Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 4832

राजस्थान की सरहद पर अभिनंदन तैनात, जवानों ने किया स्वागत

जयपुर। भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को राजस्थान की सरहद पर तैनाती दी गई है। उन्होंने शनिवार को कार्यभार संभाल लिया है। सरहद पर जवानों ने उनका स्वागत किया।

गौरतलब है कि भारत की ओर से पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकवादी अड्ड़ों पर एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान के जवाबी हमले के दौरान मिग 21 से पाकिस्तानी एफ-16 को गिराने वाले विंग कमाण्डर अभिनंदन का मिग पाकिस्तानी सीमा क्षेत्र में क्रेश हो गया था। इस पर पाकिस्तान की सेना ने उन्हें पकड़ लिया था। बाद में भारत के दबाव के चलते पाक सरकार ने विंग कमाण्डर अभिनंदन को रिहा किया था।

चेन्नर्इ निवासी विंग कमाण्डर अभिनंदन वर्धमान की तैनाती इससे पहले भी राजस्थान में रह चुकी है। वे बीकानेर के नाल एयरफोर्स स्टेशन पर तीन वर्ष तक रहे हैं। करीब दो साल पहले ही उनका यहां से तबादला हुआ था। अभिनंदन यहां एयरफोर्स की आवासीय कॉलोनी में ऊपर के ब्लॉक में परिवार के साथ रहते थे। उस समय उनकी पत्नी व छोटा बेटा उनके साथ रहते थे।

अभिनंदन का जोधपुर से भी नाता रहा है। उनके पिता एस. वर्धमान जोधपुर एयरबेस पर अस्सी के दशक में स्क्वाड्रर्न लीडर के रूप में तैनात थे। वे भी डेजर्ट स्क्वाड्रर्न में मिग विमान के पायलट थे। वर्धमान एयर मार्शल के पद से सेवानिवृत्त हुए और फिलहाल चैन्नई में रहते हैं।

अभिनंदन की शुरुआती परवरिश उनके पिता के साथ जोधपुर में ही हुई थी। वे यहां स्थानीय स्कूल में भी पढ़े। पिता के नक्शे कदम पर चलते हुए अभिनंदन वर्ष 2004 में भारतीय वायुसेना में कमिशन्ड हुए थे। इस दौरान वे जोधपुर भी कई बार आ चुके हैं। उनके कई साथी यहां विभिन्न स्क्वाड्रर्न में तैनात हैं।

7 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान शुरू, दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के 6वें चरण के लिए आज 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। 979 प्रत्याशी मैदान में हैं। 2014 में भाजपा इन 59 सीटों में से 45 पर जीती थी। वहीं, 1 पर सहयोगी पार्टी लोजपा को जीत मिली थी। कांग्रेस ने 2, तृणमूल ने 8, सपा ने 1, इनेलो ने 2 सीटें हासिल की थीं।

इस चरण में दिल्ली की 7, बिहार की 8, हरियाणा की 10, मध्यप्रदेश की 8, उप्र की 14, बंगाल की 8 और झारखंड की 4 सीटों पर मतदान हो रहा है। मध्यप्रदेश में मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ सीट पर वोटिंग है। बंगाल की बैरकपुर सीट के बूथ नंबर 116 और आरमबाग के बूथ नंबर 110 पर पुनर्मतदान हो रहा है। इसके अलावा त्रिपुरा के 168 पोलिंग बूथों और पुड्डुचेरी के 1 बूथ पर भी पुनर्मतदान हा रहा है।

इन 5 सीटों पर है कड़ा मुकाबला
भोपाल (मध्यप्रदेश)- मध्यप्रदेश की भोपाल सीट इस चरण की सबसे चर्चित सीट है। कांग्रेस ने यहां से पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को टिकट दिया है। वे 16 साल बाद कोई चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, भाजपा ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर को उतारा है। साध्वी मालेगांव धमाको में आरोपी हैं। भोपाल भाजपा का गढ़ रहा है, यहां से लगातार 8 बार से पार्टी का उम्मीदवार जीता है। हालांकि, भाजपा ने इस बार मौजूदा सांसद आलोक संजर का टिकट काट दिया है।

पूर्वी चंपारण: केंद्रीय कृषि कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह भाजपा के टिकट पर मैदान में हैं। उनका मुकाबला महागठबंधन (रालोसपा) के प्रत्याशी आकाश प्रसाद सिंह से है। 2009 से पहले पूर्वी चंपारण मोतिहारी सीट थी। आजादी के बाद 1971 तक यह कांग्रेस की परंपरागत सीट रही। लगातार पांच बार यहां से विभूति मिश्र सांसद रह चुके हैं। 1989 में पहली बार राधामोहन सिंह इस सीट से जीते। वे यहां से पांच बार विजयी रहे हैं।

उत्तरपूर्वी दिल्ली: उत्तरपूर्वी दिल्ली से भाजपा ने फिर भोजपुरी गायक और अभिनेता मनोज तिवारी पर विश्वास जताया है। वे यहां से 2014 में भी जीते थे। कांग्रेस ने इस सीट से दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को टिकट दिया है। वे 1998 से 2013 तक दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं। दीक्षित इससे पहले 1984 से 89 तक कन्नौज से सांसद भी रहीं। आप ने दिलीप पांडे को उम्मीदवार बनाया है। वे अपना पहला चुनाव लड़ रहे हैं।

पूर्वी दिल्ली- इस सीट से भाजपा ने मौजूदा सांसद महेश गिरी का टिकट काटकर हाल ही में पार्टी में शामिल हुए क्रिकेटर गौतम गंभीर को उम्मीदवार बनाया है। गंभीर की टक्कर आप प्रत्याशी अतिशी मर्लेना से मानी जा रही है। कांग्रेस ने अरविंदर सिंह लवली को टिकट दिया है। इस सीट से कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित 2 बार सांसद रह चुके हैं।

हिसार : यहां तीन बड़े राजनीतिक घराने मैदान में हैं। इनेलो से अलग होकर जननायक जनता पार्टी बनाने वाले दुष्यंत चौटाला इस सीट से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। 2014 में उन्होंने इनेलो के टिकट पर जीत हासिल की थी। वहीं, भाजपा ने राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह के बेटे बृजेंद्र सिंह को टिकट दिया है। कांग्रेस ने भजनलाल परिवार से कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई को उम्मीदवार बनाया है।

6वां चरण : ये बड़े चेहरे भी मैदान में
ज्योतिरादित्य सिंधिया: इस बार भी अपनी परिवारिक सीट गुना से मैदान में हैं। वे इस सीट से 2002 से सांसद हैं। उनसे पहले इस सीट पर उनके पिता माधवराव सिंधिया भी एक बार सांसद रहे थे। माधवराव से पहले उनकी मां राजमाता विजयाराजे सिंधिया इस सीट से चार बार भाजपा के टिकट पर सांसद रही थीं। भाजपा ने इस बार सिंधिया के खिलाफ केपी यादव को टिकट दिया है।
अखिलेश यादव : सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आजमगढ़ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। 2014 में सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने आजमगढ़ और मैनपुरी सीट पर जीत हासिल की थी। इस बार मुलायम सिंह मैनपुरी सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने भोजपुरी स्टार दिनेश लाल यादव निरहुआ को टिकट दिया है। यहां कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार नहीं उतारा है।

मेनका गांधी : केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी इस बार सुल्तानपुर सीट से चुनाव लड़ रही हैं। वे पिछली बार पीलीभीत से जीतकर संसद पहुंचीं थीं। इस बार उन्होंने वह सीट बेटे वरुण गांधी के लिए छोड़ दी है। वरुण 2014 में सुल्तानपुर से जीते थे। कांग्रेस ने पूर्व सांसद संजय सिंह को टिकट दिया है। मेनका पीलीभीत से 6 बार सांसद रह चुकी हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा सोनीपत सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा ने यहां से मौजूदा सांसद रमेश कौशिक को उतारा है। वहीं, जननायक जनता पार्टी ने दिग्विजय चौटाला को टिकट दिया है। भूपेंद्र तीन बार रोहतक सीट से सांसद रह चुके हैं।

नरेंद्र सिंह तोमर : केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर इस बार मुरैना सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वे इस सीट से 2009 में भी जीते थे। 2014 में वे ग्वालियर से चुनकर संसद पहुंचे थे। तोमर का मुकाबला कांग्रेस के राम निवास रावत से है। भाजपा 1996 से मुरैना सीट पर जीतती रही है। उसने यहां से मौजूदा सांसद अनूप मिश्रा का टिकट काट दिया है।

अफोर्डेबल 5G स्मार्टफोन्स 2020 तक मार्केट में होंगे उपलब्ध

नई दिल्ली। पिछले महीने साउथ कोरिया 5G नेटवर्क वाला पहला देश बना। इसके बाद स्विटजरलैंड में यह सर्विस शुरू की गई। इस दौरान तीन 5G स्मार्टफोन्स भी लॉन्च किए गए। इन सभी की कीमत काफी ज्यादा है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि कब मिड रेंज्ड 5G स्मार्टफोन लॉन्च होगा। इस बारे में हुवावे के एग्जिक्यूटिव यैंग चाओबिन का मानना है कि अगले साल तक अफोर्डेबल 5G स्मार्टफोन लॉन्च हो सकते हैं। अफोर्डेबल 5G स्मार्टफोन अगले साल के अंत तक लॉन्च हो सकते हैं।

2021 तक एंट्री लेवल 5G स्मार्टफोन्स
यैंग चाओबिन ने कहा कि पहले 4G स्मार्टफोन को बाजार तक पहुंचने में तीन साल लगा था। जबकि पहले 5G फोन को मार्केट तक आने में सिर्फ एक साल लगा। उनका मानना है कि अगले साल के अंत तक 5G स्मार्टफोन की बाढ़ आ सकती है। 2021 तक एंट्री लेवल 5G स्मार्टफोन्स भारतीय बाजार में 2021 तक आ सकते हैं। मौजूदा समय में Xiaomi Mi Mix 3 सबसे सस्ता 5G स्मार्टफोन है।

200GB प्रति महीने तक पहुंच सकता डेटा यूज
Ericsson ConsumerLab की रिपोर्ट के मुताबिक ज्यादातर स्मार्टफोन यूजर्स 5G सर्विसेज के लिए 20 फीसदी प्रीमियम अदा करने को तैयार हैं। जबकि कुछ यूजर्स 32 पर्सेंट तक पे करने को तैयार हैं। 5G डिवाइस पर 2025 तक डेटा यूजेज 200GB प्रति महीने तक पहुंच सकता है।

भारत में 5जी ट्रायल में रुकावट
इससे पहले खबर आई थी कि भारत में 5जी ट्रायल में रुकावट आ गई है क्योंकि दूरसंचार विभाग की वायरलेस प्लानिंग और को-ऑर्डिनेशन विंग इसके लिए कंपनियों को 90 दिनों से अधिक समय के लिए स्पेक्ट्रम देने का विरोध कर रही है। टेलीकॉम इंडस्ट्री का मानना है कि 90 दिनों का समय काफी कम है। 5G ट्रायल पूरा करने के लिए कम से कम एक साल का समय दिया जाना चाहिए।

‘सफलता’ और ‘टैलेंट’ किसी परीक्षा से तय नहीं होते : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि सिर्फ किसी परीक्षा से सफलता और टैलेंट तय नहीं होते। परीक्षा के आधार पर बनी मेरिट के लोगों को ही सरकारी नौकरी में अहमियत देने से समाज के हाशिए पर रहने वाले लोगों के उत्थान का हमारे संविधान का लक्ष्य पूरा नहीं हो सकता। जस्टिस यूयू ललित और डीवाई चंद्रचूड़ की पीठ ने कर्नाटक आरक्षण कानून, 2018 की वैधता को सही करार देते हुए यह टिप्पणी की है।

इस कानून के तहत राज्य में सरकारी नौकरियों में एससी-एसटी समुदाय के लोगों को प्रमोशन में आरक्षण दिया जाना है। इसके खिलाफ कोर्ट में कई याचिकाएं दायर की गई थीं। अपने निर्णय में सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा कि प्रशासन में समाज की विविधता को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। एससी-एसटी समुदाय को प्रमोशन में आरक्षण देना अनुचित नहीं है।

इससे प्रशासन की कुशलता पर कतई असर नहीं पड़ता। समाज का वह वर्ग, जो वर्षों से हाशिए पर रहा हो या असमानता का शिकार होता रहा हो, उसे आरक्षण देने से शासन में उनकी आवाज को पहचान मिलेगी। पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 335, 16(4) और 46 का हवाला देते हुए कहा कि सरकारी नौकरियां देकर एससी-एसटी वर्ग के लोगों का उत्थान किया जा सकता है। संपूर्ण सरकार की परिकल्पना इससे ही पूरी हो सकती है।

मेरिट मतलब परीक्षा में मिले अंक ही नहीं
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि मेरिट की परिभाषा किसी परीक्षा में पाए अंकों में सीमित नहीं की जानी चाहिए। इसका आकलन ऐसे कार्यों से होना चाहिए जो हमारे समाज की जरूरत हैं और जिनसे समाज में समानता और लोक प्रशासन में विविधता लाई जा सके।

संसाधन और शिक्षा में असमानता भरे समाज में अगर सरकार का लक्ष्य किसी परीक्षा में ‘सफल’ हुए ‘टैलेंटेड’ व्यक्ति की भर्ती होकर रह जाए, तो संविधान के लक्ष्य हासिल नहीं हो पाएंगे। ऐसे में मेरिट प्रत्याशी वह नहीं जो सफल या टैलेंटेड है, बल्कि वह है जिसकी नियुक्ति से संविधान के लिए लक्ष्यों को हासिल करने में मदद मिले।

संविधान परिवर्तनकारी दस्तावेज
संविधान का परिवर्तनकारी दस्तावेज बताते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि बनाने वालों ने इसे जाति आधारित सामंती समाज में बदलाव लाने वाले उपकरण के तौर पर देखा। वह समाज जिसमें हाशिए पर रहने वाले समुदायों के प्रति सदियों से शोषण और भेदभाव था।

वहीं प्रशासकीय कुशलता पर कोर्ट ने कहा कि आलोचक आरक्षण या सकारात्मक विभेद को सरकारी कार्यकुशलता के लिए नुकसानदेह बताते हैं। वे मेरिट के आधार पर चलने वाली व्यवस्था चाहते हैं।

लेकिन यह मान लेना कि एससी और एसटी वर्ग से रोस्टर के तहत प्रमोट होकर आए कर्मचारी कार्यकुशल नहीं होंगे, एक गहरा बैठा मानसिक पूर्वाग्रह है। जब समाज के विविध तबके सरकार और प्रशासन का हिस्सा बनें, उसे प्रशासकीय कुशलता माना जाना चाहिए।

जल्द ही Realme के इन स्मार्टफोन पर मिलेगा Android 9 Pie का अपडेट

नई दिल्ली । स्मार्टफोन निर्माता कंपनी Realme ने Realme 2 Pro, Realme U1 समेत पिछले साल लॉन्च हुए सभी स्मार्टफोन्स के लिए Android 9 Pie बीटा अपडेट अगले सप्ताह से जारी करने वाला है। इन सभी स्मार्टफोन्स के लिए Android 9 Pie बीटा का अपडेट फेज वाइज किया जाएगा जिसमें 15 से 20 दिन का समय लगेगा।

इसके अलावा Realme ने हाल ही में लॉन्च हुए स्मार्टफोन Realme 3 Pro के लिए Android Q बीटा अपडेट की भी घोषणा की है। हालांकि, Realme 3 Pro के लिए जारी Android Q बीटा अपडेट में गूगल कैमरा ऐप फीचर सपोर्ट नहीं करेगा।

Realme ने Android Pie और ColorOS 6.0 की अपडेट की जानकारी मांगने वाले यूजर्स के सवाल का जबाब देते हुए कहा कि Realme 2 Pro पहला स्मार्टफोन होगा जिसमें Android 9 Pie का बीटा और ColorOS 6.0 अपडेट रोल आउट किया जाएगा। इसके लिए अपडेट 15 मई को रोल आउट किया जाएगा। Realme 2 Pro के बाद Realme 1 और Realme U1 के लिए अपडेट रोल आउट किए जाएंगे।

इन दोनों स्मार्टफोन्स के लिए Android 9 Pie का बीटा और ColorOS 6.0 अपडेट 5 जून से रोल आउट किया जाएगा। इसके बाद 15 जून से Realme 2 और Realme C1 के लिए अपडेट रोल आउट किए जाएंगे। पिछले साल लॉन्च हुए इन स्मार्टफोन के अलावा Realme अपने लेटेस्ट लॉन्च हुए स्मार्टफोन Realme 3 Pro के लिए Android Q beta 3 अपडेट भी जल्द जारी करेगा।

Android 9 Pie के बीटा और ColorOS 6.0 के नए अपडेट में यूजर्स को Realme 2, Realme C1 और Realme C2 को छोड़कर सभी डिवाइस में Hyber Boost 2.0 मिलेगा। Hyber Boost 2.0 में टच बूस्ट और फ्रेम बूस्ट फीचर्स को जोड़ा गया है इसकी मदद से स्मार्टफोन का डिस्प्ले परफॉर्मेंस और भी बेहतर हो जाएगा।

कोटा मंडी: देसावरी मांग से गेहूं और धान में उछाल

कोटा। भामाशाह अनाज मंडी में शनिवार को देसावरी मांग से गेहूं 25 रुपये और धान 100 रुपये क्विंटल तेज बोला गया। नये लहसुन की आवक 8000 कट्टे की हुई। मंडी में सभी जिंसों का मिलाकर करीब 80,000 बोरी का कारोबार हुआ। जिंसों के भाव इस प्रकार रहे –

गेहूं लस्टर 1650 से 1791 गेहूं एवरेज 1725से 1875 लोकवान 1725 से 1875 पी डी 1750 से 1900 गेहूं टुकडी 1825 से 2150 मक्का 2000 से 2000 जौ 1500 से 1750 ज्वार 1500 से3700 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगंधा 2400 से 2971पूसा 1 2500 से 2901 पूसा 4 (1121) 3300 से 3831 धान लाजवाब (1509) 3000 से 3505 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन 3000 से 3805 सरसों 3300 से 3500 अलसी 3600 से 4500 तिल्ली 9000 से 10000 रुपये क्विंटल।

मैथी 4000 से 4801 कलौजी 8500 से 11100 धनिया बादामी 5500 से 6200 ईगल 6000 से 6601 रंग दार नया 7200 से 8500रुपये प्रति क्विंटल। लहसुन नया1400 से 6500 रुपये प्रति क्विंटल बिका ।

मूंग 3500 से 5200 उड़द 2000 से 4401 चना 3600 से 4300 चना कांटिया 4100 चना काबुली 3500से 5000 चना पेप्सी 3800 से 4300 चना मौसमी 3000 से 4250 मसूर 3800 से 4350 रुपये प्रति क्विंटल। ग्वार 2500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

कमजोर ग्राहकी से चांदी 430 रुपए सस्ती, सोना महंगा

नई दिल्ली/ कोटा स्थानीय जेवराती मांग आने से शनिवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 55 रुपए चमककर 32,955 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। इस दौरान औद्योगिक ग्राहकी कमजोर पड़ने से चांदी 430 रुपए लुढ़ककर 38,170 रुपए प्रति किलोग्राम पर आ गई।

लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर शुक्रवार को बढ़त में 1,285.75 डॉलर प्रति औंस पर बंद हुआ। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी तेजी के साथ 1,286.80 डॉलर प्रति औंस पर रहा। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में चांदी हाजिर तेजी के साथ 14.74 डॉलर प्रति औंस के भाव बिकी।

स्थानीय मांग रहने से सोना स्टैंडर्ड 55 रुपए महंगा होकर 32,955 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी के साथ 32,785 रुपए प्रति दस ग्राम के भाव बिका। आठ ग्राम वाली गिन्नी 26,400 रुपए पर टिकी रही।

चांदी हाजिर 430 रुपए की गिरावट में 38,170 रुपए प्रति किलोग्राम पर बिकी। चांदी वायदा 315 रुपए की गिरावट में 37,025 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली क्रमश: 79 हजार और 80 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर स्थिर बिके।

कोटा सर्राफा
चांदी 38200 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32900 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38370 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33070 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38570रुपये प्रति तोला।

इंदौर किराना: ग्राहकी में सुधार से शक्कर के भाव तेज

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में शनिवार को ग्राहकी निकलने से शक्कर 10 रुपये प्रति क्विंटल महंगी बिकी। गेहूं आटा के भाव 30 रुपये (शुक्रवार की तुलना में) प्रति 50 किलोग्राम की तेजी लिए रहे। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में शनिवार को सात गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर -गोला: शक्कर 3400 से 3440 रुपये प्रति क्विंटल।खोपरा गोला 195 से 210 रुपये प्रति किलोग्राम।खोपरा बूरा 2400 से 4400 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी: हल्दी खड़ी सांगली 128 से 130, निजामाबाद 90 से 110, पिसी 140 से 165 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना: साबूदाना 6700 से 8400, पैकिंग में 9000 से 10000 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा: गेहूं आटा 1070 से 1080, तन्दूरी आटा 1340 से 1350, मैदा 1140 से 1150, रवा 1225 से 1230, चना बेसन 3125 तथा बटला बेसन 2650 रुपये प्रति 50 किलोग्राम।

इंदौर बाजार: मूंगफली तेल के भाव में गिरावट

इंदौर।स्थानीय खाद्य तेल बाजार में शनिवार को मूंगफली तेल भाव में 10 रुपये (शुक्रवार की तुलना में) प्रति 10 किलोग्राम की कमी हुईं। तिलहन: सरसों 3650 से 3700 रायडा 3250 से 3300सोयाबीन 3700 से 3750 रुपये प्रति क्विंटल। तेल: मूंगफली तेल इंदौर 1020 से 1040, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 748 से 750, सोयाबीन साल्वेंट 715 से 718, पाम तेल 640 से 642 रुपये प्रति10 किलोग्राम।

पशु आहार: कपास्या खली इंदौर 1800, देवास 1800, उज्जैन 1800, खंडवा 1785, बुरहानपुर 1785, अकोला 2640 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी। कपास्या तेल: कपास्या तेल इंदौर 705 से 710, महाराष्ट्र 695 से 700, तथा गुजरात 710 से 715 रुपये प्रति दस किलोग्राम।

इंदौर मंडी: चना एवं मूंग के भाव में गिरावट, दालें महंगी

इंदौर। स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में शनिवार को चना कांटा 25 रुपये, चना देसी 50 रुपये और मूंग के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल (शुक्रवार की तुलना में) की कमी दर्ज की गई। दालों में चना दाल 50 रुपये, मसूर दाल 50 रुपये एवं मूंग मोगर के भाव में 100 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी हुई। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक संयोगितागंज अनाज मंडी में शनिवार को छह हज़ार बोरी गेहूं की आवक हुई।

दलहन: चना (कांटा) 4450 से 4475, चना (देसी) 4300 से 4350, डबल डॉलर 5000 से 5500, मसूर 4125 से 4150, हल्की 3700 से 3800, बटला (मटर) 4150 से 4200, मूंग 6300 से 6400, हल्की 5500 से 5800, तुअर निमाड़ी (अरहर) 5200 से 5400, महाराष्ट्र तुअर (अरहर) 5900 से 6000, उड़द 5200 से 5400, हल्की 4100 से 4200 रुपये प्रति क्विंटल ।

दाल: तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 7200 से 7400, तुअर दाल फूल 7600 से 7800, तुअर दाल बोल्ड 8000 से 8200, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400चना दाल 5850 से 6050, आयातित चना दाल 5500 से 5200मसूर दाल 5300 से 5400मूंग दाल 7800 से 8000, मूंग मोगर 8300 से 8500 उड़द दाल 7000 से 7200, उड़द मोगर 7200 से 7400 रुपये प्रति क्विंटल।

अनाज: गेहूं हल्का 1750 से 1850, गेहूं 147- 1900 से 2100, गेहूं लोकवन 1800 से 2100, गेहूं चंद्रौसी 3200 से 3300 रुपये प्रति क्विंटल। ज्वार हल्की 1800 से 1900, ज्वार संकर 2000 से 2100, ज्वार देसी 2500 से 3000, मक्का पीली 2100 से 2150, मक्का गजर 2000 से 2050 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल: बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।