवसायी के यहां छापामारी कर यह सोना जब्त किया था।

– यह सोना डिब्बों में जब्त कर इनकम टैक्स कार्यालय में सहायक निदेशक (इंवेस्टिगेशन) एएल मीना के कमरे में अलमारी के लॉकर में रख दिया गया। इससे ऑफिस के ही एक कम्प्यूटर ऑपरेटर की नियत बिगड़ गई।

– देर रात को उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सहायक निदेशक के कमरे का लॉक तोड़ा। फिर अलमारी को तोड़कर उसमें रखा साेना चुरा लिया और वहां से भाग निकले।

कर्मचारी ऑफिस पहुंचे तब सोना गायब देख मचा हड़कंप
रविवार सुबह इनकमटैक्स अधिकारी और कर्मचारी दफ्तर पहुंचे तब वहां इन्वेस्टिगेशन विंग के गेट का ताला टूटा मिला। वहां अंदर रखी आलमारी से 2 करोड़ 23 लाख कीमत का जब्त किया सोना गायब था।

यही नहीं, कई महत्वपूर्ण फाइलें कटी-फटी हाल में बिखरी पड़ी थी। चोरी का पता चलते ही विभाग में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ऑफिस परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सोना रखते वक्त ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों से गहनता से पूछताछ की।

ये हैं चोर
रविन्द्र उर्फ विक्की (24)
इनकम टैक्स ऑफिस में करीब 2 साल से कंप्यूटर ऑपरेटर है। प्लानिंग इसी ने की और रैकी करके दोस्तों को शामिल करके गिरोह बनाया। यह सुकेत का रहने वाला है, जो वर्तमान में दुर्गा बस्ती में रह रहा है। कुछ समय बाद ठेकेदार दूसरा आदमी लगाने वाला था। नौकरी जाने के डर के चलते वारदात की।
विकास उर्फ रवि (22)
: यह बीएससी नर्सिंग का छात्र है। सुकेत का रहने वाला है, जो अभी महावीर नगर विस्तार योजना में रह रहा है। वारदात में इसलिए शामिल हुआ क्योंकि उसे कॉलेज फीस भरने के लिए पैसों की जरूरत थी। वहीं, गर्लफ्रेंड की डिमांड पूरी करने के लिए भी पैसे चाहिए थे।
आशीष उर्फ आशु (23)
: यह फ्लिपकार्ट कम्पनी में डिलीवरी बॉय है। आशीष सुकेत का रहने वाला है, जो अभी वीर सावरकर नगर में रहता है। उसे पैसों की जरूरत थी और नौकरी में मिलने वाले पैसों से उसका काम नहीं चल रहा था। उसके शौक पूरे नहीं हो पा रहे थे इसलिए वो वारदात में शामिल हुआ।

कोटा के इनकम टैक्स ऑफिस से 2.25 करोड़ का सोना चोरी

कोटा। शहर के इनकम टैक्स ऑफिस से 2.25  करोड़ रुपए के सोने की चोरी का मामला सामने आया है। यह सोना दो दिन पहले ही आयकर विभाग की टीम ने एक सराफा व्यापारी के यहां से जब्त किया था। इस सूचना से पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

आयकर विभाग ने 4 दिन पहले कैलाशचंद माणकचंद ज्वैलर्स के यहां से आयकर विभाग ने सर्वे किया था। साथ ही आयकर विभाग की टीम करीब सवा 2 करोड़ रुपए की ज्वैलरी जब्त कर लेकर आई थी। यह सोना आयकर विभाग के सहायक निदेशक एएल मीणा के कमरे में रखा हुआ था।

जानकारी के अनुसार दो शातिर बदमाश आए और शातिराना अंदाज में सीएडी चौराहे पर आयकर विभाग के मुख्य ऑफिस में प्रवेश कर गए। बदमाशों ने सहायक निदेशक मीणा के कमरे की अलमारी में रखा हुआ सोना चुरा लिया। यहां तक कि बदमाशों ने इनकम टैक्स ऑफिस में लगे सीसीटीवीं कैमरे भी क्षतिग्रस्त कर दिए।

चोरी की सूचना पर आयकर विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदिग्धों की तलाश शुरू की है, लेकिन अभी तक चोरों का कोई सुराग मिला है। इस बारे में यहां तैनात चौकीदार से भी पूछताछ की जाएगी। उधर, उदयपुर रेंज के प्रधान आयकर आयुक्त एम रघुवीर ने अधिारियों की भूमि संदिग्ध मानते जांच के निर्देश दिए हैं।

चोरी की इस घटना में आयकर अधिकारियों से भी पूछताछ की जाएगी। मामले की विभागीय जांच के लिए जांच कमेटी गठित की गई है। इस घटना से आयकर विभाग में भी हड़कंप मचा हुआ है।