Monday, July 13, 2026
Home Blog Page 4803

शपथग्रहण के बाद तुरंत एक्शन मोड में शुरू होंगे काम, नई सरकार का एजेंडा तैयार

नई दिल्ली । पीएम मोदी के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार शपथग्रहण के बाद तुरंत काम पर लग जाएगी। सरकार को आगे किन मुद्दों पर काम करना है। इसके लिए पहले से एक एक्शन प्लान तैयार किया गया है। इस प्लान के जरिए देश की अर्थव्यवस्था को दोबारा से पटरी पर लाने के लिए काम किया जाएगा।

ऐसा इसिलए क्योंकि भारत की आर्थिक विकास दर में वित्त वर्ष 2019 की चौथी तिमाही में गिरकर 6.5 फीसदी पर पहुंच गयी थी, जिसके पूरे साल 7 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया गया था। वहीं कार सेल में गिरावट एक वजह बनी हुई है।

नई सरकार को इन चुनौतियों से जल्द निपटना होगा। इसके लिए सरकार बिना वक्त गवाएं काम पर लग गई है। वित्त मंत्रालय के अधिकारिक सूत्रों के मुताबिक हमारे पास वक्त नही है। हमने अर्थव्यवस्था को रफ्तार देने के लिए कमर कस ली है।

इन सेक्टर में किया जाएगा काम

  1. पब्लिक सेक्टर के बैंकों को आपस में जोड़कर 5 बड़े बैंकों को बनाना, जिससे उन्हें पर्याप्त रुप से पूंजी उपलब्ध हो सके।
  2. पब्लिक इन्वेस्टमेंट सेक्टर जैसे रेड ट्रैक, रोड, पोर्ट और पावर यूको के लिए फंड उपलब्ध कराना।
  3. विनिवेश का प्रोग्राम – उन गैर रणनीतिक पीएसयू को बंद करना, जो घाटे में चल रही हैं। साथ ही स्टॉफ को वीआरएस देना।
  4. आरबीआई के 12 फरवरी के सर्कुलर को अपडेट करना, जिससे इनसॉल्वेंसी रेजोल्यूशन में देरी को कम किया जा सके।
  5. जीएसटी की प्रक्रिया को सरल बनाना। साथ ही जीएसटी के चार स्लैब 5 प्रतिशत, 12 प्रतिशत, 18 प्रतिशत और 28 प्रतिशत को कम करके दो टैक्स स्लैब बनाने पर विचार होगा।
  6. मेक इन इंडिया के तहत मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने के साथ ही इंडस्ट्रियल इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर जोर दिया जाएगा।
  7. सीमेंट पर लगने वाली 28 प्रतिशत जीएसटी दर को कम किया जा सकता है।

बहुमत मिलते ही मोदी का बजट पर काम शुरू, किसानों-नौकरियों पर फोकस

नई दिल्ली। भाजपा के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार को पूर्ण बहुमत मिलने के बाद वित्त मंत्रालय वित्त वर्ष 2018-19 का पूर्ण बजट बनाने में जुट गया है। मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने यह जानकारी दी है। सूत्रों का कहना है कि पूर्ण बजट में नई सरकार का फोकस पूरी तरह से किसानों, नौकरियों और निवेश पर रहेगा।

मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि आम बजट की तैयारियां वर्तमान में सुस्त पड़ी अर्थव्यवस्था में तेजी लाने के उद्देश्य से की जा रही है। मंत्रालय का मानना है कि लोकसभा चुनावों के प्रचार से पहले अर्थव्यवस्था में सुस्ती आ गई थी जो अभी भी जारी है। वित्त वर्ष 2018-19 में अक्टूबर से दिसंबर तिमाही के दौरान जीडीपी ग्रोथ 6.6 फीसदी रही थी। मंत्रालय को वित्त वर्ष 2018-19 की अंतिम तिमाही में जीडीपी ग्रोथ गिरावट के साथ 6.3 फीसदी रहने का अनुमान है।

पूर्ण बजट में दीर्घकालिक योजनाओं पर होगा काम
सूत्रों का कहना है कि 2018-19 के पूर्ण बजट में अल्प अवधि के बजाए दीर्घकालिक योजनाओं पर फोकस किया जा रहा है। सूत्रों ने कहा कि इसके लिए कृषि क्षेत्र, किसानों की बेहतरी, इंडस्ट्री और एमएसएमई को कर में रियायत देने पर फोकस किया जा रहा है।

इसके अलावा घरेलू बचत और नौकरियों में आ रही गिरावट को दूर करने के लिए काम किया जा रहा है। नौकरियों की समस्या को दूर करने के लिए ग्रामीण रोजगार योजनाओं पर फोकस किया जा रहा है।

जीडीपी ग्रोथ में गिरावट के मिल रहे हैं संकेत
बीती दो तिमाही से जीडीपी ग्रोथ नहीं हो पा रही है। इसको लेकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियां भी संकेत दे चुकी हैं। एशियन डवलपमेंट बैंक (एडीबी), भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और इंटरनेशनल मॉनिटरी फंड (आईएमएफ) ने वित्त वर्ष 2019-20 के लिए जीडीपी ग्रोथ की दर 7.3 फीसदी तय की है। केंद्रीय स्टेटिस्टिक्स ऑफिस (सीएसओ) ने भी वित्त वर्ष 2018-19 की जीडीपी ग्रोथ 7.2 फीसदी की बजाए 7 फीसदी रहने की संभावना जताई है।

म्युचुअल फंड कारोबार बंद करेंगे अनिल अंबानी, जानिए क्यों

नई दिल्ली। अनिल अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस कैपिटल ने कहा है कि वह म्युचुअल फंड कारोबार को बंद करेगी। रिलायंस कैपिटल की ओर से गुरुवार को बाजार नियामक को दी जानकारी में कहा है कि वह रिलायंस निप्पोन लाइफ एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड (RNAM) की अपनी सारी हिस्सेदारी अपनी सहयोगी कंपनी जापान की निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस को बेचेगी।
.
रिलायंस निप्पोन लाइफ एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड (RNAM) में रिलायंस कैपिटल और जापान की निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस दोनों की 42.8-42.8 फीसदी की हिस्सेदारी है। इसके अतिरिक्त हिस्सेदारी शेयरहोल्डर्स के पास है। रिलायंस कैपिटल ने बाजार नियामक से कहा है कि इस संबंध में उसका निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस से समझौता हो गया है।

रिलायंस कैपिटल ने कहा है कि सेबी की गाइडलाइन के अनुसार इस समझौते के तहत निप्पोन लाइफ ओपन ऑफर लाएगी। इसके तहत पब्लिक शेयरहोल्डर्स को RNAM के शेयर 230 रुपए प्रति शेयर की दर से बिक्री किए जाएंगे। इसके जरिए सेबी की गाइडलाइन के अनुसार लिस्टेड कंपनी में प्रमोटर की 75 फीसदी भागीदारी तक पहुंच बनाई जाएगी। सेबी के अधिग्रहण संबंधी नियमों के अनुसार लेनदेन की कीमत तय की गई है।

रिलायंस कैपिटल को मिलेंगे 6 हजार करोड़ रुपए
रिलायंस कैपिटल ने कहा है कि 230 रुपए प्रति शेयर की दर से हिस्सेदारी बेचने पर उसे करीब 6000 करोड़ रुपए मिलेंगे। इन 6000 करोड़ रुपयों का इस्तेमाल रिलायंस कैपिटल का कर्ज निपटाने में किया जाएगा। कंपनी को उम्मीद है कि इससे उसका करीब 33 फीसदी कर्ज कम हो जाएगा।

चेयरमैन अनिल अंबानी ने कहा है कि हमारा पुराना और सबसे मूल्यवान साथी निप्पोन लाइफ इंश्योरेंस RNAM में अपनी हिस्सेदारी बढ़ाकर 75 फीसदी करेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस सौदे से मिलने वाली राशि से रिलायंस कैपिटल को इस वित्त वर्ष में अपने कर्ज को 50 फीसदी तक घटाने में मदद मिलेगी। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे बीएसई में RNAM के शेयर 2.89 फीसदी की गिरावट के साथ 227 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे हैं।

5 लाख तक टैक्सेबल आय वाले वरिष्ठ नागरिकों को मिलेगी ब्याज पर TDS छूट

नई दिल्ली। इनकम टैक्स के मोर्चे पर सीनियर सिटीजंस को बड़ी राहत मिली है। अब 5 लाख रुपए तक टैक्सेबल इनकम वाले सीनियर सिटीजंस फॉर्म 15एच (Form 15H) भरकर बैंकों और पोस्ट ऑफिस डिपॉजिट्स पर होने वाली इंटरेस्ट इनकम पर टीडीएस छूट का दावा कर सकते हैं। सीबीडीटी ने इस संबंध में एक नोटिफिकेशन जारी किया है। इससे पहले टीडीएस छूट लेने की लिमिट 2.5 लाख रुपए थी।

फॉर्म 15एच में हुआ संशोधन
सेंट्रल बोर्ड ऑफ डायरेक्ट टैक्सेस (CBDT) ने बजट घोषणा के क्रम में फॉर्म 15एच में संशोधन के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। आम बजट 2019-20 में 5 लाख रुपए तक सालाना टैक्सेबल इनकम वालों को पूरी टैक्स छूट का ऐलान किया गया था, जिसका फायदा लगभग 3 करोड़ मिडिल क्लास टैक्सपेयर्स को मिलेगा।

बैंकों को लेना होगा फॉर्म 15एच
सीबीडीटी ने इस संशोधन के माध्यम से कहा कि बैंक और वित्तीय संस्थानों को ऐसे एसेसीज से फॉर्म 15एच लेना पड़ेगा, जिनकी टैक्स देनदारी इनकम टैक्स एक्ट, 1961 के सेक्शन 87ए के तहत उपलब्ध रिबेट पर विचार करने के बाद ‘जीरो’ है।

बजट में किया गया था ऐलान
60 साल से ज्याद उम्र के सीनियर सिटीजंस को इसके लिए वित्त वर्ष की शुरुआत में बैंकों में फॉर्म 15एच जमा करना होगा, जिससे इंटरेस्ट इनकम पर उन्हें टीडीएस कटौती से राहत मिल सके। बजट में सालाना 5 लाख रुपए तक की आय वाले टैक्सपेयर्स को टैक्स से छूट दी गई थी और सेक्शन 87ए के अंतर्गत रिबेट 2,500 रुपए से बढ़ाकर 12,500 रुपए कर दी गई। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि 5 लाख रुपए तक इनकम वालों को कोई टैक्स नहीं देना पड़े।

क्रूड ऑयल में तेजी से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में उछाल

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के नतीजे आने के एक दिन बाद भारतीय तेल बाजार में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी आई है। क्रूड ऑयल के भाव में भी तेजी के कारण शुक्रवार को पेट्रोल की कीमतों में 14-15 पैसे की बढ़ोतरी हुई जबकि डीजल की कीमतों में 16 से 17 पैसे की बढ़ोतरी देखी गई।

राजधानी दिल्ली में 14 पैसे की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 71.39 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 14 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 77.00 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 14 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 73.46 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 15 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 74.10 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

राजधानी दिल्ली में 16 पैसे की बढ़ोतरी के साथ डीजल 66.45 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में डीजल 17 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 69.63 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 16 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 68.21 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नई में डीजल 17 पैसे की बढ़ोतरी के साथ 70.24 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

क्रूड ऑयल के भाव में भी तेजी
इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल के भाव में भी तेजी आई है। शुक्रवार को डब्ल्यूटीआई क्रूड 1.24 फीसदी की उछाल के साथ 58.63 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। वहीं ब्रेंट क्रूड 1.27 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ 68.62 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर देखा गया।

हरे निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 235 अंक उछला, निफ्टी 11,750 के पार

नई दिल्ली। एक दिन पहले चुनावी परिणामों से आई तेजी के बाद छाई मुनाफावसूली के कारण गिरावट के साथ बंद हुए भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ हरे निशान में खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 348 अंकों की तेजी के साथ 39,160 अंकों पर खुला।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 114 अंकों की तेजी का साथ 11,771 अंकों पर खुला। सुबह 9.27 बजे सेंसेक्स 235 अंकों की तेजी के साथ 39046 अंकों पर और निफ्टी 86 अंकों की तेजी के साथ 11,743 अंकों पर कारोबार कर रहा है।

सेक्टोरियल इंडेक्स का हाल
सेंसेक्स में छोटी और मझोली कंपनियों में लिवाली का माहौल बना हुआ है। यही कारण है कि मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहा है। सेंसेक्स में मेटल और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर के शेयरों को छोड़कर अन्य सभी सेक्टर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी में भी मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी में मेटर सेक्टर के शेयर लाल और अन्य कंपनियों के शेयर हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में हिन्दुस्तान पेट्रोलियम, रिलायंस कैपिटल, स्पाइसजेट, डीबीएल, ब्लूडार्ट में तेजी का माहौल है। निफ्टी में एचडीएफसी बैंक, एचडीएफसी लिमिटेड, कोटक बैंक, बीपीसीएल, इंफोसिस में मंदी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में जेट एयरवेज, ग्रुह फाइनेंस, हैरिटेज फूड, जस्ट डायल, रिलायंस निप्पोन में मंदी का माहौल है। निफ्टी में एशियन पेंट्स, मारुति, जेएसडब्ल्यू स्टील, भारती इंफ्राटेल, गेल में मंदी का माहौल है।

एम्स MBBS: प्रवेश परीक्षा कल से, राजस्थान में कोटा सहित 9 शहरों में परीक्षा केंद्र

कोटा। मेडिकल प्रवेश परीक्षा एम्स एमबीबीएस 25 मई से प्रारंभ होगी। एम्स प्रशासन द्वारा एम्स एमबीबीएस -2019 का आयोजन दिल्ली सहित 15 एम्स की 12 सौ एमबीबीएस सीटों के लिए किया जाएगा। परीक्षा 25 एवं 26 मई को प्रत्येक दिन 2 पारियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पारी का समय प्रात: 9:00 बजे से 12:30 बजे तथा द्वितीय पारी का समय दोपहर 3:00 बजे से 6:30 बजे तक होगा। राजस्थान में कोटा सहित कुल 9 शहरो अजमेर, अलवर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर ,कोटा सीकर ,श्रीगंगानगर एवम् उदयपुर में परीक्षा केंद्र बनाए हैं।

कॅरियर प्वाइंट सीनियर वाइस प्रेसिडेंट देव शर्मा ने बताया कि एम्स प्रशासन द्वारा परीक्षार्थियों को मॉक टेस्ट पेपर उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। इंफॉर्मेशन बुलेटिन में मॉक टेस्ट पेपर से संबंधित स्क्रीनशॉट उपलब्ध है जो कि विद्यार्थियों के लिए सहायक तो हैं लेकिन परिपूर्ण नहीं है।
शर्मा ने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि एम्स इनफॉरमेशन बुलिटिन में उपलब्ध मॉक टेस्ट पेपर से संबंधित जानकारी को ध्यान पूर्वक पढ़ ले।

कलर कॉडिंग को समझें
उन्होंने एक महत्वपूर्ण तथ्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि एम्स प्रश्न पत्र में विद्यार्थी कलर कोडिंग को ध्यानपूर्वक समझ ले। प्रश्न पत्र के पोर्टल पर प्रश्नों की स्थिति को विभिन्न रंगों द्वारा प्रदर्शित किया जाता है। सफेद रंग बताता है कि विद्यार्थी ने प्रश्न को देखा ही नहीं, हरा रंग बताता है कि विद्यार्थी ने प्रश्न का उत्तर दे दिया है, लाल रंग का तात्पर्य है कि प्रश्न देख तो लिया है किंतु अनुत्तरित है।

बैंगनी रंग अत्यंत महत्वपूर्ण है। यदि बैंगनी रंग सही के चिन्ह के साथ है तो यह प्रदर्शित करता है कि विद्यार्थी ने प्रश्न को उत्तरित किया है किंतु पुनः समीक्षा चाहता है। यदि बैंगनी रंग सही के चिन्ह के साथ नहीं है तो विद्यार्थी ने प्रश्न का उत्तर नहीं दिया है किंतु समीक्षा चाहता है।

देव शर्मा ने जोर देते हुए बताया कि ऐसे उत्तरित प्रश्न जो कि समीक्षा के लिए रखे गए हैं उन्हें किसी भी हाल में जांचा नहीं जाएगा। अतः विद्यार्थी समीक्षा के लिए रखे गए प्रश्नों पर परीक्षा समय अवधि में उचित निर्णय ले लें।

परीक्षा समय से डेड घंटे पूर्व रिपोर्ट करना होगा
देव शर्मा ने बताया कि विद्यार्थियों को परीक्षा समय से डेढ़ घंटे पूर्व परीक्षा केंद्र पर रिपोर्ट करना होगा। परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व विद्यार्थियों का परीक्षा केंद्र में प्रवेश निषेध कर दिया जाएगा ।विद्यार्थियों को अपने साथ दो व्हाइट बैकग्राउंड के फोटोग्राफ ले जाने होंगे। इनमें से एक फोटोग्राफ प्रवेश पत्र पर चस्पा किया जाएगा तथा दूसरे का उपयोग अटेंडेंस शीट पर किया जाएगा। प्रश्न पत्र समाप्ति के पश्चात रफ शीट तथा प्रवेश पत्र परिवीक्षक को लौटाने होंगे

इनका रखें ध्यान
-फोटो आईडी कार्ड के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचे विद्यार्थी
-फोटो आईडी की स्कैंड कॉपी,अटेस्टेड फोटो कॉपी अमान्य
-जूते,मोटे सोल वाली चप्पले तथा बड़े बटन वाली शर्ट ना पहने विद्यार्थी
-इलेक्ट्रॉनिक वॉच,मोबाइल फोन इत्यादि बेन

OnePlus 7 Pro बना ऐमजॉन पर सबसे तेजी से बिकने वाला अल्ट्रा प्रीमियम फोन

नई दिल्ली। OnePlus 7 Pro लॉन्च होने के शुरुआती 7 दिनों में ऐमजॉन पर सबसे तेजी से बिकने वाला अल्ट्रा प्रीमियम स्मार्टफोन बन गया है। ई-कॉमर्स वेबसाइट ऐमजॉन ने यह दावा किया है। वनप्लस 7 प्रो की पहली सेल 16 मई को शुरू हुई थी, जो केवल प्राइम सब्सक्राइबर्स के लिए थी। इसके बाद 17 मई से इसकी सेल सभी के लिए शुरू कर दी गई थी।

वनप्लस 7 प्रो के फिलहाल 2 ही वेरियंट (6GB+128GB और 8GB+256GB) भारत में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। गुरुवार को ऐमजॉन ने बताया कि 45,000 रुपये से ज्यादा की कीमत वाले फोन की लिस्ट में वनप्लस 7 प्रो ऐमजॉन पर बेस्ट सेलिंग स्मार्टफोन बन गया है। हालांकि, ऐमजॉन में यह नहीं बताया कि आखिर इस फोन की अब तक कितनी यूनिट्स बिक चुकी हैं।

ऐमजॉन इंडिया के कैटिगरी मैनेजनेंट के डायरेक्टर नूर पटेल ने कहा, ‘हमें यह बताते हुए बेहद खुशी हो रही है कि वनप्लस 7 प्रो ऐमजॉन पर सबसे तेजी से बिकने वाला फोन बन गया है। स्मार्टफोन को मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स से हम बेहद उत्साहित हैं।’

बता दें कि हाल ही कंपनी ने OnePlus 7 Pro लॉन्च किया था। इस फोन में कई ऐसी खासियते हैं जिसकी वजह से इसे बेस्ट प्रीमियम स्मार्टफोन की लिस्ट में शामिल किया जा सकता है। वनप्लस 7 प्रो स्मार्टफोन में 6.7 इंच का QHD+ फ्लूइड ऐमोलेड डिस्प्ले दिया गया है जिसका रेजॉलूशन 3120×1440 पिक्सल है। HDR10/10+ सपॉर्ट के साथ आने वाले इस फोन के स्क्रीन की पिक्सल डेंसिटी 516ppi है।

फोन में क्वॉलकम स्नैपड्रैगन 855 प्रोसेसर का इस्तेमाल किया गया है और यह ऐंड्रॉयड 9 पाई बेस्ड oxygenOS ओएस पर चलता है। UFS 3.0 मेमरी के साथ आने वाला यह दुनिया का पहला फोन है। बात की जाए कैमरे की तो वनप्लस 7 प्रो में ट्रिपल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है।

फोन के रियर में OIS, EIS, 7P लेंस और f/1.6 अपर्चर के साथ 48 मेगापिक्सल का सोनी IMX586 सेंसर दिया गया है। इसके अलावा फोन में 16 मेगापिक्सल का अल्ट्रा वाइड ऐंगल कैमरा और 3X ऑप्टिकल जूम के साथ 8 मेगापिक्सल का टेलिफोटो कैमरा है। सेल्फी के फोन में 16 मेगापिक्सल का पॉप-अप कैमरा है। फोन की शुरुआती कीमत 48,999 रुपये है।

सैमसंग का 64MP कैमरे वाला दुनिया का पहला फोन जल्द ही

नई दिल्ली।सैमसंग ने कुछ महीने पहले Galaxy A70 स्मार्टफोन लॉन्च किया था। यह स्मार्टफोन 32 मेगापिक्सल के फ्रंट कैमरे के साथ आया था। सैमसंग अब Galaxy A70S स्मार्टफोन लाने की तैयारी में है। Galaxy A70S स्मार्टफोन 64 मेगापिक्सल कैमरा सेंसर वाला दुनिया का पहला स्मार्टफोन होगा।

सैमसंग Galaxy A70S को इस साल की दूसरी छमाही में लॉन्च किया जाएगा। हालांकि, फोन के लॉन्च की असल तारीख अभी सामने नहीं आई है। लीक रिपोर्ट्स के मुताबिक, Galaxy A70S स्मार्टफोन सैमसंग के ISOCELL ब्राइट GW1 कैमरा सेंसर के साथ आएगा।

64 मेगापिक्सल वाले कैमरे के खास फीचर
इस कैमरा सेंसर की घोषणा पिछले दिनों की गई थी। नया ISOCELL ब्राइट GW1 एक 64 मेगापिक्सल कैमरा सेंसर है, जो कि स्मार्टफोन को हाइएस्ट रेजॉलूशन ऑफर करता है। यह सेंसर पिक्सल मर्जिंग Tetracell टेक्नॉलजी और रेमोसाइक एल्गोरिदम के साथ आता है, जो कि लो-लाइट में 16 MP इमेज ऑफर करता है।

लो-लाइट एनवायरमेंट में लाइट-सेंसिटिविटी बढ़ाने के लिए 4 पिक्सल मिलकर काम करते हैं। यह 100 डेसिबल तक रियल-टाइम डायनामिक रेंज (HDR) को सपॉर्ट करता है। सैमसंग Galaxy A70S स्मार्टफोन ड्यूल कन्वर्जन गेन (DCG) से लैस है, जो कि मिली हुई लाइट को इलेक्ट्रिक सिग्नल में कन्वर्ट कर देता है।

फोन में लगा कैमरा सेंसर 480fps फुल HD स्लो मोशन फिल्मिंग को सपॉर्ट करता है और इसमें हाई डायनामिक रेंज होगी। साथ ही, इसमें सुपर PD के लिए सपॉर्ट दिया गया है, जो कि हाई परफॉर्मेंस फेज डिटेक्शन ऑटो-फोकस टेक्नॉलजी है।

सैमसंग Galaxy A70S स्मार्टफोन इस साल मार्च में लॉन्च हुए A70 का अपग्रेडेड वर्जन हो सकता है। सैमसंग गैलेक्सी A70 में 6.7 इंच का इंफीनिटी-U सुपर एमोलेड फुल HD+ डिस्प्ले दिया गया है। साथ ही, इसके नॉच में 32 मेगापिक्सल का सेल्फी कैमरा दिया गया है।

‘दबंग गर्ल’ का वर्कआउट सेशन, देखिये वीडियो

मुंबई। दबंग गर्ल सोनाक्षी सिन्हा को आपने कई फिल्मों फाइटिंग के सीन करते देखे होगा। इसके लिए ऐक्ट्रेस काफी मेहनत करती हैं। सोनाक्षी सिन्हा अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग रहती है।

बताते चलें कि सोनाक्षी सिन्हा की तरह करीना कपूर खान, मलाइका अरोड़ा, दीपिका पादुकोण सहित कई ऐक्ट्रेस अपनी फिटनेस पर ध्यान देती हैं। इन दिनों सोनाक्षी सिन्हा फिट और एक्टिव रहने के लिए मेहनत कर रही हैं।

सोनाक्षी सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर ट्रेनिंग सेशन का एक विडियो शेयर किया है। ट्रेनिंग सेशन के दौरान दबंग गर्ल ने काले कलर का टॉप और ग्रे और पिंक कलर की टाइट पैंट पहन रखी है।

सोनाक्षी सिन्हा के वर्कफ्रंट की बात करें तो आखिरी बार मल्टी स्टारर फिल्म ‘कलंक’ में नजर आईं थी। इसके अलावा उनके पास चार फिल्में हैं। जिनमें ‘दबंग 3’, ‘मिशन मंगल’, ‘भुज’ और मृगदीप लांबा की एक कॉमिडी फिल्म है।